प्रमोद कुमार अग्रवाल
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा आगरा में उत्तरी बाईपास शुरू कर दिया गया है। इससे आगरा और मथुरा से खंदौली का सफर 20 मिनट में पूरा हो जाएगा। लोगों को अब 25 किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़ेगी। इससे लोगों को जाम से भी राहत मिलेगी।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के परियोजना निदेशक संदीप यादव ने बताया कि मथुरा के रैपुरा जाट से खंदौली के बीच 14 किलोमीटर का उत्तरी बाईपास बनाया गया है। इसे आगरा-दिल्ली हाईवे के चैनल नंबर 174 से यमुना एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 141 से जोड़ा गया है। उत्तरी बाईपास बनने से अब आगरा-मथुरा के लोग 20 मिनट में खंदौली पहुंच सकेंगे। इससे ईंधन और समय की बचत के साथ-साथ लोगों को जाम से भी मुक्ति मिलेगी।
परियोजना निदेशक ने बताया कि अभी तक लोगों को सिकंदरा, भगवान टॉकीज, वाटर वर्क्स और रामबाग से होकर खंदौली जाना पड़ता था। इसमें लोगों को 45 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। खंदौली तक पहुंचने में एक घंटे से अधिक का समय भी लगता था। इसके अलावा लोगों को सिकंदरा, गुरुद्वारा गुरु का ताल, रामबाग और टेढ़ी बगिया पर जाम भी झेलना पड़ता था। उत्तरी बाईपास शुरू होने से अब लोगों को मथुरा-फरह से खंदौली और सादाबाद जाने के लिए आगरा होकर नहीं गुजरना होगा।
परियोजना निदेशक ने बताया कि आगरा में धार्मिक एवं राजनीतिक आयोजनों के दौरान रूट डायवर्जन करना पड़ता है। कैलाश मेला, गुरु पर्व और मंडी समिति में चुनाव मतगणना के समय आगरा से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाता था। उत्तरी बाईपास शुरू होने से अब यह समस्या भी खत्म हो जाएगी और खंदौली व सादाबाद जाने के लिए लोगों को जाम और अन्य समस्याओं से भी छुटकारा मिल जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें