आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त कार्यालय में एक दिन में किसी थाने की तीन से अधिक शिकायत आई तो थाना प्रभारी को उपस्थित हो कर जवाब देना पड़ रहा है। आने वाली शिकायतों का पाक्षिक रिकॉर्ड रख कर थानों की रेंकिंग की जा रही है।
पुलिस आयुक्त कार्यालय पर शिकायतकर्ताओं की भीड़ अधिक होने पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त से बात की थी। इसके बाद जिले के सभी थानों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई। इसके तहत किसी भी थाने से तीन से अधिक मामले आने पर पुलिस उपायुक्त कार्यालय से वायरलेस पर निर्देश जारी कर दिए जाते हैं और संबंधित थाना प्रभारी को स्पष्टीकरण भी देना पड़ता है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी आदित्य कुमार ने बताया कि जोन के हर थाने की 15 दिन की रिपोर्ट तैयार होती है। शिकायतों की संख्या कम या अधिक होने के आधार पर रैंकिंग देखी जाती है और कार्य के अनुसार कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि शिकायतों की जोन वार समीक्षा से पुलिसिंग पर प्रभावी असर पड़ा है। इससे आने वाली शिकायतों की संख्या में कमी आई है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें