आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 से खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र खिलाड़ियों का भारतीय विश्वविद्यालय संघ के पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। पंजीकरण के बिना किसी भी खिलाड़ी को अंतर महाविद्यालयी और अंतर विश्वविद्यालयी प्रतियोगिता में प्रतिभा करने का अवसर नहीं मिलेगा।
विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग के निदेशक डॉक्टर अखिलेश चंद्र सक्सेना ने सभी निदेशकों, विभागाध्यक्षों और आवासीय परिसर प्रभारियों को सूचना जारी कर खिलाड़ियों का समय से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिताओं में भेजने से पहले संबंधित खिलाड़ी का पंजीकरण भारतीय विश्वविद्यालय संघ के पोर्टल पर पूरा होना जरूरी है। खेल पंजीकरण के लिए 100 रुपए का शुल्क और 18 प्रतिशत जीएसटी मिलाकर कुल 118 रुपए देने होंगे। पंजीकरण शुल्क और जीएसटी का भुगतान संबंधित खिलाड़ी को स्वयं करना होगा।
शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग ने सभी संस्थानों और विभागों से खिलाड़ियों को पंजीकरण की अनिवार्यता की जानकारी देने और प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग से पहले पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें