गुरुवार, 31 अक्टूबर 2024

फैक्ट्री के लिए सही भूमि का चयन जरूरी

@ फैक्ट्री, मिल या कोई औद्योगिक संस्थान की स्थापना के लिए सही भूमि का चयन जरूरी है। 

@ फैक्ट्री की स्थापना के लिए नमी (आद्रता) वाली भूमि का चयन करना चाहिए। भूमि एकदम सूखी न हो। 

@ जिस भूमि में मध्य स्तर तक खुदाई करने पर पानी निकल आए, वह भूमि फैक्ट्री की स्थापना के लिए अच्छी रहती है। 

@ फैक्ट्री की स्थापना के लिए वर्गाकार, आयताकार, सिंहमुखी और षटकोणीय भूमि का चयन किया जा सकता है। 

@ जिस भूमि का उत्तर पूर्व दिशा में ईशान कोण का हिस्सा आगे की तरफ बढ़ा हुआ हो तो, ऐसी भूमि पर भी फैक्ट्री की स्थापना की जा सकती है। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 


झोलाछाप के इलाज से लिवर व किडनी हो सकते हैं खराब

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराना मरीजों को गंभीर बीमारियों का शिकार बना रहा है। बिना सोचे समझे झोलाछाप मरीजों को हैवी एंटीबायोटिक और स्टेरॉयड देते हैं, जिससे लिवर और किडनी के खराब होने का खतरा रहता है। 

   यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर अरुण श्रीवास्तव का। झोलाछाप डॉक्टर बुखार, खांसी, जुकाम, पेट दर्द, उल्टी, दस्त जैसी सामान्य बीमारियों में हैवी एंटीबायोटिक, स्टेरॉयड, नारकोटिक्स श्रेणी की दवाएं देने लगते हैं। बच्चों को भी यही दवाएं दी जाती हैं। इन दवाओं के मनमाने उपयोग से मरीजों की किडनी और लिवर पर सीधा असर पड़ता है। इसके अलावा मांसपेशियों में दर्द की संभावना भी बढ़ जाती है। 
   मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि झोलाछाप से इलाज कराने से जान जाने का खतरा भी बना रहता है। ज्यादा डोज में एंटीबायोटिक और स्टेरॉयड के सेवन से शरीर में इन दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है, जिससे भविष्य में इन दवाओं का मरीजों पर असर भी नहीं होगा। उन्होंने मरीजों से कहा है कि कोई भी बीमारी होने पर झोलाछाप डॉक्टर से इलाज नहीं कराएं बल्कि योग्य, प्रशिक्षित और विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श करें और उनके द्वारा बताई गई दवाओं का ही सेवन करें। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

मंगलवार, 29 अक्टूबर 2024

तीन गुणों के अनुसार मनुष्य की मृत्यु के बाद गति

श्रीमद्भगवद्गीता के चौदहवें अध्याय के श्लोक संख्या चौदह और पंद्रह के अनुसार मनुष्य की मृत्यु के बाद उसकी गति उसके तीन गुणों के अनुसार ही निर्धारित होती है, जो इस प्रकार है : 

@ सत्वगुण वाला मनुष्य मृत्यु के बाद पुण्यात्माओं को प्राप्त होने वाले उत्तम यानि निर्मल लोक में जाता है। 

@ रजोगुण वाला मनुष्य मृत्यु के बाद दोबारा मनुष्य योनि में जन्म लेता है। 

@ तमोगुण वाला मनुष्य मृत्यु के बाद पशु, पक्षी, कीट, पतंगे आदि की मूढ़ योनियों में जन्म लेता है। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 

वास्तु के अनुसार करें दीपावली पर पूजन

@ दीपावली को प्रकाश पर्व भी कहा जाता है। इसलिए इस पर्व पर अमावस के अंधकार को दूर करने के लिए मिट्टी के दीपक जलाने की परंपरा है। वास्तु के अनुसार जिस स्थान पर मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं, वहां पंच तत्वों (आकाश, वायु, पृथ्वी, जल एवं अग्नि) का संतुलन हो जाता है।जिससे वहां सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होने से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बना रहता है। 

@ पूर्व या उत्तर दिशा में देवी महालक्ष्मी व गणेश जी के साथ साथ अन्य देवी देवताओं की स्थापना करने, नवग्रहों के निमित्त नौ दीपक या नौ बत्ती वाला एक अखंड दीपक जलाने तथा शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी जी व गणेश जी का खील, बतासे, बेसन के लड्डू, मिठाई, नारियल, पीले चावल, सुपारी, कुमकुम, कमल पुष्प, कपूर, रुपये-पैसे, बहीखाता आदि के साथ पूजन करने से धन-धान्य की प्राप्ति होती है।

@ घर और व्यापार स्थल के वास्तु दोष को दूर करने के लिए दीपावली पर पूजा घर में प्राण प्रतिष्ठित श्री यंत्र की स्थापना भी कर सकते हैं। इस हेतु 125 ग्राम से 400 ग्राम वजन के स्फटिक से बने श्री यंत्र का प्रयोग समस्त मनोकामनाओं की पूर्ति में सहायक होता है। 

@ दीपावली के दिन घर या व्यापार स्थल पर कहीं भी अंधेरा नहीं रखना चाहिए। मंदिर, पूजा स्थल, तुलसी, केला, अशोक, बेलपत्र, आंवला वृक्ष आदि के पास शुद्ध घी के दीपक, जबकि मेनगेट, बाउंड्रीवॉल, छत, बाथरूम के दरवाजे, पीपल वृक्ष आदि के पास सरसों के तेल के दीपक जलाने चाहिए। प्रत्येक दीपक में एक- दो धान की खील अवश्य डालें।--प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा 

सोमवार, 28 अक्टूबर 2024

आगरा के एसएन में जनवरी से बर्न यूनिट में मिलेगा इलाज

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। एसएन मेडिकल कॉलेज की बर्न यूनिट में जलने और एसिड अटैक के मरीजों को इलाज मिलेगा। इसमें प्लास्टिक सर्जरी भी हो सकेगी। मौजूदा समय में सर्जरी विभाग के दस बेड के वार्ड में जले हुए मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। जनवरी से इलाज मिलने लगेगा। 

     प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज में 4.60 करोड़ रुपये की लागत से इमारत बनकर तैयार हो गई है। इसमें 30 बेड का एंटी बैक्टीरियल वार्ड और आईसीयू हैं। सर्जरी के लिए दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर हैं। इसमें प्लास्टिक सर्जन, चर्म रोग विशेषज्ञ, फिजीशियन समेत 15 का चिकित्सकीय स्टाफ होगा। नए साल में जनवरी से इसमें इलाज की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

टीबी के मरीजों को मिलेंगे एक हजार रुपये

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। निक्षय पोषण योजना में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत अधिसूचित सभी टीबी मरीजों को अब एक हजार रुपये मासिक दिए जाएंगे। अभी तक इन्हें पांच सौ रूपये मासिक दिए जा रहे थे। यह वृद्धि एक नवंबर 2024 से प्रभावी होगी। 

   स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार निक्षय पोषण योजना के तहत मिलने वाली यह धनराशि सभी नए लाभार्थियों के साथ साथ प्रभावी तिथि के बाद मिलने वाले रोगियों पर भी लागू होगी। यह प्रोत्साहन 3000 रुपये की दो समान किस्तों में दिया जाएगा। जिसमें 3000 रुपये का पहला लाभ निदान के समय अग्रिम रूप में दिया जाएगा। 

   वहीं 3000 रुपये का दूसरा लाभ उपचार के 84 दिन पूरे होने पर मिलेगा। जिन लाभार्थियों के टीबी उपचार की अवधि छह महीने से अधिक रहती है, उन्हें 1000 रुपये प्रति माह का नया लाभ दिया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

छोटे दुकानदारों के लिए उपयोगी वास्तु सूत्र

@ व्यापार के लिए सिंह मुखी दुकान सर्वश्रेष्ठ मानी जाती है। सिंह मुखी दुकान का प्रवेश वाला भाग चौड़ा, जबकि पीछे वाला भाग संकरा होता है। दुकान में दहलीज भी नहीं होनी चाहिए। 

@ दुकान में काउंटर को इस तरह रखना चाहिए कि बैठते समय दुकान के मालिक/मैनेजर का चेहरा उत्तर या पूर्व दिशा की तरफ रहे। 

@ दुकान के सामने किसी तरह का कोई वेध या बाधा नहीं होनी चाहिए। अगर कोई वेध है तो पहले वास्तु के नियमानुसार निराकरण करा लेना चाहिए। 

@ दुकान में रुपये रखने वाला गल्ला या कैश बॉक्स को उत्तर दिशा में ही रखना चाहिए। इसके अलावा गल्ला या कैश बॉक्स को कभी भी खाली नहीं छोड़ना चाहिए। 

@ दुकान के अंदर जहां तक संभव हो, उत्तर व पूर्व दिशा की तरफ खाली या कम से कम सामान रहना चाहिए, जबकि दक्षिण व पश्चिम दिशा की तरफ ज्यादा से ज्यादा सामान रखना चाहिए। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 

 

ताजमहल से आगरा फोर्ट तक चलेंगी गोल्फ कार्ट

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। ताजमहल से आगरा फोर्ट तक पर्यटकों के लिए गोल्फ कार्ट चलेंगी। भविष्य में इसे बढ़ा कर एत्माउद्दौला तक किया जा सकेगा। एत्माउद्दौला में मकबरा की तरफ जाने वाले रास्ते पर दोनों तरफ लगे लोहे के तारों की जगह लाल पत्थर की जालियां लगाई जाएंगी। 

   आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने गत दिवस एत्माउद्दौला स्मारक का निरीक्षण करने के बाद ये निर्देश जारी किए। उपाध्यक्ष नें बताया कि ताजमहल देखने के लिए रोजाना बीस से पच्चीस हजार पर्यटक आते हैं। इनमें आधे भी आगरा फोर्ट नहीं पहुंचते। वहीं एत्माउद्दौला स्मारक देखने के लिए पर्यटकों की इ संख्या बहुत कम रह जाती है। इस कारण इन स्मारकों से आय कम हो रही है। 

    प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग से संपर्क कर प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा। प्राधिकरण द्वारा आगरा के विभिन्न स्मारकों से होने वाली आय में वृद्धि के लिए अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। जल्द ही पथकर निधि से स्मारकों पर नए कार्य कराने के साथ ही पर्यटकों के लिए सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

रविवार, 27 अक्टूबर 2024

आगरा में कूड़ा जलाने पर लगेगा 25 हजार रुपये तक जुर्माना

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। घर से निकले कचरे को जलाने पर अब नगर निगम द्वारा दोषी व्यक्ति से 5 से 25 हजार रुपये तक का जुर्माना वसूल किया जाएगा। नगर आयुक्त द्वारा इस संबंध में सेनेटरी इंस्पेक्टरों और जोनल सेनेटरी ऑफिसर को निर्देश दिए गए हैं। 

     नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि शहर के बहुत से इलाकों में लोगों द्वारा कचरे में आग लगाने की सूचनाएं मिल रही हैं। जिससे शहर की हवा प्रदूषित हो रही है। जबकि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने खुले में कचरा जलाने को प्रतिबंधित किया हुआ है। इसके बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं। 

   नगर आयुक्त ने बताया कि अब कचरे में आग लगा कर वायु को प्रदूषित करने वाले लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम की सीमा में आने वाले सभी लोगों को चाहिए कि वे डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए आने वाले वाहनों को ही कचरा दें। इधर उधर खुली जगह में कूड़ा फेंकना और उसमें आग लगाना बंद कर दें। अन्यथा ऐसे लोगों से जुर्माना वसूल किया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

शुक्रवार, 25 अक्टूबर 2024

दिवाली पर 24 घंटे मिलेगी रोडवेज बस सेवा

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। दिवाली पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने की संभावना को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा रोडवेज की बसों के फेरे बढ़ा कर 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। स्पेशल बसों का संचालन 26 अक्टूबर से विभिन्न रूटों पर किया जाएगा।

   निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि दिवाली के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दिल्ली, कानपुर, मेरठ, बरेली, जयपुर, ग्वालियर, हरियाणा और लखनऊ रूट पर विशेष तौर पर बसों का संचालन होगा। दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण दिल्ली मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।

    क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि वर्तमान में परिक्षेत्र के बेड़े में 705 बसें हैं। रोडवेज के वर्कशॉप में खड़ी बसों को भी दुरस्त कराया गया है, जिससे कि यात्रियों की संख्या अधिक होने पर इन बसों को चलाया जा सके।  इसके अलावा मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, भरतपुर आदि मार्गों के लिए करीब 150 बसों को अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित किया जाएगा।
 
    श्री अग्रवाल ने बताया कि सभी रोडवेज बस चालक और परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बसों की छत पर यात्रियों को नहीं बैठाएं और बसों को निर्धारित गति सीमा से ज्यादा नहीं दौड़ाएं। इसके अलावा बसों को रोडवेज के बस अड्डों पर रोकने और यात्रियों को बस अड्डों पर ही उतारने व चढ़ाने के लिए भी निर्देशित किया गया है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

पुराने ऑटो की बिक्री पर लगी रोक

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। संभागीय परिवहन प्राधिकरण द्वारा पुराने ऑटो को सड़कों से हटाने के लिए अहम निर्णय लिया गया है। इसके तहत पुराने सीएनजी ऑटो की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध आगरा के साथ ही मथुरा-वृंदावन की नगर सीमा में भी लागू हो गया है। 

    संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) एके सिंह ने बताया कि अभी तक ऑटो संचालक पुराने ऑटो किसी और को बेच देते थे। इसके साथ परमिट का भी ट्रांसफर कर दिया जाता था। इस वजह से नए आवेदकों को मौका नहीं मिलता था। अब नए नियमों के तहत ऑटो की बिक्री नहीं हो सकेगी। अगर कोई ऑटो की बिक्री करता भी है तो परमिट का ट्रांसफर नहीं होगा। 

   श्री सिंह ने बताया कि आरटीओ की नियमावली की धारा 82 में ऑटो के परमिट का नियम है। परमिट धारक की मृत्यु होने की स्थिति में उसके उत्तराधिकारी को तीन महीने तक परमिट के आधार पर ऑटो चलाने का अधिकार मिल जाता है। किसी भी एक व्यक्ति को केवल एक वाहन का परमिट मिलता है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

गुरुवार, 24 अक्टूबर 2024

होटल-ढाबे के लिए उत्तर मुखी प्लॉट

@ वास्तु नियम के अनुसार होटल, ढाबा और रेस्तरां संचालित करने के लिए उत्तर मुखी प्लॉट का चयन करना चाहिए। साथ ही ऐसे प्लॉट पर निर्माण कार्य वास्तु नियमों के अनुरूप ही कराना चाहिए। 

@ उत्तर मुखी प्लॉट में अगर प्लॉट की तीन दिशाओं (पूर्व, दक्षिण व पश्चिम) में मार्ग हो तो वहां होटल, ढाबा और रेस्तरां चलाने से आर्थिक लाभ के साथ-साथ प्रसिद्धि भी प्राप्त होती है। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 

आगरा के एसएन के मेडिसिन विभाग में 26 बेड का नया आईसीयू

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में 26 बेड का नया आईसीयू बना है। अब विभाग में 40 बेड के दो आईसीयू हो गए हैं। 

    प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मेडिसिन विभाग में अभी तक 14 बेड का आईसीयू संचालित हो रहा था। अब कॉलेज की घड़ी वाली इमारत में 26 बेड का नया आईसीयू बनाया गया है। इसमें हर बेड पर वेंटीलेटर लगा है। 

    प्राचार्य ने बताया कि अब एसएन मेडिकल कॉलेज में आईसीयू में 111 बेड हो गए हैं। इनमें मेडिसिन विभाग में 40, बाल रोग विभाग में 36, सर्जरी विभाग में 25 और इमरजेंसी विभाग में दस बेड का आईसीयू हैं। वक्ष एवं क्षय रोग विभाग के लिए पांच बेड का नया आईसीयू और बनाया जा रहा है। 

    आईसीयू यूनिट के इंचार्ज डॉक्टर आशीष गौतम ने बताया कि आईसीयू सेंट्रल मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने की तैयारी चल रही है। इस सिस्टम के लगने से एक ही स्क्रीन पर सभी आईसीयू बेड के मरीजों के डाटा की निगरानी हो सकेगी। अगर किसी मरीज की स्थिति बिगड़ती है तो तत्काल उसे देख सकेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024

मित्र और शत्रु

 श्रीमद्भगवद्गीता में श्री कृष्ण अर्जुन से कहते हैं कि मनुष्य को स्वयं ही अपना उद्धार करना चाहिए, अपना पतन नहीं करना चाहिए, क्योंकि मनुष्य स्वयं ही अपना मित्र है और स्वयं ही अपना शत्रु है। 

   कौन अपना मित्र है और कौन अपना शत्रु, इसके लिए श्री कृष्ण कहते हैं कि जिस मनुष्य ने अपने आप पर विजय प्राप्त कर ली है, वह स्वयं ही अपना मित्र है, जबकि जिस मनुष्य ने अपने आप पर विजय प्राप्त नहीं की है, वह स्वयं ही अपना शत्रु है। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 

पढ़ाने से पहले परिषदीय स्कूलों के शिक्षक पढेंगे कंप्यूटर के पाठ

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों के कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा देने से पहले शिक्षकों को कंप्यूटर शिक्षा में प्रशिक्षित किया जा रहा है। पहले चरण में दो सौ शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 

    जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की प्राचार्य पुष्पा कुमारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग की कक्षा छह से आठवीं तक की पुस्तकों में पहली बार कोडिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को शामिल किया गया है। इस विषय के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शुरू किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में परिषदीय स्कूलों के साथ साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के शिक्षकों को शामिल किया गया है। 

    डायट के प्रशिक्षण प्रभारी एवं प्रवक्ता डॉक्टर मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि प्रशिक्षण में कंप्यूटर का परिचय, एमएस वर्ड, एक्सेल, पेंट इंटरनेट, नेटवर्किंग, ईमेल, लॉजिकल थिंकिंग, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग में पायथन एप्लीकेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा साइंस, साइबर सुरक्षा एवं नैतिकता का पाठ पढ़ाया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

सोमवार, 21 अक्टूबर 2024

सुखी जीवन के लिए वास्तु सूत्र

 ## किसी भी भवन की उत्तर पूर्व विदिशा (ईशान कोण) उस भवन का मुख माना जाता है। इसलिए इस विदिशा को हमेशा पवित्र और खुला रखना चाहिए। 

## घर के अंदर लगी हुईं घड़ियों का खराब रहना या गलत समय बताना गृहस्वामी के लिए कई समस्याओं की वजह बन सकता है। इसलिए खराब घड़ियों को तुरंत हटा देना चाहिए। 

## पति और पत्नी के बीच मधुर संबंध बनाए रखने के लिए बेडरूम की दक्षिण पश्चिम विदिशा (नैऋत्य कोण) में प्रेम व्यवहार करते हुए पक्षियों की जोड़ी या चित्र रखना चाहिए। - प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 

शनिवार, 19 अक्टूबर 2024

सेहत के लिए जरूरी है पौष्टिक आहार

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर)  द्वारा दी गई सलाह के अनुसार स्वस्थ रहने के लिए एक व्यक्ति को दिन भर में 1200 ग्राम भोजन आवश्यक है, जिससे उसे 2000 कैलोरी प्राप्त होती है। 

    सेहतमंद रहने के लिए थाली में 100 ग्राम फल, 400 ग्राम हरी सब्जी, 300 मिली दूध या दही, 85 ग्राम दाल या अंडा, 35 ग्राम मेवा बीज और 250 ग्राम अनाज होना चाहिए।

   आईसीएमआर के अनुसार भोजन में दिन भर में 27 ग्राम से अधिक चिकनाई नहीं होनी चाहिए। छह से आठ महीने के शिशु के लिए दिन भर में 650 कैलोरी की जरूरत होती है।

    शिशु को दिन में चार बार स्तनपान कराने पर शिशु को सिर्फ 500 कैलोरी प्राप्त होती है। इस कमी को पूरा करने के लिए शिशु को दाल, चावल, खिचड़ी, केला या उबला सेब डॉक्टर की सलाह के बाद दिया जा सकता है। 

    12 महीने के बच्चे को स्वस्थ रहने के लिए दिन भर में 720 कैलोरी की आवश्यकता होती है। ऐसे बच्चों को भी स्तनपान के अलावा दाल, चावल, खिचड़ी, फल आदि का सेवन डॉक्टर की सलाह के अनुसार अवश्य कराना चाहिए। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 

तीन गुणों के साथ जीते हैं मनुष्य

श्रीद्भगवदगीता के चौदहवें अध्याय में श्री कृष्ण जी ने कहा है कि मनुष्य में प्रकृति से तीन गुण उत्पन्न होते हैं। इन्हें सत्व गुण, रजो गुण और तमो गुण कहा गया है। इनमें सत्व गुण का स्वरूप सबसे निर्मल है। 

    वहीं रजो गुण मनुष्य में तृष्णा और आसक्ति उत्पन्न करता है, जबकि अज्ञानता से उत्पन्न होने वाला तमो गुण मनुष्य को प्रमादयुक्त, मोह रखने वाला, आलसी और अति निद्रा वाला बना देता है। 

    सत्व गुण से ज्ञान उत्पन्न होता है, रजो गुण से लोभ उत्पन्न होता है तथा तमो गुण से प्रमाद, मोह एवं अज्ञान उत्पन्न होता है। 

   मनुष्य के जीवन में इन तीनों में से जिस गुण की प्रकृति सर्वाधिक होती है, उसका स्वभाव, कर्म और अंत: करण उसी गुण के अनुसार होने लगते हैं। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 

गुरुवार, 17 अक्टूबर 2024

ईशान कोण में किचन है तो करें उपाय

 वास्तु नियम के अनुसार भवन की उत्तर पूर्व विदिशा को ईशान कोण कहा गया है। इस जगह किचन होना वास्तु दोष है। जिससे घर में अनावश्यक कलह और धन की हानि देखने को मिलती है। 

   इस दोष के निवारण के लिए किचन में गैस और चूल्हे को किचन की दक्षिण पूर्व विदिशा यानि आग्नेय कोण में रख देना चाहिए। साथ ही किचन का काम पूरा होने के बाद तांबे के एक बर्तन में पानी भरकर आग्नेय कोण में रख देना चाहिए। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु सलाहकार एवं लेखक, आगरा। 

शुरू होंगे मिशन शक्ति अभियान के कार्यक्रम

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। उत्तर प्रदेश के राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉक्टर बबीता चौहान ने मिशन शक्ति के विशेष अभियान के कार्यक्रम शुरू करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए हैं। इसके लिए अध्यक्ष द्वारा जिलाधिकारियों को पत्र प्रेषित किया गया है। 

   अध्यक्ष ने कहा है कि पुलिस सहित अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों को जोड़ते हुए विशेष अभियान चलाया जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड में एक दिन जागरूकता के लिए प्रभात फेरी निकालते हुए कार्यक्रम होने चाहिए। बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पुलिस व प्रशासन की हेल्प लाइन सेवा की जानकारी दी जाए। 

   अध्यक्ष ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, बीटीसी पुलिस अधिकारी, बीसी सखी, लेखपाल, ग्राम पंचायत अधिकारी, एएनएम, रोजगार सेवकों को शामिल किया जाए। पात्र महिलाओं और बालिकाओं को उनके लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसके अलावा महिला शक्ति को लाभान्वित करने तथा महिलाओं के लिए बने कानूनी प्रावधानों व मदद की जानकारी देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए हैं। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

बुधवार, 16 अक्टूबर 2024

आगरा के 20 चौराहे बनेंगे मॉडल, स्पीड रडार गन से होगी जांच

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड ने पुलिस अधिकारियों और यातायात निरीक्षकों को शहर के 20 चौराहों को मॉडल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर ने 16 अक्टूबर तक सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए भी निर्देश दिए हैं। 

    पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जिन चौराहों को मॉडल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है, वे हैं हरीपर्वत, दिल्ली गेट, तारघर चौराहा, पुरानी मंडी, ताज व्यू, बोदला, बिजली घर, साईं का तकिया, प्रताप पुरा, ईदगाह, भगवान टॉकीज, लोहामंडी, मदिया कटरा, रामबाग, जीवनी मंडी, वाटर वर्क्स, बसई तिराहा, फूल सैय्यद चौराहा और आगरा क्लब चौराहा। इन मॉडल चौराहों पर वाहनों की जांच स्पीड रडार गन से की जाएगी। ओवर स्पीड में वाहनों का चालान किया जाएगा। 

     पुलिस कमिश्नर ने अधीनस्थ अधिकारियों से कहा कि ट्रैफिक बूथ का निर्माण कराएं और उन पर कमिश्नरेट का कलर कराएं। यातायात पुलिस वाहन चालकों का चालान न करके सुचारू संचालन पर ध्यान दे। त्योहारी सीजन और पर्यटन सीजन के लिए व्यापारियों के साथ बैठकों का आयोजन करें। साथ ही आगरा आने वाले सभी पर्यटकों की सुविधाओं का खास ध्यान रखें। एसीपी यातायात अरीब अहमद ने बताया कि सिकंदरा से एत्मादपुर तक वाहनों की स्पीड रडार गन से चेकिंग की जा रही है। अधिक रफ्तार पर चालान किया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

व्यवसाय के लिए हो सही भूखंड

 @ व्यवसाय के लिए ऐसे भूखंड को नहीं लेना चाहिए, जिसकी जमीन ऊबड़ खाबड़ या वक्री या तीन कोण वाली हो। अगर भूखंड में तीन कोण से अधिक हों तो ऐसे भूखंड पर व्यवसाय किया जा सकता है। 

@ व्यवसाय के लिए पूर्व मुखी या उत्तर मुखी भूखंड को अच्छा माना गया है। वहीं व्यवसाय स्थल पर स्वामी को उत्तर दिशा की तरफ मुख करके बैठना चाहिए। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 

सोमवार, 14 अक्टूबर 2024

मत्स्य जीवी समिति के लिए करें आवेदन

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। यमुना किनारे मछुआ समुदाय से जुड़े लोगों के लिए मत्स्य जीवी सहकारी समिति का गठन किया जाना है। समिति में 27 सदस्य होंगे। 

     मत्स्य निदेशक प्रशांत गंगवार ने बताया कि समिति में सदस्य बनने के इच्छुक व्यक्ति वेबसाइट https: //fisheries.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मत्स्य विभाग के कार्यालय में मैनुअल आवेदन भी किया जा सकता है। समिति में केवल मछली पालन, मछली पकड़ने व मछली की बिक्री से जुड़े लोग ही शामिल किए जाएंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

त्योहार के लिए आगरा पुलिस ने बनाया सुरक्षा प्लान

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। त्योहारी सीजन को देखते हुए आगरा कमिश्नरेट पुलिस द्वारा 25 दिवसीय सुरक्षा प्लान बनाया गया है। इसके तहत प्रमुख बाजारों व व्यापारियों के आने-जाने वाले रास्तों पर 117 पाइंट पर पुलिस तैनात रहेगी। 

     डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस सूरज राय ने बताया कि आगरा शहर में कोतवाली क्षेत्र के बाजारों में सबसे ज्यादा कपड़े, बर्तन, सोना-चांदी का कारोबार करने वाले व्यापारी हैं। इसके अलावा कमला नगर, न्यू आगरा, सिकंदरा, राजामंडी और शाहगंज क्षेत्र में भी व्यापार होता है। 
    त्योहार के मद्देनजर बाजारों और व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखते हुए व्यापारियों के प्रतिष्ठान पर आने और घर जाने के दौरान पर्याप्त पुलिस फोर्स की ड्यूटी रहेगी। जिससे कि व्यापारी सुरक्षित ढंग से व्यापार कर सकें। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

रविवार, 13 अक्टूबर 2024

ब्रह्म स्थान के लिए वास्तु टिप्स

 @ किसी भी मकान के मध्य भाग की जगह को ब्रह्म स्थान कहा जाता है। इसलिए इस स्थान को खाली और स्वच्छ रखा जाना आवश्यक माना गया है। 

@ जगह की कमी के कारण यदि मकान के बीचों बीच ब्रह्म स्थान रखना संभव नहीं हो तो मकान की उत्तर दिशा या पूर्व दिशा अथवा उत्तर-पूर्व दिशा (ईशान कोण) को खाली रखना चाहिए। 

@ अगर ब्रह्म स्थान बीच में ऊंचा और चारों ओर नीचा हो तो यह शुभ फलदायी होता है। ब्रह्म स्थान में तुलसी का पौधा लगाया जा सकता है। 

@ ब्रह्म स्थान में कोई भी गड्ढा, कुआं, सेफ्टी टैंक या कूड़ादान नहीं होना चाहिए। इससे घर-परिवार में बीमारी, आर्थिक नुकसान, कर्जा होने की संभावना बनी रहती है। --प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 

सावधान : टैटू बनवाने से भी हो सकता है जानलेवा एड्स

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। असुरक्षित संबंध बनाने और संक्रमित सुई से इंजेक्शन लगवाने से ही नहीं बल्कि राह चलते असुरक्षित टैटू बनवाने से भी जानलेवा एड्स हो सकता है। यह बीमारी न सिर्फ युवकों को बल्कि किशोरों को भी हो रही है। 

   यह कहना है मथुरा के जिला अस्पताल की यौन रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शिवानी शर्मा का। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में प्रति माह 25 से 30 नए मरीज एड्स के आ रहे हैं। वर्तमान में मथुरा जिले में दो हजार से ज्यादा एड्स के मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें दो ऐसे भी मरीज हैं जिनकी उम्र पंद्रह और अठारह वर्ष है। एड्स जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए कदम-कदम पर सावधान रहने की जरूरत है।

    डॉक्टर शिवानी शर्मा ने बताया कि आमतौर पर एड्स की बीमारी एक से ज्यादा महिलाओं के साथ असुरक्षित यौन संबंध बनाने, संक्रमित इंजेक्शन और ब्लेड का प्रयोग करने तथा संक्रमित रक्त चढ़ने से हो सकती है, लेकिन इन दिनों युवा पीढ़ी शरीर के किसी भी भाग में असुरक्षित और बिना जांच पड़ताल के टैटू बनवा रहे हैं। इसके कारण भी युवा एड्स की चपेट में आ रहे हैं। 

    डॉक्टर शर्मा ने बताया कि एड्स से बचने के लिए युवाओं को जांच पड़ताल के बाद ही शरीर के किसी भी भाग में टैटू बनवाना चाहिए। राह चलते टैटू बनवाने से बचने की जरूरत है। अगर जांच में एड्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो बिना घबराए और शर्माए जल्द से जल्द एचआईवी का इलाज शुरू कर देना चाहिए। सही तरीके से और समय पर दवाओं के सेवन से एड्स के वायरस को आगे फैलने से रोका जा सकता है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

शनिवार, 12 अक्टूबर 2024

बेडरूम में नहीं करें नशा

 बेडरूम में बैठकर किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों जैसे शराब, चरस, गांजा, भांग आदि का सेवन नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से घर के सदस्यों का स्वास्थ्य, धन, व्यापार आदि की हानि होने की संभावना बनी रहती है। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 


बेडरूम में नहीं रखें झूठे बर्तन

 बेडरूम में पलंग के नीचे कभी भी झूठे बर्तन नहीं रखने चाहिए। इससे घर की महिलाओं के बीमार होने और धन की कमी होने की संभावना रहती है। 

  भोजन करने के बाद हमेशा झूठे बर्तन किचन में ही रखने चाहिए। - प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 


प्रदेश स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता 15 अक्टूबर से

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। 68वीं माध्यमिक विद्यालय प्रदेश स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता 15 से 19 अक्टूबर तक आगरा में आयोजित होगी। अंडर 14, 17 व 19 वर्ष बालक वर्ग में यूपी प्रतियोगिता विभिन्न मैदानों पर होगी। 

    जिला विद्यालय निरीक्षक मानवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में सहभागिता निभाने वाले खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों के लिए आवास की व्यवस्था राजकीय इंटर कॉलेज, खालसा इंटर कॉलेज, आरबीएस इंटर कॉलेज, सेंट जोंस इंटर कॉलेज, गोपीचंद शिवहरे इंटर कॉलेज, बैप्टिस्ट हायर सेकेंडरी स्कूल, एमडी जैन इंटर कॉलेज और क्वीन विक्टोरिया इंटर कॉलेज में की गई है।
    जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रदेश स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडल और तीन स्पोर्ट्स कॉलेज के करीब 1000 खिलाड़ी और खेल अधिकारी शामिल होंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

शुक्रवार, 11 अक्टूबर 2024

सीने में भारीपन और पसीना आना, दिल के दौरे का संकेत

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। हृदय रोग विशेषज्ञों का कहना है कि चलते-चलते या फिर रोजमर्रा के काम करने के दौरान सीने में दर्द, भारीपन और पसीना आने के लक्षण दिल के दौरे यानि हार्ट अटैक के संकेत हो सकते हैं। ऐसे में तुरंत ही डॉक्टर से संपर्क करके इलाज शुरू कर देना चाहिए। इलाज में लापरवाही और देरी जानलेवा हो सकती है। 

    एसएन मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर बसंत गुप्ता ने बताया कि हार्ट अटैक से पहले हमारा हृदय बीमारी की दस्तक देता है। इसे भांपते हुए समय से इलाज व जांच करा कर खतरे से बचा जा सकता है। बैठे बैठे बेचैनी होना, अत्यधिक पसीना आना, पेट में जलन होना, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर होना, हृदय रोगों का खतरा पांच गुना तक बढ़ा देते हैं। 

   डॉक्टर गुप्ता ने बताया कि आजकल बुजुर्गों के साथ ही युवाओं में भी हृदय रोग हो रहा है। इसकी वजह देर रात तक जागना, नींद पूरी नहीं लेना, धूम्रपान, शराब का सेवन और बाजार के भोजन का ज्यादा सेवन करना है। हृदय रोग से बचने के लिए रोजाना तीन से पांच किलोमीटर पैदल चलने की आदत डालनी चाहिए। 

    डॉक्टर गुप्ता का कहना है कि दैनिक कार्यों के लिए साइकिल का इस्तेमाल करने, शरीर के वजन को नियंत्रित रखने, शराब व धूम्रपान से परहेज करने, नियमित योग व प्राणायाम करने, भोजन में फल व सलाद का अधिक सेवन करने, चिकनाई युक्त और फास्ट फूड जैसे भोजन से बचने और रोजाना कम से कम छह से आठ घंटे की लेने व तनाव से बचने जैसे उपाय करके हृदय रोग से बचा जा सकता है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

काम के दौरान पांच मिनट का ब्रेक मस्तिष्क को रखेगा फिट

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। कार्य स्थल पर कर्मचारियों से दुर्व्यवहार और काम के अत्यधिक दबाव के चलते मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य की आवश्यकता को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर इस बार 'कार्यस्थल पर मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का समय' थीम रखी गई है। 

   एसएन मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर विशाल सिन्हा ने बताया कि लगातार कार्य करने, वेतन संबंधी विसंगतियां, क्षमता से अधिक कार्य और कार्यस्थल पर दुर्व्यवहार जैसे कारणों की वजह से कर्मचारियों का मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। जिससे उनमें तनाव, चिड़चिड़ापन और कार्य क्षमता में कमी आने के लक्षण देखने को मिलते हैं। 

    डॉक्टर सिन्हा ने बताया कि कर्मचारियों को लगातार कार्य करने की बजाय हर 45 मिनट तक काम करने के बाद 5 मिनट का ब्रेक लेना चाहिए। इसके अलावा कर्मचारी अपने सहकर्मी से भी बातचीत कर सकते हैं। 

    मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय के निदेशक डॉक्टर दिनेश राठौर ने बताया कि काम के दौरान अत्यधिक तनाव व्यक्ति के कार्य करने और सोचने की क्षमता को प्रभावित करता है। अगर कोई कर्मचारी गुमसुम है, गुस्सा अधिक करता है या फिर उसके व्यवहार में बदलाव देखने को मिल रहा है, तो उसकी काउंसलिंग कराएं। इसके लिए संस्थान में 14416 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। 

    डॉक्टर राठौर ने बताया कि कर्मचारियों को कार्य की महत्ता को समझते हुए कार्य की प्राथमिकता तय करनी चाहिए। कार्यस्थल पर कोई ऐसा दोस्त अवश्य बनाएं, जिससे सभी बातें शेयर की जा सकें। रोजाना कम से कम आधा घंटा योग, प्राणायाम और ध्यान की आदत डालें। कर्मचारियों से अच्छा व्यवहार हो और सभी कर्मचारी अपने सहकर्मियों से अच्छे संबंध बनाएं। ऐसा करने से मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

सोमवार, 7 अक्टूबर 2024

शिकायतों के निस्तारण की जानकारी लेंगे नगर निगम के अधिकारी

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। आईजीआरएस पर मिलने वाली शिकायतों के फर्जी निस्तारण किए जाने को लेकर मंडलायुक्त के निर्देश पर नगर निगम द्वारा सिस्टम में बदलाव कर दिया गया है। 

    नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि अब हर महीने दस जगह शिकायतों का निरीक्षण करने के लिए विभाग अध्यक्ष जाएंगे। उन्होंने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट लगाने से पहले अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क करें और उसके बाद ही रिपोर्ट अपलोड करें। भूमि विवाद, अतिक्रमण और अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण के मामलों में अधिकारी पुलिस, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम बना कर कार्रवाई करेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

31 खेलों में मिलेगा रानी लक्ष्मीबाई व लक्ष्मण पुरस्कार

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 31 खेलों के खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई और लक्ष्मण पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया है। इन पुरस्कारों के लिए पात्रता भी तय कर दी गई है। 

     क्षेत्रीय खेल कार्यालय के क्रीड़ा अधिकारी सविता श्रीवास्तव ने बताया कि जिन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय सीनियर चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया है, ओलंपिक व विश्व चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स खेलें हैं, वे सभी रानी लक्ष्मीबाई और लक्ष्मण पुरस्कारों के लिए पात्र माने जाएंगे। पुरुष खिलाड़ियों को लक्ष्मण पुरस्कार और महिला खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। 

    क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि जिन खेलों में लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, वे हैं तैराकी, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉस्केटबॉल, बॉक्सिंग, केनोइंग एंड क्याकिंग, घुड़सवारी, तलवारबाजी, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, खो-खो, रोइंग, शूटिंग, टेबल टेनिस, लॉन टनिस, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, बेस्ट फिजिक, कुश्ती, ताइक्वांडो, याचिंग, गोल्फ, क्रिकेट, साइकिलिंग, कराटे और वुशु। 

     क्रीड़ा अधिकारी सविता श्रीवास्तव ने बताया कि एक खिलाड़ी को एक ही बार सम्मानित किया जाएगा। रानी लक्ष्मीबाई और लक्ष्मण पुरस्कार के लिए पात्र खिलाड़ी की आयु 40 वर्ष तक होनी चाहिए। पात्रता के दायरे में आने वाले खिलाफ

खिलाड़ी 28 अक्टूबर तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रमाण पत्रों की फोटोस्टेट प्रतियां 30 अक्टूबर तक khelsathi.in पर ऑनलाइन जमा करनी होंगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

शनिवार, 5 अक्टूबर 2024

उपयोगी वास्तु टिप्स

@ वास्तु के अनुसार ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) के देवता ईश अर्थात भगवान शिव और स्वामी ग्रह गुरु यानि बृहस्पति देव हैं। इसलिए ईशान कोण में पूजा स्थल या मंदिर बना कर पूजा-पाठ करना शुभ माना जाता है। 

@ ईशान कोण में टॉयलेट, किचन, ओवर हैड टैंक, सेफ्टी टैंक, स्टोर, ऊंचा निर्माण, गंदगी, कबाड़ घर आदि नहीं होना चाहिए वरना आय में कमी, परिवार में कलह, मानसिक व शारीरिक रोग आदि समस्याओं का सामना करना पड़ता है। 

 @ घर में वास्तु दोष के कारण अगर परिवार के मुखिया को किसी तरह का शारीरिक या मानसिक कष्ट हो तो निवारण के लिए श्रावण मास के किसी भी सोमवार को सात मुखी रुद्राक्ष की माला धारण की जा सकती है। 

 @ फैक्ट्री, दुकान, व्यवसाय आदि में अपेक्षित लाभ न हो तो पूर्व दिशा की तरफ भूमि में चांदी का बना एक सर्प सोमवार के दिन दबा देना चाहिए और नियम पूर्वक सुबह व शाम भगवान शिव, देवी पार्वती, गणेश और महालक्ष्मी जी की आराधना करनी चाहिए।--प्रमोद कुमार अग्रवाल, वास्तु आचार्य एवं ज्योतिष-वास्तु लेखक, आगरा। 

शुक्रवार, 4 अक्टूबर 2024

खाद्य विक्रेता कराएं पंजीकरण

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा ठेल, ढकेल, होटल, रेस्तरां समेत अन्य खाद्य सामग्री बेचने वालों को लाइसेंस व पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। 

   सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय शशांक त्रिपाठी ने बताया कि सभी खाद्य सामग्री विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से पंजीकरण व लाइसेंस जरूरी है। बारह लाख रुपये तक सालाना व्यापार करने वाले विक्रेताओं के लिए एक सौ रुपये में पंजीकरण किया जाता है, जबकि इससे अधिक के व्यापार पर लाइसेंस लेना पड़ता है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

ऐसे भी दूर कर सकते हैं वास्तु दोष

@ घर के मुख्य द्वार में वास्तु दोष हो तो उस द्वार पर घंटियों की झालर या क्रिस्टल बॉल लटकाएं.

@ उत्तर मुखी भवन के मुख्य द्वार पर पीले रंग के असली या नकली फूलों की माला लगाएं.

@ ईशान कोण में कोई आलमारी, भारी सामान, जूते-चप्पल, रद्दी या कबाड़ कभी न रखें.

@ जिस आलमारी में दर्पण लगा हो, उसे वायव्य कोण, आग्नेय कोण या नैरुत्य कोण में न रखें.

@ घर के मंदिर के ठीक ऊपर या नीचे लेट्रीन नहीं होनी चाहिए. -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, सलाहकार एवं वास्तु लेखक, आगरा

सरल वास्तु सूत्र

@ मकान की पूर्व और उत्तर-पूर्व दिशा दूसरी दिशाओं से नीची होनी चाहिए.

@ मकान के मुख्य गेट के ठीक सामने किसी तरह की कोई रुकावट जैसे पेड़, खंबा, मंदिर, गड्ढा, नाला, पशु बांधने का खूंटा, कीचड़ आदि न हो.

@ पूजा करते समय चेहरा पूर्व या उत्तर दिशा में होना शुभ रहता है.

@ उद्योग लगाने के लिए ऐसे भूखंड का चयन करें जो पूर्व या उत्तर की तरफ हो.

@ बोरिंग, पानी की टंकी, कुआं आदि को मकान की सही दिशा में ही रखना आवश्यक है.--प्रमोद कुमार अग्रवाल, सलाहकार एवं लेखक,आगरा

गुरुवार, 3 अक्टूबर 2024

श्रमिकों को फिर मिल रहा है इस्राइल जाने का मौका

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। कुशल राजगीर और श्रमिकों को एक बार फिर इस्राइल जाने का मौका मिलेगा। इसके लिए उन्हें रोजगार संगम पोर्टल पर आवेदन करना होगा। आवेदन करने वाले के पास संबंधित ट्रेड में न्यूनतम तीन साल का अनुभव और इतनी ही अवधि की वैधता का पासपोर्ट होना अनिवार्य है। 

     क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे ने बताया कि निर्माण श्रमिकों में फ्रेम वर्क, शटरिंग कारपेंटर, आयरन बेंडिंग, सिरेमिक टाइल, प्लास्टरिंग आदि में दक्ष कारीगरों से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष होनी चाहिए। 

      उन्होंने बताया कि इस्राइल जाने के इच्छुक श्रमिकों को सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgarsangam.up.gov.in पर जॉब सीकर के रूप में पंजीकरण कराना होगा। आवेदकों की अंग्रेजी की परख आईटीआई के प्रधानाचार्य और सेवायोजन विभाग के जिला रोजगार सहायता अधिकारी करेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

बच्चे के जन्म में देरी हो तो करें उपाय

 यदि बच्चे के जन्म में देरी हो रही हो या फिर बच्चे के जन्म से पहले ही गर्भपात हो जाता हो, तो इसका कारण घर में वास्तु दोष भी हो सकता है. योग्य एवं प्रशिक्षित डॉक्टर से उपचार के साथ-साथ यहां दिए गए उपाय करना लाभकारी हो सकता है: 

  #  घर की पूर्व व उत्तर दिशा को हल्की व नीची रखें, जबकि पश्चिम व दक्षिण दिशा को भारी व उंची करने के लिए पलंग, बक्सा, आलमारी या कोई भारी सामान रख दें. 

   # यदि घर या फ्लैट का ईशान कोण कटा हुआ है तो उस कटे भाग में पिरामिड या दर्पण लगा दें.

   # जिस कमरे में पति-पत्नी सोते हों, वहां की दीवारों पर हल्का पीला रंग कराते हुए दक्षिण व पश्चिम दिशा की दीवार पर हंसते हुए बच्चों का ग्रुप फोटो लगा दें.-- प्रमोद कुमार अग्रवाल, सलाहकार एवं वास्तु लेखक, आगरा। 

घर में मंदिर और पूजा के लिए वास्तु टिप्स

# मंदिर उत्तर-पूर्व में ही हो. जगह के अभाव में पूर्व या उत्तर में भी रख सकते हैं परंतु पूजा करते समय चेहरा पूर्व या उत्तर दिशा में ही हो.

# सोने के कमरे व किचन में, शौचालय के पास, सीढ़ियों के नीचे, दक्षिण में एवं दक्षिण-पश्चिम कोण में मंदिर न हो.

# पूजा करते समय सीधे जमीन पर न बैठ कर स्वच्छ आसन लगाकर ही बैठना चाहिए तथा नियमित रूप से शुद्ध घी का दीपक व धूप आदि जलानी चाहिए.

# मंदिर में भगवान की मूर्ति एवं चित्र के अलावा साधु, संत, गुरु या पूर्वजों की मूर्ति व चित्र न रखे.

# अगर मंदिर कमरे के खुले स्थान में है तो वहां जूते-चप्पल पहन कर न घूमें तथा पूजा के बाद मंदिर का द्वार या पर्दा लगाकर बंद कर दें.-- प्रमोद कुमार अग्रवाल, सलाहकार एवं वास्तु ज्योतिष-लेखक, आगरा.

बुधवार, 2 अक्टूबर 2024

पढ़ने वाले बच्चों के लिए आसान वास्तु टिप्स

@ पढने वाला कमरा उत्तर-पूर्व में हो. कमरे में डरावने, युद्ध, हिंसक पशु-पक्षी, राक्षस आदि के चित्र न हों. पढ़ाई करते समय बच्चे का चेहरा पूर्व या उत्तर में हो तथा सिर व मेज के ऊपर बीम न हो.

@ पढ़ने वाली मेज, कुर्सी व पुस्तकों की रैक या आलमारी दक्षिण या पश्चिम में रखें. मेज पर इष्ट देव, सरस्वती व गणेश जी के चित्र उत्तर-पूर्व में तथा टेबल लैंप दक्षिण-पूर्व में ही रखें.

@ कमरे में बच्चों की पसंद के अनुसार हल्के रंग का पेंट दीवार पर करवाएं, परंतु गहरा लाल, नीला, बैंगनी, काला भूरा रंग कराने से बचें.

@ बच्चों को भोजन कराते समय उनका चेहरा पूर्व या उत्तर दिशा में ही रखें जबकि सुलाते समय सिरहाना दक्षिण या पश्चिम दिशा में ही रखें.-- प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 


इनसे भी होता है वास्तु दोष

@ घर के अंदर या छत पर कबूतर का घोंसला अथवा मधुमक्खी या बर्र का छत्ता होना, दीवार और छत पर मकड़ी के जाले लगे रहना, दीवारों में दरार या टूट-फूट होना, घर में टूटे दर्पण, टूटे बर्तन एवं बिजली के खराब उपकरण रखे रहना, नलों से हर समय पानी का टपकना वास्तु दोष की वजह बन सकते हैं। 

 @ इसके अलावा उत्तर-पूर्व में कूड़ा या जूते-चप्पल एकत्र करना, छत पर कबाड़ जमा करना, घर में बंद घड़ी रखना, किचन एवं पूजा घर में जूते व चप्पल पहन कर आना वास्तु दोष माने गये हैं जो नकारात्मक ऊर्जा और प्रभाव देते हैं. इसलिए बेहतरी के लिए इन वास्तु दोषों से बचना चाहिए.-- प्रमोद कुमार अग्रवाल, सलाहकार एवं वास्तु लेखक, आगरा

252 गांवों में बनेंगी डिजिटल लाइब्रेरी

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। जनपद के 252 गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी बनाए जाने के लिए जिला पंचायत राज विभाग द्वारा एक प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शासन को भेजा गया है। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई तो प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी पर करीब चार लाख रुपये की लागत आएगी। गांव के बच्चों को भी ई-बुक पढ़ने का मौका मिल सकेगा। 

    जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत होने के बाद ग्राम पंचायत निधि से इनमें विस्तार किया जा सकेगा। डिजिटल लाइब्रेरी बनने में चार लाख रुपये की लागत आएगी जिसमें दो लाख रुपये फर्नीचर का खर्च भी शामिल है। बच्चों के पढ़ने और बैठने के लिए फर्नीचर होगा। साथ ही दो लाख रुपये की पुस्तकों की खरीद भी की जाएगी। 

    जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि पंचायत स्तर पर बनने वाली डिजिटल लाइब्रेरी में पुस्तकों के साथ साथ ई-बुक को बढ़ावा दिया जाएगा। इंटरनेट और अन्य संसाधनों से डिजिटल लाइब्रेरी को सुसज्जित किया जाएगा। पुस्तकों की खरीद में संस्कृति, इतिहास, तकनीकी शिक्षा और कौशल से संबंधित पुस्तकों पर ज्यादा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी बनने से गांवों की प्रतिभाओं को स्वाध्याय के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। गांवों में रहकर ही वे अपना ज्ञानवर्धन कर सकेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

बीमारी से बचाव के लिए वास्तु टिप्स

अगर परिवार के किसी सदस्य को किसी बीमारी के कारण बेचैनी, घबराहट, दर्द एवं तड़प की शिकायत हो तो डॉक्टरी उपचार के साथ-साथ यहां दिया गया उपाय भी करके देखिए: 

  भवन की उत्तर-पूर्व दिशा (ईशान कोण) में अगर अंडरग्राउंड पानी की टंकी नहीं है तो वहां पानी से भरा मिट्टी का एक मटका रख देना चाहिए तथा जिस कमरे में मरीज लेटा हो, वहां के उत्तर-पूर्व कोने में एक बर्तन में बर्फ रख देनी चाहिए. यह आसान उपाय मरीज के कष्ट को कम कर सकता है.-- प्रमोद कुमार अग्रवाल, वास्तु सलाहकार एवं लेखक, आगरा। 

जनपद न्यायालय आगरा में 22 फरवरी को लगेगा वृहद विधिक साक्षरता सेवा शिविर

                        प्रमोद कुमार अग्रवाल   राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ क...