आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में विद्यार्थियों के लिए नई शैक्षणिक पहल शुरू की गई है। अब छात्र-छात्राएं बीई की पढ़ाई के साथ एमएससी फिजिक्स और एमएससी मैथ्स की इंटीग्रेटेड डिग्री भी प्राप्त कर सकेंगे।
आईईटी के प्रभारी प्रोफेसर मनु प्रताप सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप संस्थान में आधुनिक और रोजगार उन्मुख पाठ्यक्रम शुरू किया जा रहे हैं। इंटीग्रेटेड कोर्स में विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग के साथ विज्ञान विषयों की गहन जानकारी भी मिलेगी। वे कम समय में दो डिग्रियां हासिल कर सकेंगे। दोनों ही कोर्स में 15-15 सीटें हैं। यह कोर्स उन विद्यार्थियों के लिए लाभदायक होगा जो भविष्य में शोध, उच्च शिक्षा, उद्योग या शिक्षण क्षेत्र में अपना कैरियर बनाना चाहते हैं।
प्रोफेसर सिंह ने बताया कि आईईटी के विद्यार्थियों को आठवें सेमेस्टर में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन से जुड़े विशेष ऑनलाइन कोर्स करने का भी अवसर मिलेगा। विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान, एडवांस इंजीनियरिंग और उभरती तकनीक से जुड़े विषयों का अध्ययन कर सकेंगे। कोर्स पूरा करने पर उन्हें प्रमाणपत्र भी मिलेगा, जिससे उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों में अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें