प्रमोद कुमार अग्रवाल
श्रम विभाग में पंजीकृत और वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अटल आवासीय विद्यालय कौरई फतेहपुर सीकरी में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी 31 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आगरा के उप श्रम आयुक्त सियाराम ने बताया कि परीक्षा के लिए मंडल के चारों जनपद में नोडल अधिकारी नियुक्त किया जा चुके है। पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन 31 जनवरी तक लिए जाएंगे। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में 80 बालक और बालिकाओं का प्रवेश लिया जाएगा, वहीं कक्षा 9 में 67 सीट हैं। इसलिए 34 बालक और 33 बालिकाओं का प्रवेश लिया जाएगा।
उप श्रम आयुक्त ने बताया कि प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा। कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा सुबह 11 बजे और कक्षा 9 की प्रवेश परीक्षा दोपहर एक बजे से आयोजित की जाएगी। अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आगरा के साथ फिरोजाबाद, मथुरा और मैनपुरी जिले के पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
उप श्रम आयुक्त ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश उन्हें विद्यार्थियों को दिया जाएगा जिनके अभिभावक निर्माण श्रमिक हैं और श्रम विभाग में पंजीकृत हैं। कोविड-19 संक्रमण से अनाथ हुए बच्चे, जिनका महिला व बाल कल्याण विभाग में पंजीयन हो या मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र हों, परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उप श्रम आयुक्त ने बताया कि अन्य बातों के साथ-साथ आवेदन करने वाले को जन्मतिथि, आय, निवास और आवश्यक पात्रता शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। प्रवेश परीक्षा के बाद चयनित छात्र और छात्राओं को अटल आवासीय विद्यालय में निशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन, यूनिफॉर्म, पुस्तकें और अन्य शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी। (न्यूजलाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें