आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के अधीन प्रदेश के 34 आवासीय छात्रावास में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को संविदा पर नियुक्त किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षकों को डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए हॉकी, वॉलीबॉल, तैराकी, जिमनास्टिक, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती और तीरंदाजी में बालक व बालिका वर्ग, हैंडबाल में केवल बालिका वर्ग तथा फुटबॉल, बॉक्सिंग, क्रिकेट व जूडो में केवल बालक वर्ग के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि ओलंपिक, राष्ट्रमंडल, एशियाई खेल या 4 वर्ष में आयोजित होने वाले विश्व कप या विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी, पद्मश्री, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन या द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता, ओलंपिक विश्व कप, एशियन राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय टीम को कोचिंग दे चुके प्रशिक्षक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन 14 अगस्त तक किसी भी कार्य दिवस में क्षेत्रीय खेल कार्यालय, एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, सदर बाजार, आगरा में जमा कर सकते हैं। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें