आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल) आगरा कमिश्नरेट की पुलिस द्वारा अब कागज और कंप्यूटर के अलावा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से जन शिकायतों की मॉनिटरिंग और जेनजी-जेन अल्फा की सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का आकलन कर समाधान खोजा जाएगा। इसके अलावा यातायात व्यवस्था में सुधार किए जाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन में भी इसका प्रयोग किया जाएगा।
डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार की पहल पर पुलिस कमिश्नरेट में प्रज्ञा डाटा सेंटर बनाया गया है। जिसका उद्घाटन गत दिवस पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल द्वारा किया गया।
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से फीडबैक और शिकायतों का विश्लेषण डेटा एनालिटिक्स एवं एआई के माध्यम से किया जाएगा। जेनजी-जेन अल्फा सहित युवाओं की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जाने वाली समस्याओं और फीडबैक की पहचान की जाएगी और उसका समाधान भी किया जाएगा। रियल टाइम मॉनिटरिंग से शिकायतों का प्रभावी निस्तारण हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि युवाओं से जुड़े मुद्दों, डिजिटल सुरक्षा और सकारात्मक युवा सहभागिता से संबंधित इनपुट का विश्लेषण भी किया जाएगा। इसके साथ ही डेटा सेंटर से मिले इनपुट का प्रयोग कर यातायात व्यवस्था, कानून व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जाएगा।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि प्रज्ञा डाटा सेंटर आगरा पुलिसिंग में तकनीकी एवं डेटा के प्रभाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्राप्त सूचनाओं एवं डेटा का विश्लेषण कर जन समस्याओं की बेहतर पहचान, प्राथमिकता निर्धारण एवं समयबद्ध समाधान में सहायता मिलेगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें