बुधवार, 7 फ़रवरी 2024

एडीए में संपत्तियों के रिकॉर्ड व आबंटन के लिए नया सॉफ्टवेयर

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) में संपत्तियों के रिकॉर्ड, आवंटन, ऑनलाइन भुगतान आदि से संबंधित रिकॉर्ड मेंटेन करने के लिए नया सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है। प्रॉपर्टी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर के नाम से यह सॉफ्टवेयर गत दिवस मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी और आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ ने लॉन्च किया। 

   एडीए उपाध्यक्ष नें बताया कि इस नए सॉफ्टवेयर में ताजनगरी, कालिंदी विहार, शास्त्री पुरम सहित छह योजनाओं की बीस हजार संपत्तियों का विवरण फीड किया गया है। सॉफ्टवेयर से आवंटियों, किरायेदारों और प्लॉट लेआउट डिजिटल रूप में उपलब्ध होंगे। पहले संपत्तियों का रिकॉर्ड ऑनलाइन नहीं होने से आवंटियों को अपने हिसाब जानने व बकाया किस्त का पता लगाने के लिए प्राधिकरण के चक्कर लगाने पड़ते थे। 

    उपाध्यक्ष ने बताया कि आगरा विकास प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी इस सॉफ्टवेयर से हो सकेगी। संपत्तियों से संबंधित ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी शुरू की जा रही है। सॉफ्टवेयर के माध्यम से बकाया की वसूली के लिए बकायेदारों के पते, रजिस्टर्ड बैनामे, रिक्त संपत्तियों का विवरण आदि का ब्यौरा भी घर बैठे मिल सकेगा। इसके लिए आवंटियों को अपना मोबाइल नंबर प्राधिकरण में रजिस्टर्ड कराना होगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

इलाहाबाद हाईकोर्ट के महत्वपूर्ण आदेश

  कृपया हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब और शेयर करें: प्रमोद कुमार अग्रवाल