रविवार, 2 अगस्त 2026

अब कंफर्म टिकट पर ऑनलाइन कर सकेंगे सामान की बुकिंग

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। ट्रेन में कंफर्म टिकट पर यात्रा करने वाले यात्री अब अपने साथ ट्रेन के डिब्बे में ले जाने वाले निर्धारित वजन तक के लगेज (व्यक्तिगत सामान) की बुकिंग भी ऑनलाइन करा सकेंगे। रेलवे बोर्ड द्वारा इस पारदर्शी व्यवस्था को पूरे देश में 31 जुलाई से लागू कर दिया गया है। यह सुविधा केवल कन्फर्म रिजर्वेशन वाले यात्रियों के लिए ही उपलब्ध होगी।

    उत्तर मध्य रेलवे सहित सभी जोनल रेलवे को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। सेंटर फॉर रेलवे इन्फोर्मेशन सिस्टम (क्रिस) की ओर से तैयार किए गए इस विशेष सॉफ्टवेयर के जरिए यात्रियों को स्टेशन पर लगेज बुकिंग की लंबी औपचारिकताओं और कतारों से मुक्ति मिलेगी। 

   रेलवे का मानना है कि इस व्यवस्था से जहां एक ओर लगेज बुकिंग की प्रक्रिया ज्यादा आसान और सुविधाजनक बनेगी, वहीं दूसरी ओर यात्रियों के समय की भी बचत होगी। रेलवे के नियमानुसार एसी फर्स्ट क्लास के यात्री 70 किलोग्राम तक मुफ्त सामान ले जा सकते हैं। निर्धारित शुल्क देकर अधिकतम 150 किलोग्राम तक सामान ले जा सकेंगे।

    इसी तरह एसी टू टियर और थ्री टियर में सामान ले जाने की मुफ्त सीमा 50 किलोग्राम और शुल्क देकर अधिकतम 100 किलोग्राम है। वहीं स्लीपर क्लास के यात्री अधिकतम 80 किलोग्राम और सेकंड क्लास के लिए यात्री अधिकतम 70 किलोग्राम वजन का सामान अपने साथ ले जा सकेंगे। 

    निर्धारित वजन से अधिक सामान ले जाने पर यात्री से सामान्य माल ढुलाई शुल्क का डेढ़ गुना शुल्क वसूल किया जाएगा। इसके लिए न्यूनतम शुल्क 30 रुपये होगा। अतिरिक्त शुल्क की गणना 10 किलोग्राम के स्लैब में की जाएगी साथ ही न्यूनतम 50 किलोमीटर की दूरी को आधार माना जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)


कार्यशाला में विशेषज्ञों ने दिया पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर ठगी, फिशिंग लिंक, फर्जी कस्टमर केयर, सोशल मीडिया हैकिंग, एआई आधारित डीपफेक एवं वाइस क्लोनिंग, ऑनलाइन गेमिंग जैसे तरीकों से साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इनसे बचने के लिए लोगों को जागरूक रहने की आवश्यकता है।

      आगरा के पुलिस लाइन के शहीद प्रशांत मेमोरियल सभागार में साइबर जागरूकता कार्यशाला में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बोलते हुए कहा कि मौजूदा समय में पुलिस को भी नई नई तकनीक में पारंगत होना होगा। जन-जागरूकता को सबसे प्रभावित माध्यम बताते हुए पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह लोगों को जागरूक करें। 

     पुलिस आयुक्त ने कहा कि साइबर अपराध केवल तकनीकी चुनौती नहीं बल्कि सामाजिक चुनौती बन चुकी है। एक कदम आगे रहने के लिए पुलिस बल को तकनीकी रूप से दक्ष, सतर्क और निरंतर अपडेट रहना आवश्यक है। पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह अपने-अपने थाना क्षेत्र के विद्यालयों, महाविद्यालय, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जाकर और थाने पर स्थापित साइबर हेल्प डेस्क पर आने वाले लोगों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिक एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। 

     कार्यशाला में अपराध के बदलते स्वरूप, अपराधियों की कार्य प्रणाली, डिजिटल जांच की चुनौतियों और बचाव के व्यावहारिक उपायों पर पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। साइबर एक्सपर्ट ने साइबर अपराधों की रोकथाम के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला में साइबर एक्सपर्ट रक्षित टंडन, पुलिस उपायुक्त आदित्य सिंह, साइबर सेल और साइबर थाना के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)







पीएम सेतु योजना में बलकेश्वर आईटीआई को बनाएंगे हब

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत आगरा जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को केंद्र और सहायक संस्थान के प्रतिरूप पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए बल्केश्वर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुख्य केंद्र बनेगा। 

    संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण एवं रोजगार संजय सागर में बताया कि देहात क्षेत्र के अन्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को इससे जोड़कर सहायक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। बल्केश्वर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाएगा। यहां आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार होंगे। संस्थानों में नई तकनीक, आधुनिक कार्यशालाएं, महिला छात्रावास और अंकीय माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था होगी।

   संयुक्त निदेशक ने बताया कि मुख्य केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रशिक्षण देने की क्षमता होगी। जिले के मुख्य केंद्र से जुड़े चार सहायक आईटीआई के माध्यम से भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना में युवाओं को शिक्षुता और रोजगार से जोड़ने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार की बेहतर अवसर दिलाना है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

पुलिस आयुक्त तक शिकायतकर्ता आए तो थानेदार को देना होगा जवाब

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त कार्यालय में एक दिन में किसी थाने की तीन से अधिक शिकायत आई तो थाना प्रभारी को उपस्थित हो कर जवाब देना पड़ रहा है। आने वाली शिकायतों का पाक्षिक रिकॉर्ड रख कर थानों की रेंकिंग की जा रही है। 

      पुलिस आयुक्त कार्यालय पर शिकायतकर्ताओं की भीड़ अधिक होने पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त से बात की थी। इसके बाद जिले के सभी थानों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई। इसके तहत किसी भी थाने से तीन से अधिक मामले आने पर पुलिस उपायुक्त कार्यालय से वायरलेस पर निर्देश जारी कर दिए जाते हैं और संबंधित थाना प्रभारी को स्पष्टीकरण भी देना पड़ता है।

      पुलिस उपायुक्त पश्चिमी आदित्य कुमार ने बताया कि जोन के हर थाने की 15 दिन की रिपोर्ट तैयार होती है। शिकायतों की संख्या कम या अधिक होने के आधार पर रैंकिंग देखी जाती है और कार्य के अनुसार कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि शिकायतों की जोन वार समीक्षा से पुलिसिंग पर प्रभावी असर पड़ा है। इससे आने वाली शिकायतों की संख्या में कमी आई है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

बिना अनुमति पेड़ काटने पर अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। ताज ट्रिपेजियम जोन में बिना अनुमति पेड़ काटने के मामले में अब संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा कलेक्ट्रेट में सम्पन्न हुई बैठक के दौरान अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जोन में कहीं भी बिना अनुमति पेड़ नहीं काटा जाएगा। 

   जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर बिना अनुमति पेड़ काटे जाने की कोई सूचना मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    जिला वन अधिकारी राजेश कुमार ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों से कहा कि प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार करते समय वन विभाग से पहले संपर्क कर लें। एनओसी के लिए समय से आवेदन किया जाए। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)


अब कंफर्म टिकट पर ऑनलाइन कर सकेंगे सामान की बुकिंग

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। ट्रेन में कंफर्म टिकट पर यात्रा करने वाले यात्री अब अपने साथ ट्रेन के डिब्बे में ले जाने वाले निर्धारित वजन तक ...