आगरा के लोकल केबल ऑपरेटरों पर बकाया कर को निस्तारित करने के लिए ब्याज माफी योजना-2026 की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा की अध्यक्षता में गत दिवस केवल ऑपरेटर के साथ बैठक आयोजित की गई।
सहायक आयुक्त मनोरंजन कर विशाल सिंह ने सीसीटीवी नेटवर्क, डीजी और अन्य लोकल केबल ऑपरेटरों से बातचीत कर उन्हें ब्याज माफी योजना के नियमों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह विशेष योजना केवल 3 महीने की अवधि के लिए प्रभावी है। इसके तहत 31 दिसंबर 2025 तक के बकायों पर स्लैब वार ब्याज और पेनल्टी में छूट प्रदान की जा रही है।
सहायक आयुक्त मनोरंजन कर ने बताया कि नियमों के अनुसार 10 लाख रुपए तक के बकाए पर मूलधन पूरा जमा करने पर 100 प्रतिशत ब्याज और 100 प्रतिशत पेनल्टी माफ होगी। इसी प्रकार 10 लाख रुपए से एक करोड़ रुपए तक के बकाए पर 90 प्रतिशत ब्याज और 100 प्रतिशत पेनल्टी में छूट मिलेगी।
उन्होंने बताया कि एक करोड़ से 5 करोड़ रुपए तक के बकाए पर 75 प्रतिशत ब्याज और 100 प्रतिशत पेनल्टी की छूट तथा 5 करोड़ से अधिक के बकाए पर 50 प्रतिशत ब्याज और 100 प्रतिशत पेनल्टी की माफी का प्रावधान है।
सहायक आयुक्त मनोरंजन कर ने बताया कि सभी लोकल केवल ऑपरेटरों और मल्टी सिस्टम ऑपरेटरों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि आवेदन या योजना को समझने में कोई भी समस्या आने पर केबल ऑपरेटर किसी भी कार्य दिवस में कलेक्ट्रेट स्थित सहायक मनोरंजन कर आयुक्त के कार्यालय से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)