गुरुवार, 8 जनवरी 2026

फतेहपुर सीकरी में वायु प्रदूषण की ऑटोमेटिक स्टेशन से होगी निगरानी

                              प्रमोद कुमार अग्रवाल

  आगरा एवं आसपास के शहरों से आने वाली हवाओं की गुणवत्ता की निगरानी के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान की सिफारिश पर ताज ट्रेपीजियम जोन से सटे फतेहपुर सीकरी, मथुरा, वृंदावन, फिरोजाबाद और हाथरस में एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। बोर्ड की मंजूरी के बाद क्षेत्रीय अधिकारी इन्हें स्थापित करने के लिए स्थान चिह्नित करने में जुट गए हैं। 

     उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आगरा के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि बोर्ड के निर्देश पर फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही स्टेशन शुरू हो जाएगा और डाटा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को मिलने लगेगा।

    क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि आगरा के अलावा रायबरेली, सोनभद्र जिले के अनपरा और अमरोहा जिले के गजरौला में भी एक-एक स्टेशन स्थापित किया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एनसीआर में लगातार बढ़ते प्रदूषण की निगरानी के लिए गाजियाबाद शहर में दो, मोदीनगर में एक, लोनी में दो और खेरा में एक स्टेशन लगाया जाएगा। वहीं मेरठ में दो, बागपत के बड़ौत और शामली में भी एक-एक स्टेशन लगाने की मंजूरी दी गई है। 

   उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि वायु प्रदूषण की निगरानी के लिए कुल 18 स्टेशनों को स्थापित करने पर करीब 36 करोड रुपए खर्च होंगे। स्टेशन ऑनलाइन होने पर मिलने वाला डाटा सीधे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की पास पहुंचेगा और डाटा की मदद से प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्लान तैयार करने में मदद मिलेगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट इलाहाबाद के महत्वपूर्ण आदेश

 Please click, subscribe and share our YouTube Channel 'Newsline Nation' : Pramod Kumar Agrawal