गुरुवार, 31 अक्टूबर 2024

फैक्ट्री के लिए सही भूमि का चयन जरूरी

@ फैक्ट्री, मिल या कोई औद्योगिक संस्थान की स्थापना के लिए सही भूमि का चयन जरूरी है। 

@ फैक्ट्री की स्थापना के लिए नमी (आद्रता) वाली भूमि का चयन करना चाहिए। भूमि एकदम सूखी न हो। 

@ जिस भूमि में मध्य स्तर तक खुदाई करने पर पानी निकल आए, वह भूमि फैक्ट्री की स्थापना के लिए अच्छी रहती है। 

@ फैक्ट्री की स्थापना के लिए वर्गाकार, आयताकार, सिंहमुखी और षटकोणीय भूमि का चयन किया जा सकता है। 

@ जिस भूमि का उत्तर पूर्व दिशा में ईशान कोण का हिस्सा आगे की तरफ बढ़ा हुआ हो तो, ऐसी भूमि पर भी फैक्ट्री की स्थापना की जा सकती है। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 


झोलाछाप के इलाज से लिवर व किडनी हो सकते हैं खराब

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराना मरीजों को गंभीर बीमारियों का शिकार बना रहा है। बिना सोचे समझे झोलाछाप मरीजों को हैवी एंटीबायोटिक और स्टेरॉयड देते हैं, जिससे लिवर और किडनी के खराब होने का खतरा रहता है। 

   यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर अरुण श्रीवास्तव का। झोलाछाप डॉक्टर बुखार, खांसी, जुकाम, पेट दर्द, उल्टी, दस्त जैसी सामान्य बीमारियों में हैवी एंटीबायोटिक, स्टेरॉयड, नारकोटिक्स श्रेणी की दवाएं देने लगते हैं। बच्चों को भी यही दवाएं दी जाती हैं। इन दवाओं के मनमाने उपयोग से मरीजों की किडनी और लिवर पर सीधा असर पड़ता है। इसके अलावा मांसपेशियों में दर्द की संभावना भी बढ़ जाती है। 
   मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि झोलाछाप से इलाज कराने से जान जाने का खतरा भी बना रहता है। ज्यादा डोज में एंटीबायोटिक और स्टेरॉयड के सेवन से शरीर में इन दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है, जिससे भविष्य में इन दवाओं का मरीजों पर असर भी नहीं होगा। उन्होंने मरीजों से कहा है कि कोई भी बीमारी होने पर झोलाछाप डॉक्टर से इलाज नहीं कराएं बल्कि योग्य, प्रशिक्षित और विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श करें और उनके द्वारा बताई गई दवाओं का ही सेवन करें। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

मंगलवार, 29 अक्टूबर 2024

तीन गुणों के अनुसार मनुष्य की मृत्यु के बाद गति

श्रीमद्भगवद्गीता के चौदहवें अध्याय के श्लोक संख्या चौदह और पंद्रह के अनुसार मनुष्य की मृत्यु के बाद उसकी गति उसके तीन गुणों के अनुसार ही निर्धारित होती है, जो इस प्रकार है : 

@ सत्वगुण वाला मनुष्य मृत्यु के बाद पुण्यात्माओं को प्राप्त होने वाले उत्तम यानि निर्मल लोक में जाता है। 

@ रजोगुण वाला मनुष्य मृत्यु के बाद दोबारा मनुष्य योनि में जन्म लेता है। 

@ तमोगुण वाला मनुष्य मृत्यु के बाद पशु, पक्षी, कीट, पतंगे आदि की मूढ़ योनियों में जन्म लेता है। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 

वास्तु के अनुसार करें दीपावली पर पूजन

@ दीपावली को प्रकाश पर्व भी कहा जाता है। इसलिए इस पर्व पर अमावस के अंधकार को दूर करने के लिए मिट्टी के दीपक जलाने की परंपरा है। वास्तु के अनुसार जिस स्थान पर मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं, वहां पंच तत्वों (आकाश, वायु, पृथ्वी, जल एवं अग्नि) का संतुलन हो जाता है।जिससे वहां सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होने से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बना रहता है। 

@ पूर्व या उत्तर दिशा में देवी महालक्ष्मी व गणेश जी के साथ साथ अन्य देवी देवताओं की स्थापना करने, नवग्रहों के निमित्त नौ दीपक या नौ बत्ती वाला एक अखंड दीपक जलाने तथा शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी जी व गणेश जी का खील, बतासे, बेसन के लड्डू, मिठाई, नारियल, पीले चावल, सुपारी, कुमकुम, कमल पुष्प, कपूर, रुपये-पैसे, बहीखाता आदि के साथ पूजन करने से धन-धान्य की प्राप्ति होती है।

@ घर और व्यापार स्थल के वास्तु दोष को दूर करने के लिए दीपावली पर पूजा घर में प्राण प्रतिष्ठित श्री यंत्र की स्थापना भी कर सकते हैं। इस हेतु 125 ग्राम से 400 ग्राम वजन के स्फटिक से बने श्री यंत्र का प्रयोग समस्त मनोकामनाओं की पूर्ति में सहायक होता है। 

@ दीपावली के दिन घर या व्यापार स्थल पर कहीं भी अंधेरा नहीं रखना चाहिए। मंदिर, पूजा स्थल, तुलसी, केला, अशोक, बेलपत्र, आंवला वृक्ष आदि के पास शुद्ध घी के दीपक, जबकि मेनगेट, बाउंड्रीवॉल, छत, बाथरूम के दरवाजे, पीपल वृक्ष आदि के पास सरसों के तेल के दीपक जलाने चाहिए। प्रत्येक दीपक में एक- दो धान की खील अवश्य डालें।--प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा 

सोमवार, 28 अक्टूबर 2024

आगरा के एसएन में जनवरी से बर्न यूनिट में मिलेगा इलाज

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। एसएन मेडिकल कॉलेज की बर्न यूनिट में जलने और एसिड अटैक के मरीजों को इलाज मिलेगा। इसमें प्लास्टिक सर्जरी भी हो सकेगी। मौजूदा समय में सर्जरी विभाग के दस बेड के वार्ड में जले हुए मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। जनवरी से इलाज मिलने लगेगा। 

     प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज में 4.60 करोड़ रुपये की लागत से इमारत बनकर तैयार हो गई है। इसमें 30 बेड का एंटी बैक्टीरियल वार्ड और आईसीयू हैं। सर्जरी के लिए दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर हैं। इसमें प्लास्टिक सर्जन, चर्म रोग विशेषज्ञ, फिजीशियन समेत 15 का चिकित्सकीय स्टाफ होगा। नए साल में जनवरी से इसमें इलाज की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

टीबी के मरीजों को मिलेंगे एक हजार रुपये

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। निक्षय पोषण योजना में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत अधिसूचित सभी टीबी मरीजों को अब एक हजार रुपये मासिक दिए जाएंगे। अभी तक इन्हें पांच सौ रूपये मासिक दिए जा रहे थे। यह वृद्धि एक नवंबर 2024 से प्रभावी होगी। 

   स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार निक्षय पोषण योजना के तहत मिलने वाली यह धनराशि सभी नए लाभार्थियों के साथ साथ प्रभावी तिथि के बाद मिलने वाले रोगियों पर भी लागू होगी। यह प्रोत्साहन 3000 रुपये की दो समान किस्तों में दिया जाएगा। जिसमें 3000 रुपये का पहला लाभ निदान के समय अग्रिम रूप में दिया जाएगा। 

   वहीं 3000 रुपये का दूसरा लाभ उपचार के 84 दिन पूरे होने पर मिलेगा। जिन लाभार्थियों के टीबी उपचार की अवधि छह महीने से अधिक रहती है, उन्हें 1000 रुपये प्रति माह का नया लाभ दिया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

छोटे दुकानदारों के लिए उपयोगी वास्तु सूत्र

@ व्यापार के लिए सिंह मुखी दुकान सर्वश्रेष्ठ मानी जाती है। सिंह मुखी दुकान का प्रवेश वाला भाग चौड़ा, जबकि पीछे वाला भाग संकरा होता है। दुकान में दहलीज भी नहीं होनी चाहिए। 

@ दुकान में काउंटर को इस तरह रखना चाहिए कि बैठते समय दुकान के मालिक/मैनेजर का चेहरा उत्तर या पूर्व दिशा की तरफ रहे। 

@ दुकान के सामने किसी तरह का कोई वेध या बाधा नहीं होनी चाहिए। अगर कोई वेध है तो पहले वास्तु के नियमानुसार निराकरण करा लेना चाहिए। 

@ दुकान में रुपये रखने वाला गल्ला या कैश बॉक्स को उत्तर दिशा में ही रखना चाहिए। इसके अलावा गल्ला या कैश बॉक्स को कभी भी खाली नहीं छोड़ना चाहिए। 

@ दुकान के अंदर जहां तक संभव हो, उत्तर व पूर्व दिशा की तरफ खाली या कम से कम सामान रहना चाहिए, जबकि दक्षिण व पश्चिम दिशा की तरफ ज्यादा से ज्यादा सामान रखना चाहिए। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 

 

ताजमहल से आगरा फोर्ट तक चलेंगी गोल्फ कार्ट

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। ताजमहल से आगरा फोर्ट तक पर्यटकों के लिए गोल्फ कार्ट चलेंगी। भविष्य में इसे बढ़ा कर एत्माउद्दौला तक किया जा सकेगा। एत्माउद्दौला में मकबरा की तरफ जाने वाले रास्ते पर दोनों तरफ लगे लोहे के तारों की जगह लाल पत्थर की जालियां लगाई जाएंगी। 

   आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने गत दिवस एत्माउद्दौला स्मारक का निरीक्षण करने के बाद ये निर्देश जारी किए। उपाध्यक्ष नें बताया कि ताजमहल देखने के लिए रोजाना बीस से पच्चीस हजार पर्यटक आते हैं। इनमें आधे भी आगरा फोर्ट नहीं पहुंचते। वहीं एत्माउद्दौला स्मारक देखने के लिए पर्यटकों की इ संख्या बहुत कम रह जाती है। इस कारण इन स्मारकों से आय कम हो रही है। 

    प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग से संपर्क कर प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा। प्राधिकरण द्वारा आगरा के विभिन्न स्मारकों से होने वाली आय में वृद्धि के लिए अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। जल्द ही पथकर निधि से स्मारकों पर नए कार्य कराने के साथ ही पर्यटकों के लिए सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

रविवार, 27 अक्टूबर 2024

आगरा में कूड़ा जलाने पर लगेगा 25 हजार रुपये तक जुर्माना

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। घर से निकले कचरे को जलाने पर अब नगर निगम द्वारा दोषी व्यक्ति से 5 से 25 हजार रुपये तक का जुर्माना वसूल किया जाएगा। नगर आयुक्त द्वारा इस संबंध में सेनेटरी इंस्पेक्टरों और जोनल सेनेटरी ऑफिसर को निर्देश दिए गए हैं। 

     नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि शहर के बहुत से इलाकों में लोगों द्वारा कचरे में आग लगाने की सूचनाएं मिल रही हैं। जिससे शहर की हवा प्रदूषित हो रही है। जबकि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने खुले में कचरा जलाने को प्रतिबंधित किया हुआ है। इसके बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं। 

   नगर आयुक्त ने बताया कि अब कचरे में आग लगा कर वायु को प्रदूषित करने वाले लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम की सीमा में आने वाले सभी लोगों को चाहिए कि वे डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए आने वाले वाहनों को ही कचरा दें। इधर उधर खुली जगह में कूड़ा फेंकना और उसमें आग लगाना बंद कर दें। अन्यथा ऐसे लोगों से जुर्माना वसूल किया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

शुक्रवार, 25 अक्टूबर 2024

दिवाली पर 24 घंटे मिलेगी रोडवेज बस सेवा

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। दिवाली पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने की संभावना को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा रोडवेज की बसों के फेरे बढ़ा कर 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। स्पेशल बसों का संचालन 26 अक्टूबर से विभिन्न रूटों पर किया जाएगा।

   निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि दिवाली के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दिल्ली, कानपुर, मेरठ, बरेली, जयपुर, ग्वालियर, हरियाणा और लखनऊ रूट पर विशेष तौर पर बसों का संचालन होगा। दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण दिल्ली मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।

    क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि वर्तमान में परिक्षेत्र के बेड़े में 705 बसें हैं। रोडवेज के वर्कशॉप में खड़ी बसों को भी दुरस्त कराया गया है, जिससे कि यात्रियों की संख्या अधिक होने पर इन बसों को चलाया जा सके।  इसके अलावा मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, भरतपुर आदि मार्गों के लिए करीब 150 बसों को अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित किया जाएगा।
 
    श्री अग्रवाल ने बताया कि सभी रोडवेज बस चालक और परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बसों की छत पर यात्रियों को नहीं बैठाएं और बसों को निर्धारित गति सीमा से ज्यादा नहीं दौड़ाएं। इसके अलावा बसों को रोडवेज के बस अड्डों पर रोकने और यात्रियों को बस अड्डों पर ही उतारने व चढ़ाने के लिए भी निर्देशित किया गया है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

पुराने ऑटो की बिक्री पर लगी रोक

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। संभागीय परिवहन प्राधिकरण द्वारा पुराने ऑटो को सड़कों से हटाने के लिए अहम निर्णय लिया गया है। इसके तहत पुराने सीएनजी ऑटो की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध आगरा के साथ ही मथुरा-वृंदावन की नगर सीमा में भी लागू हो गया है। 

    संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) एके सिंह ने बताया कि अभी तक ऑटो संचालक पुराने ऑटो किसी और को बेच देते थे। इसके साथ परमिट का भी ट्रांसफर कर दिया जाता था। इस वजह से नए आवेदकों को मौका नहीं मिलता था। अब नए नियमों के तहत ऑटो की बिक्री नहीं हो सकेगी। अगर कोई ऑटो की बिक्री करता भी है तो परमिट का ट्रांसफर नहीं होगा। 

   श्री सिंह ने बताया कि आरटीओ की नियमावली की धारा 82 में ऑटो के परमिट का नियम है। परमिट धारक की मृत्यु होने की स्थिति में उसके उत्तराधिकारी को तीन महीने तक परमिट के आधार पर ऑटो चलाने का अधिकार मिल जाता है। किसी भी एक व्यक्ति को केवल एक वाहन का परमिट मिलता है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

गुरुवार, 24 अक्टूबर 2024

होटल-ढाबे के लिए उत्तर मुखी प्लॉट

@ वास्तु नियम के अनुसार होटल, ढाबा और रेस्तरां संचालित करने के लिए उत्तर मुखी प्लॉट का चयन करना चाहिए। साथ ही ऐसे प्लॉट पर निर्माण कार्य वास्तु नियमों के अनुरूप ही कराना चाहिए। 

@ उत्तर मुखी प्लॉट में अगर प्लॉट की तीन दिशाओं (पूर्व, दक्षिण व पश्चिम) में मार्ग हो तो वहां होटल, ढाबा और रेस्तरां चलाने से आर्थिक लाभ के साथ-साथ प्रसिद्धि भी प्राप्त होती है। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 

आगरा के एसएन के मेडिसिन विभाग में 26 बेड का नया आईसीयू

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में 26 बेड का नया आईसीयू बना है। अब विभाग में 40 बेड के दो आईसीयू हो गए हैं। 

    प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मेडिसिन विभाग में अभी तक 14 बेड का आईसीयू संचालित हो रहा था। अब कॉलेज की घड़ी वाली इमारत में 26 बेड का नया आईसीयू बनाया गया है। इसमें हर बेड पर वेंटीलेटर लगा है। 

    प्राचार्य ने बताया कि अब एसएन मेडिकल कॉलेज में आईसीयू में 111 बेड हो गए हैं। इनमें मेडिसिन विभाग में 40, बाल रोग विभाग में 36, सर्जरी विभाग में 25 और इमरजेंसी विभाग में दस बेड का आईसीयू हैं। वक्ष एवं क्षय रोग विभाग के लिए पांच बेड का नया आईसीयू और बनाया जा रहा है। 

    आईसीयू यूनिट के इंचार्ज डॉक्टर आशीष गौतम ने बताया कि आईसीयू सेंट्रल मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने की तैयारी चल रही है। इस सिस्टम के लगने से एक ही स्क्रीन पर सभी आईसीयू बेड के मरीजों के डाटा की निगरानी हो सकेगी। अगर किसी मरीज की स्थिति बिगड़ती है तो तत्काल उसे देख सकेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024

मित्र और शत्रु

 श्रीमद्भगवद्गीता में श्री कृष्ण अर्जुन से कहते हैं कि मनुष्य को स्वयं ही अपना उद्धार करना चाहिए, अपना पतन नहीं करना चाहिए, क्योंकि मनुष्य स्वयं ही अपना मित्र है और स्वयं ही अपना शत्रु है। 

   कौन अपना मित्र है और कौन अपना शत्रु, इसके लिए श्री कृष्ण कहते हैं कि जिस मनुष्य ने अपने आप पर विजय प्राप्त कर ली है, वह स्वयं ही अपना मित्र है, जबकि जिस मनुष्य ने अपने आप पर विजय प्राप्त नहीं की है, वह स्वयं ही अपना शत्रु है। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 

पढ़ाने से पहले परिषदीय स्कूलों के शिक्षक पढेंगे कंप्यूटर के पाठ

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों के कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा देने से पहले शिक्षकों को कंप्यूटर शिक्षा में प्रशिक्षित किया जा रहा है। पहले चरण में दो सौ शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 

    जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की प्राचार्य पुष्पा कुमारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग की कक्षा छह से आठवीं तक की पुस्तकों में पहली बार कोडिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को शामिल किया गया है। इस विषय के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शुरू किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में परिषदीय स्कूलों के साथ साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के शिक्षकों को शामिल किया गया है। 

    डायट के प्रशिक्षण प्रभारी एवं प्रवक्ता डॉक्टर मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि प्रशिक्षण में कंप्यूटर का परिचय, एमएस वर्ड, एक्सेल, पेंट इंटरनेट, नेटवर्किंग, ईमेल, लॉजिकल थिंकिंग, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग में पायथन एप्लीकेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा साइंस, साइबर सुरक्षा एवं नैतिकता का पाठ पढ़ाया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

सोमवार, 21 अक्टूबर 2024

सुखी जीवन के लिए वास्तु सूत्र

 ## किसी भी भवन की उत्तर पूर्व विदिशा (ईशान कोण) उस भवन का मुख माना जाता है। इसलिए इस विदिशा को हमेशा पवित्र और खुला रखना चाहिए। 

## घर के अंदर लगी हुईं घड़ियों का खराब रहना या गलत समय बताना गृहस्वामी के लिए कई समस्याओं की वजह बन सकता है। इसलिए खराब घड़ियों को तुरंत हटा देना चाहिए। 

## पति और पत्नी के बीच मधुर संबंध बनाए रखने के लिए बेडरूम की दक्षिण पश्चिम विदिशा (नैऋत्य कोण) में प्रेम व्यवहार करते हुए पक्षियों की जोड़ी या चित्र रखना चाहिए। - प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु लेखक एवं सलाहकार, आगरा। 

शनिवार, 19 अक्टूबर 2024

सेहत के लिए जरूरी है पौष्टिक आहार

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर)  द्वारा दी गई सलाह के अनुसार स्वस्थ रहने के लिए एक व्यक्ति को दिन भर में 1200 ग्राम भोजन आवश्यक है, जिससे उसे 2000 कैलोरी प्राप्त होती है। 

    सेहतमंद रहने के लिए थाली में 100 ग्राम फल, 400 ग्राम हरी सब्जी, 300 मिली दूध या दही, 85 ग्राम दाल या अंडा, 35 ग्राम मेवा बीज और 250 ग्राम अनाज होना चाहिए।

   आईसीएमआर के अनुसार भोजन में दिन भर में 27 ग्राम से अधिक चिकनाई नहीं होनी चाहिए। छह से आठ महीने के शिशु के लिए दिन भर में 650 कैलोरी की जरूरत होती है।

    शिशु को दिन में चार बार स्तनपान कराने पर शिशु को सिर्फ 500 कैलोरी प्राप्त होती है। इस कमी को पूरा करने के लिए शिशु को दाल, चावल, खिचड़ी, केला या उबला सेब डॉक्टर की सलाह के बाद दिया जा सकता है। 

    12 महीने के बच्चे को स्वस्थ रहने के लिए दिन भर में 720 कैलोरी की आवश्यकता होती है। ऐसे बच्चों को भी स्तनपान के अलावा दाल, चावल, खिचड़ी, फल आदि का सेवन डॉक्टर की सलाह के अनुसार अवश्य कराना चाहिए। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 

तीन गुणों के साथ जीते हैं मनुष्य

श्रीद्भगवदगीता के चौदहवें अध्याय में श्री कृष्ण जी ने कहा है कि मनुष्य में प्रकृति से तीन गुण उत्पन्न होते हैं। इन्हें सत्व गुण, रजो गुण और तमो गुण कहा गया है। इनमें सत्व गुण का स्वरूप सबसे निर्मल है। 

    वहीं रजो गुण मनुष्य में तृष्णा और आसक्ति उत्पन्न करता है, जबकि अज्ञानता से उत्पन्न होने वाला तमो गुण मनुष्य को प्रमादयुक्त, मोह रखने वाला, आलसी और अति निद्रा वाला बना देता है। 

    सत्व गुण से ज्ञान उत्पन्न होता है, रजो गुण से लोभ उत्पन्न होता है तथा तमो गुण से प्रमाद, मोह एवं अज्ञान उत्पन्न होता है। 

   मनुष्य के जीवन में इन तीनों में से जिस गुण की प्रकृति सर्वाधिक होती है, उसका स्वभाव, कर्म और अंत: करण उसी गुण के अनुसार होने लगते हैं। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, आगरा। 

गुरुवार, 17 अक्टूबर 2024

ईशान कोण में किचन है तो करें उपाय

 वास्तु नियम के अनुसार भवन की उत्तर पूर्व विदिशा को ईशान कोण कहा गया है। इस जगह किचन होना वास्तु दोष है। जिससे घर में अनावश्यक कलह और धन की हानि देखने को मिलती है। 

   इस दोष के निवारण के लिए किचन में गैस और चूल्हे को किचन की दक्षिण पूर्व विदिशा यानि आग्नेय कोण में रख देना चाहिए। साथ ही किचन का काम पूरा होने के बाद तांबे के एक बर्तन में पानी भरकर आग्नेय कोण में रख देना चाहिए। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल, ज्योतिष-वास्तु सलाहकार एवं लेखक, आगरा। 

शुरू होंगे मिशन शक्ति अभियान के कार्यक्रम

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। उत्तर प्रदेश के राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉक्टर बबीता चौहान ने मिशन शक्ति के विशेष अभियान के कार्यक्रम शुरू करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए हैं। इसके लिए अध्यक्ष द्वारा जिलाधिकारियों को पत्र प्रेषित किया गया है। 

   अध्यक्ष ने कहा है कि पुलिस सहित अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों को जोड़ते हुए विशेष अभियान चलाया जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड में एक दिन जागरूकता के लिए प्रभात फेरी निकालते हुए कार्यक्रम होने चाहिए। बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पुलिस व प्रशासन की हेल्प लाइन सेवा की जानकारी दी जाए। 

   अध्यक्ष ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, बीटीसी पुलिस अधिकारी, बीसी सखी, लेखपाल, ग्राम पंचायत अधिकारी, एएनएम, रोजगार सेवकों को शामिल किया जाए। पात्र महिलाओं और बालिकाओं को उनके लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसके अलावा महिला शक्ति को लाभान्वित करने तथा महिलाओं के लिए बने कानूनी प्रावधानों व मदद की जानकारी देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए हैं। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

न्यूज़ पोर्टल के लिंक पर क्लिक कीजिए

 देश-विदेश, न्याय एवं कानून, स्वास्थ्य एवं मेडिकल और आगरा से संबंधित महत्वपूर्ण और उपयोगी समाचार पढ़ने के लिए कृपया यहां दिए गए हमारे न्यूज़...