आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। जिला अस्पताल में भी अब घुटने और कूल्हे के प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू हो गई है। पहला घुटना प्रत्यारोपण शाहगंज की एक महिला का किया गया है। अभी तक मरीजों को एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ता था।
जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉक्टर सुनीता राठौर ने बताया कि जिला अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बन गया है। विशेषज्ञ सर्जन की भी नियुक्ति हो गई है। घुटने और कूल्हे के प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू हो गई है। इसमें आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए निशुल्क सेवा है। अन्य मरीजों का सरकारी दर पर ऑपरेशन होगा।
आर्थो सर्जन डॉक्टर विशाल सिंह आनंद ने बताया कि खेरिया मोड़ शाहगंज निवासी एक 58 वर्षीय महिला का घुटना गठिया के कारण खराब हो गया था। तेज दर्द के साथ ही चलने में भी परेशानी होती थी। ऑपरेशन कर घुटना बदल दिया गया है। इसमें एनेस्थीसियन डॉक्टर योगेश शर्मा की भी भूमिका रही। घुटने की परेशानी से जूझने वाले मरीज ओपीडी में दिखा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर प्रत्यारोपण किया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें