मंगलवार 6 अक्टूबर को ताज नगरी आगरा में निकलने वाली उत्तर भारत की ऐतिहासिक राम बारात और सिकंदरा क्षेत्र में सजने वाले जनकपुरी महोत्सव के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा तैयारियां कर ली गई हैं।
पुलिस लाइन में अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में राम बारात कमेटी के पदाधिकारी, नगर निगम, टोरंट पावर, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, एलआईयू और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि राम बारात के निर्धारित मार्ग और जनकपुरी स्थल पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाएं। संवेदनशील और भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, क्विक रिस्पांस टीम और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी।
महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के लिए विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। जनकपुरी क्षेत्र में अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित होगा। प्रमुख और भीड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जरूरत के अनुसार प्रमुख स्थलों पर एलईडी स्क्रीन स्थापित होगी।
शोभा यात्रा के दौरान यात्रा व्यवस्था के लिए ट्रैफिक प्लान, रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थलों को अंतिम रूप दिया गया है। इसके अलावा राम बारात मार्ग में पड़ने वाले जर्जर भवनों, छज्जे और बालकनी का सर्वे कराया जा रहा है। ताकि दुर्घटना संभावित स्थानों पर लोगों के एकत्र होने को रोका जा सके। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें