मंगलवार, 1 सितंबर 2026

कुत्ता, बिल्ली और चूहों के मूत्र से हो रहा है पीलिया

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। बरसात के मौसम में में कुत्ता, बिल्ली, चूह, भेड़, बकरी आदि जंतुओं के मूत्र से पीलिया हो रहा है। आंखें लाल होने के साथ यकृत को भी नुकसान पहुंच रहा है। मेडिकल की भाषा में इसे लेप्टोस्पायरोसिस कहा जाता है। इससे मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।

    मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बरसात में लेप्टोस्पायरोसिस और स्क्रब टायफस का खतरा अधिक होता है।लेप्टोस्पायरोसिस संक्रमित जंतुओं के संपर्क में आने से हो रहा है। इसके लक्षणों में ठंड के साथ तेज बुखार आना, सिर व मांसपेशियों में दर्द रहना, आंखें लाल होना और पीलिया होना है।

    मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि लेप्टोस्पायरोसिस बरसात में जल भराव के पानी के संपर्क में होने से होता है। ये त्वचा या फोड़े, फुंसी या घाव के जरिए अथवा मुंह में गंदा पानी जाने से पनपता है। बचाव के लिए गंदे वाले पानी के संपर्क से बचना चाहिए और खुले घाव को पानी से बचाने के लिए ढक कर रखना चाहिए।

   उन्होंने बताया कि स्क्रब टायफस बीमारी संक्रमित घास और झाड़ियों में रहने वाले छोटे कीटों के काटने से होती है। इसमें काटने वाले स्थान पर काला निशान या पपड़ी पड़ जाती है। शरीर पर लाल चकत्ते, गिल्टी में सूजन, ठंड के साथ तेज बुखार, सिर व मांसपेशियों में दर्द, आंखें लाल होना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इससे बचने के लिए आसपास सफाई रखें, त्वचा पर कीट निवारक क्रीम लगाएं और झाड़ियां या घनी घास वाली जगह जाने से बचें।

    संचारी रोग के नोडल अधिकारी डॉक्टर सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि बारिश में स्क्रब टायफस और लेप्टोस्पायरोसिस के खतरे को देखते हुए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में इन बीमारियों के इलाज की व्यवस्था कर दी गई है। इसके अलावा एसएन मेडिकल कॉलेज में भी जांच एवं इलाज की सुविधा उपलब्ध है। इन दिनों बीमारियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए बल्कि तत्काल अस्पताल जाकर जांच और इलाज करवाना चाहिए। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

अब राशन की दुकानों पर मिलेंगी दैनिक उपयोग की 35 तरह की वस्तुएं

 आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। सरकारी राशन की दुकानों पर अब उपभोक्ताओं को राशन के साथ दूध, बिस्किट, मसाले और बच्चों के कपड़े सहित 35 तरह की वस्तुएं भी मिलेंगी। राशन विक्रेताओं की आय बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने इसकी मंजूरी दे दी है। हालांकि राशन विक्रेता किसी भी उपभोक्ता पर जबरन सामान खरीदने के लिए दबाव नहीं बना सकेंगे। शिकायत मिलने पर उनके खिलाफ करवाई होगी।

   अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) अजय नारायण सिंह ने आईएस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए बताया कि जिले में 1,200 राशन दुकानें हैं। व्यवस्था मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को लोकल स्तर पर जरूरत का सामान उपलब्ध कराने के साथ ही और राशन विक्रेताओं की आय में वृद्धि करना है।

    अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अब सभी राशन की दुकानों पर पैक्ड दूध, ब्रेड, घी, सूखे मेवे, मसाले, बच्चों के कपड़े, छाता, रेन कोट, टॉर्च, बर्तन धोने वाला साबुन और इलेक्ट्रिक सामान सहित 35 तरह की वस्तुएं मिलेंगी। इसके अलावा राशन विक्रेताओं द्वारा हैंड वॉश, शेविंग किट, डायपर, साबुन, बेबी केयर प्रोडक्ट भी बेचे जा सकेंगे। 

   अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा सख्त निर्देश दिए गए हैं कि राशन विक्रेता केवल उन्हीं उत्पादों की बिक्री करेेंगे जो एफएसएसएआई के मानकों का पालन करती हों और सक्षम विभाग द्वारा विधिवत प्रमाणित हों। उन्होंने बताया कि राशन विक्रेताओं द्वारा बेचे जाने वाले उत्पादों को खरीदने के लिए उपभोक्ताओं पर दबाव नहीं बनाया जा सकेगा। अगर किसी राशन विक्रेता के खिलाफ कोई शिकायत आएगी तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)




न्यायालयों के महत्वपूर्ण आदेश एवं उपयोगी समाचार


 कृपया हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब, लाइक और शेयर कीजिए: प्रमोद कुमार अग्रवाल 

आगरा में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट

  आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट और एडवाइजरी जारी कर दी है। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अमित रावत ने स्वाइन फ्लू को लेकर जारी एडवायजरी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। 

     प्रभारी सीएमओ ने बताया कि दिल्ली और लखनऊ जैसे शहरों में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने के बाद, आगरा में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सभी स्वास्थ्य कर्मियों को प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि आगरा पर्यटन नगरी है ऐसे में यहां रोजाना देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ताजमहल और फतेहपुर सीकरी जैसे पर्यटन स्थलों पर देशी-विदेशी पर्यटकों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इलाज के लिए जरूरी दवा टैमीफ्लू की 5,000 टैबलेट का ऑर्डर दिया गया है ताकि अस्पताल में इसकी कोई कमी न हो।

    नोडल अधिकारी डॉक्टर सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि एहतियातन एसएन मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए विशेष वार्ड और बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टरों को ऑनलाइन ट्रेनिंग दी गई है। जिला अस्पताल और रैपिड रिस्पांस टीम के मेडिकल स्टाफ को एंटी-स्वाइन फ्लू वैक्सीन लगाई जा चुकी है। 

    उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू की जांच को लेकर भी विभाग ने स्पष्ट किया है कि हर सर्दी-जुकाम वाले मरीज की जांच नहीं होगी, बल्कि केवल गंभीर लक्षण वाले मरीजों की ही स्वाइन फ्लू जांच की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार का पैनिक (घबराने) की जरूरत नहीं है। केवल विभाग द्वारा जारी एडवायजरी का पालन करें और स्वाइन फ्लू से बचाव करें।

    उन्होंने सभी से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का उपयोग करें। खांसने या छींकने वाले व्यक्ति से उचित दूरी बनाकर रखें और खुद खांसते समय रूमाल का इस्तेमाल करें। समय-समय पर साबुन और पानी से हाथ साफ करते रहें। डॉक्टर की सलाह लिए बिना एंटीबायोटिक या एंटीवायरल दवा न लें।

    एसएन मेडिकल कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉक्टर सरोज सिंह ने बताया कि तेज बुखार, खांसी और गले में खराश, सांस लेने में अत्यधिक तकलीफ या सीने में दर्द, शरीर और सिर में तेज दर्द व कमजोरी महसूस होना जैसे गंभीर लक्षण दिखते हैं, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या डॉक्टर से संपर्क करें। दस साल से कम उम्र के बच्चे और 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग व गर्भवती महिलाओं, रक्त संबंधी बीमारी, डायबिटीज, तंत्रिका तंत्र की बीमारी, कैंसर, टीबी या एचआईवी-एड्स से पीड़ित लोग, फेफड़े, ह्रदय, किडनी या लीवर की बीमारी से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)



जनपद न्यायालय आगरा में 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। दीवानी न्यायालय परिसर में शनिवार 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत में अधिक से अधिक विचाराधीन मामलों को निपटने के लिए एक बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास गोयल ने की।

    श्री गोयल ने जनपद आगरा के विभिन्न न्यायालयों में लंबित ऐसे मामलों को प्राथमिकता से चिह्नित करने पर जोर दिया जिनका निस्तारण पक्षकारों की आपसी सहमति से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुकदमे के पक्षकारों को लोक अदालत के लाभों के बारे में जागरूक किया जाए।

    जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार ने कहा कि लोक अदालत त्वरित, सुलभ और कम खर्च में न्याय प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने वादकारियों से अपील की है कि वे अपने लंबित मुकदमों को आपसी सहमति और समझौते के आधार पर लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने के लिए संबंधित न्यायालय अथवा विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में आकर संपर्क कर सकते हैं। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

कुत्ता, बिल्ली और चूहों के मूत्र से हो रहा है पीलिया

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। बरसात के मौसम में में कुत्ता, बिल्ली, चूह, भेड़, बकरी आदि जंतुओं के मूत्र से पीलिया हो रहा है। आंखें लाल होने ...