आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। दिवाली पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने की संभावना को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा रोडवेज की बसों के फेरे बढ़ा कर 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। स्पेशल बसों का संचालन 26 अक्टूबर से विभिन्न रूटों पर किया जाएगा।
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि दिवाली के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दिल्ली, कानपुर, मेरठ, बरेली, जयपुर, ग्वालियर, हरियाणा और लखनऊ रूट पर विशेष तौर पर बसों का संचालन होगा। दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण दिल्ली मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि वर्तमान में परिक्षेत्र के बेड़े में 705 बसें हैं। रोडवेज के वर्कशॉप में खड़ी बसों को भी दुरस्त कराया गया है, जिससे कि यात्रियों की संख्या अधिक होने पर इन बसों को चलाया जा सके। इसके अलावा मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, भरतपुर आदि मार्गों के लिए करीब 150 बसों को अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित किया जाएगा।
श्री अग्रवाल ने बताया कि सभी रोडवेज बस चालक और परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बसों की छत पर यात्रियों को नहीं बैठाएं और बसों को निर्धारित गति सीमा से ज्यादा नहीं दौड़ाएं। इसके अलावा बसों को रोडवेज के बस अड्डों पर रोकने और यात्रियों को बस अड्डों पर ही उतारने व चढ़ाने के लिए भी निर्देशित किया गया है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें