बुधवार, 15 अक्टूबर 2025

हथेली में होते हैं बहुत से चिह्न

हस्तरेखा लक्षण शास्त्र के अनुसार स्त्री एवं पुरुष जातकों के हाथों की हथेलियों में बहुत से चिह्न या आकृतियां होती हैं। इनमें कुछ चिह्न आसानी से देखे जा सकते हैं, जबकि कुछ चिह्न ऐसे सूक्ष्म भी होते हैं जिन्हें देखने के लिए हैंड लैंस का उपयोग किया जाता है। हस्तरेखाविद हथेली की विभिन्न रेखाओं और इन चिह्नों के आधार पर जातक के बारे में भविष्यवाणी करते हैं। 

    स्त्री और पुरुष जातकों की हथेली में प्रमुख रूप से तारा चिह्न, यव चिह्न, क्रॉस चिह्न, जाल चिह्न, त्रिभुज, वृत्त व चतुष्कोण चिह्न, त्रिशूल चिह्न, मछली चिह्न, तिल या काले रंग का चिह्न, मंदिर चिह्न, अंगुलियों व अंगूठों में शंख या चक्र चिह्न, गज या अश्व चिह्न, स्वस्तिक चिह्न, माला चिह्न, छत्र या चामर चिह्न, पद्म चिह्न, ध्वज चिह्न, माला चिह्न, मगर चिह्न आदि देखे जा सकते हैं। -- प्रमोद कुमार अग्रवाल (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

आगरा मंडल में खुलेंगे नए आधार केंद्र

 प्रमोद कुमार अग्रवाल

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा आगरा की तरह आसपास के जिलों में नए आधार केंद्र खोले जाने की कवायद की जा रही है। इन केंद्रों के खुलने के बाद आगरा में आधार कार्ड के काम के लिए बाहर से आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। 

    भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के प्रवक्ता अकरम ने बताया कि मौजूदा समय में आगरा के आसपास के जिलों मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हाथरस, अलीगढ़ आदि जनपदों से लोग आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए आगरा में आते हैं। अब इन जिलों में भी नए आधार केंद्र खोले जाने के लिए कोशिश की जा रही है। 

     उन्होंने बताया कि आगरा में खंदारी स्थित आधार केंद्र पर प्रतिदिन एक हजार लोगों के लिए आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने की सुविधा है। आसपास के जिलों से भी लोग आधार कार्ड के कार्य के लिए आगरा आते हैं। इस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जल्द ही आगरा के आसपास के जिलों में भी आधार केंद्र खोले जाएंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

शनिवार, 11 अक्टूबर 2025

विदेशी कोच से सीखेंगे पेंचक सिलाट की बारीकी

प्रमोद कुमार अग्रवाल 

भारतीय खिलाड़ियों को पेंचक सिलाट की तैयारी में नई दिशा देने के लिए श्रीनगर में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू हो रहा है। इस शिविर में इंडोनेशिया से बुलाए गए विशेषज्ञ कोच अगले तीन महीने तक खिलाड़ियों को एडवांस तकनीक की ट्रेनिंग देंगे। इस ट्रेनिंग के बाद भारतीय खिलाड़ी खेल में सुधार करके अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। 

    आगरा पेंचक सिलाट एसोसिएशन की सचिव डॉक्टर किरण कश्यप ने बताया कि यह शिविर भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। चूंकि इंडोनेशिया को पेंचक सिलाट का गढ़ माना जाता है, इसलिए वहां से आए कोच खिलाड़ियों को नई तकनीक और रणनीति अपनाने के लिए ट्रेनिंग देंगे। आगरा से बारह खिलाड़ियों का चयन इस ट्रेनिंग के लिए हुआ है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

आगरा के जिला अस्पताल में बनेगी क्रिटिकल केयर यूनिट

प्रमोद कुमार अग्रवाल

आगरा के जिला अस्पताल में अब गंभीर और अति गंभीर मरीजों को इलाज के लिए अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण होने जा रहा है। इसमें 50 बेड होंगे। हर बेड पर वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध होगी। इसका निर्माण राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत किया जाएगा। 

   जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर राजेंद्र अरोड़ा ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत उत्तर प्रदेश शासन द्वारा अस्पताल में चिकित्सकीय सेवाएं विकसित की जा रही हैं। इसके तहत क्रिटिकल केयर यूनिट का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। अगले महीने से जिला अस्पताल में आश्रय स्थल के पास पांच मंजिला भवन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। 

    डॉक्टर अरोड़ा ने बताया कि यह कार्य 18 महीने में पूरा होने की उम्मीद है। क्रिटिकल केयर यूनिट में किडनी, लिवर,,हृदय और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज हो सकेगा। यूनिट में वेंटीलेटर के साथ साथ डॉक्टर के चेंबर, रिसेप्शन समेत अन्य सुविधाएं होंगी। यूनिट के लिए शासन द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति भी की जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

प्रदूषण नियंत्रण के लिए आगरा में ग्रैप लागू

प्रमोद कुमार अग्रवाल 

ताज नगरी आगरा में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण हेतु ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) लागू कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निगम, क्षेत्रीय परिवहन विभाग और आगरा विकास प्राधिकरण समेत विभिन्न विभाग सक्रिय हो गए हैं। 

   प्रदूषण का स्तर बढ़ने वाले कारणों को दूर करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। निर्माण स्थलों को कवर करने के साथ ही पानी की लगातार बौछार करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से अधिक होने पर ग्रैप-एक लागू करके सख्ती बढ़ाई जाएगी। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि 200 से ऊपर वायु गुणवत्ता सूचकांक होने पर सभी विभाग प्रदूषण नियंत्रण के लिए सक्रिय हो जाते हैं। 

  उन्होंने बताया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए शहर की हवा में प्रदूषण के कणों की मात्रा न बढ़े, लोगों को सांस लेने में दिक्कत न हो और आंखों में जलन की परेशानी न हो, इसके लिए ग्रैप के तहत सख्ती करने के लिए विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए हैं। शहर में धूल उड़ना, कूड़ा जलाना और अव्यवस्थित निर्माण होने से वायुमंडल में वायु गुणवत्ता सूचकांक में वृद्धि होने की संभावना बनी रहती है। इस समस्या पर रोक लगाने के लिए सख्ती की जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 



रविवार, 24 अगस्त 2025

नगर निगम के सुयोग केंद्र में मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

                 प्रमोद कुमार अग्रवालदी

    दीनदयाल जन आजीविका योजना के तहत शहरी क्षेत्र में रहने वाले निर्धनों के लिए नगर निगम में सुयोग केंद्र की स्थापना की गई है। केंद्र में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। 

   अपर नगर आयुक्त आगरा शिशिर कुमार ने बताया कि सुयोग केंद्र से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, सुरक्षा बीमा योजना, जन धन योजना, जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना आदि की जानकारी मिलेगी। केंद्र का उद्घाटन पंद्रह अगस्त को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

मां का पहला दूध शिशु और मां को बचाता है गंभीर बीमारियों से

                     प्रमोद कुमार अग्रवाल 

   शिशु के जन्म के बाद पहले घंटे में उसे मां का पहला पीला गाढ़ा दूध अवश्य पिलाना चाहिए। इससे शिशु और मां दोनों ही गंभीर बीमारियों से बचे रह सकते हैं। 

   यह कहना है आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष डॉक्टर शिखा सिंह का। उन्होंने बताया कि शिशु के जन्म के बाद पहले घंटे में स्तनपान मां को खून की कमी और स्तन कैंसर के खतरे को कम करता है। स्तनपान से प्रसव के बाद गर्भाशय को सिकोड़ने में भी मदद मिलती है। जिन बच्चों को मां का दूध नहीं मिलता है, उनमें संक्रमण, एलर्जी बार बार बुखार, जुकाम, खांसी, डायरिया अस्थमा होने की संभावना बनी रहती है। 

    कमला नगर आगरा निवासी महिला रोग विशेषज्ञ एवं एसएन मेडिकल कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉक्टर सरोज सिंह ने बताया कि शिशु को मां के पीले गाढ़े दूध से वंचित करने से नवजात बार बार बीमार पड़ रहे हैं। छाती और आंतों में संक्रमण होने के साथ ही उनका पाचन तंत्र भी खराब होने लगता है। मां के दूध से वंचित नवजात में त्वचा की एलर्जी और अस्थमा की समस्या भी देखने को मिली है।

   डॉक्टर सरोज सिंह ने बताया कि मां के दूध में मौजूद कोलस्ट्रम में मां की भरपूर एंटीबॉडी होती हैं, जो शिशु में रोग प्रतिरोधक क्षमता को तेजी से विकसित करने में मददगार होती हैं। शिशु के जन्म के बाद छह माह तक केवल मां का दूध ही आवश्यक है। पानी या अन्य कोई तरल पदार्थ पिलाने की भी जरूरत नहीं है। छह महीने के बाद दाल, चावल, केले, खिचड़ी आदि को पेस्ट बना कर खिलाना चाहिए। 

    बाल रोग विशेषज्ञ एवं पूर्व चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर युवराज सिंह ने बताया कि स्वस्थ मां और शिशु के लिए सभी आवश्यक टीके समय पर लगवाने चाहिए। गर्भवती महिलाओं को दाल, हरी सब्जियां, फल समेत अन्य पोषक आहार देना चाहिए। शिशुओं का टीकाकरण निर्धारित समय तालिका के अनुसार डॉक्टर के निर्देशों का पालन करते हुए कराया जाना जरूरी है। शिशु के बीमार होने पर नीम हकीम के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए बल्कि बाल रोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

शुक्रवार, 15 अगस्त 2025

अब नगर निगम ऑनलाइन बनायेगा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र

                प्रमोद कुमार अग्रवाल 

नगर निगम आगरा द्वारा शहरवासियों की सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की पहल करते हुए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया गया है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक कभी भी और कहीं से भी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन कर सकता है। 

    नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि पोर्टल के जरिए शहरवासियों को समयबद्ध तरीके से पारदर्शिता के साथ जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र मिलने लगेंगे। इसके लिए निगम ने www.annbdregistration.com लॉन्च किया है। पोर्टल पर जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन करने के बाद आवेदक को एप्लिकेशन नंबर मिलेगा, जिससे वह अपने आवेदन की प्रगति भी जान सकेगा। 

   नगर आयुक्त ने बताया कि अगर ऑनलाइन आवेदन में कोई कमी पाई जाती है तो, नगर निगम के संबंधित विभाग द्वारा ऑनलाइन ही कमी को दुरुस्त कर दिया जाएगा। निगम द्वारा आवेदन स्वीकृत होने के बाद प्रमाणपत्र ऑनलाइन ही जारी किया जाएगा।

 पोर्टल पर पंजीकरण के लिए मोबाइल ओटीपी से लॉगइन करके मांगी गई जानकारी दर्ज करनी होगी। जरूरत पड़ने पर आवेदक को जन्म या मृत्यु से संबंधित हॉस्पिटल की पर्ची, आधार कार्ड और गवाहों के दस्तावेज लगाने होंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

बिल्लोचपुरा सैटेलाइट स्टेशन के रूप में होगा विकसित

                 प्रमोद कुमार अग्रवाल

  उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत आगरा मंडल में आने वाले बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म की सीमित संख्या को देखते हुए अब बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन पर अधिक ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने की योजना पर विचार विमर्श चल रहा है। 

     आगरा रेल मंडल की जन संपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण वर्ष 1904 में हुआ था। मौजूदा समय में यह रेलवे स्टेशन भारतीय रेल का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। इस स्टेशन को विकसित किया जा रहा है। यहां स्टेशन भवन और ट्रेनिंग स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ से स्टेशन को जोड़ने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिए भी कार्य योजना चल रही है। 

     जन संपर्क अधिकारी ने बताया कि राजा की मंडी रेलवे स्टेशन की जगह बिल्लोचपुरा स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव बढ़ाया जाएगा। स्टेशन का उच्चीकरण व विस्तारीकरण कर द्वितीय प्रवेश द्वार भी बनाया गया है। यात्री अब दोनों तरफ से स्टेशन पर आवागमन कर सकेंगे। बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

पर्यटकों को रिझाने के लिए प्रत्येक शुक्रवार को ग्यारह सीढ़ी पार्क में सजेगी सुरमयी शाम

                प्रमोद कुमार अग्रवाल

आगरा के ताजगंज स्थित महताब बाग के ग्यारह सीढ़ी पार्क में ताजमहल के साये में बृज की सुरमयी शाम सजाने के लिए कवायद की जा रही है। इसके तहत बृज का मयूर नृत्य और लोक कलाओं के माध्यम से आगरा आने वाले देशी विदेशी पर्यटकों को मंत्रमुग्ध किया जाएगा। 

    आगरा विकास प्राधिकरण के सूत्रों ने बताया कि ग्यारह सीढ़ी पार्क में सुरमयी शाम सजाने के लिए शुक्रवार का दिन चुना गया है क्योंकि इस दिन ताजमहल बंद रहता है। जिन पर्यटकों को शुक्रवार को ताजमहल बंद रहने की जानकारी नहीं होती, वे आगरा आ जाते हैं। ऐसी स्थिति में ताजमहल के दीदार से वंचित पर्यटकों को सुरमयी शाम के माध्यम से रिझाने की कोशिश की जाएगी। 

    सूत्रों के अनुसार यमुना किनारे स्थित संरक्षित स्मारक ग्यारह सीढ़ी के सामने पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा एक निजी फर्म को एजेंसी के रूप में नामित किया है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अस्थायी स्ट्रक्चर बनाया जाएगा। जिसका निर्माण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की अनापत्ति के बाद होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में बनेगा 200 बेड का नया ट्रॉमा एंड इमरजेंसी सेंटर

                   प्रमोद कुमार अग्रवाल

 आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में मरीजों को अत्याधुनिक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 200 बेड का नया ट्रॉमा एंड इमरजेंसी सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। यह सेंटर वर्ष 2028 तक बनकर तैयार हो जाएगा। सेंटर में अति गंभीर मरीजों के इलाज, जांच और सर्जरी की व्यवस्था होगी। 

    एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि इंटीग्रेटेड योजना के अंतर्गत बन रहे नए ट्रॉमा एंड इमरजेंसी सेंटर में कई विभाग एक साथ काम करेंगे जिससे मरीजों को एक ही जगह त्वरित और समन्वित इलाज मिल सकेगा। सेंटर में 200 बेड होंगे। इनमें 60 बेड मेडिसिन इमरजेंसी के लिए, 30-30 बेड सर्जरी व हड्डी रोग के लिए और 20-20 बेड प्लास्टिक सर्जरी एवं न्यूरोसर्जरी के लिए होंगे। 

    प्राचार्य ने बताया कि सेंटर में 40 बेड की अत्याधुनिक आईसीयू भी होगी, जिसमें वेंटिलेटर समेत सभी जरूरी जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध होंगे। इसके अलावा ट्रॉमा एंड इमरजेंसी सेंटर में छह मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर भी बनेंगे, जिनमें पांच मेजर और एक माइनर ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्था की जाएगी। इसमें दुर्घटना, बर्निंग और एसिड अटैक के मरीजों की प्लास्टिक सर्जरी की व्यवस्था रहेगी।

    प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि ट्रॉमा एंड इमरजेंसी सेंटर में मेडिसिन इमरजेंसी के तहत पेट रोग, हड्डी टूटने, न्यूरोसर्जरी में ब्रेन हेमरेज, पैरालाइसिस और हेड इंजरी जैसे गंभीर मामलों में मरीजों को उपचार दिया जाएगा। किसी भी बड़ी आपदा की स्थिति में अलग से 50 बेड की व्यवस्था भी की जाएगी। कोशिश रहेगी कि सेंटर में गंभीर मरीजों को उच्चतम स्तर की देखभाल और इलाज की सुविधा मिले।

  एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि नए ट्रॉमा एंड इमरजेंसी सेंटर में की बिल्डिंग में एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, डायलिसिस और पैथोलॉजी जैसी जांच सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसी सेंटर में रेडियो डायग्नोस्टिक विभाग को स्थानांतरित किया जाएगा। इससे गंभीर मरीजों को अलग अलग विभागों में जाने की जरूरत नहीं रह जाएगी। सेंटर की नई बिल्डिंग पुरानी बिल्डिंग के समानांतर बन रही है और वर्ष 2028 में इसमें चिकित्सा कार्य शुरू हो जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

बुधवार, 23 जुलाई 2025

अब दुकान के ऊपर बना सकते हैं रहने के लिए मकान

                   प्रमोद कुमार अग्रवाल

  उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कैबिनेट से हरी झंडी मिलने के बाद बाजारों में दुकान के ऊपर मकान बनवाना आसान हो गया है। अब 24 मीटर चौड़ी सड़क पर मिश्रित भू उपयोग के लिए नक्शा पास नहीं कराना होगा, लेकिन आगरा विकास प्राधिकरण में रजिस्ट्रेशन होगा। इसके बाद भू स्वामी 30 वर्ग मीटर तक के भूखंड पर नीचे दुकान और ऊपर मकान बना सकेंगे। 

    आगरा विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता केके बंसला ने बताया कि 24 मीटर चौड़ी सड़क पर मिश्रित भू उपयोग अनुमन्य है। दुकान के ऊपर आवासीय भवन बनाया जा सकेगा। इसके लिए प्राधिकरण से नक्शा पास कराने की भी अनिवार्यता नहीं होगी। लेकिन मिश्रित भू उपयोग के लिए प्राधिकरण में रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत होगी।  वर्तमान में 100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के लिए भी नक्शा पास कराने की छूट मिली हुई है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

आईरेड एप से सड़क दुर्घटनाओं का विश्लेषण करेगी आगरा कमिश्नरेट पुलिस

               प्रमोद कुमार अग्रवाल 

 सड़क दुर्घटनाओं की वजह, घटनास्थल और वहां के फोटो, वीडियो आदि की पूरी जानकारी अब आगरा कमिश्नरेट पुलिस द्वारा आईरेड एप पर दर्ज हो सकेंगे। दुर्घटनाओं का विश्लेषण इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस की मदद से संभव हो जाएगा। आगरा में यातायात पुलिस कमिश्नरेट में सड़क दुर्घटनाओं की निगरानी और विश्लेषण के लिए रोड सेफ्टी सेल बनी है। इससे तहत ही आईरेड सेल बनाई गई है। 

   आईरेड आगरा के रोल आउट मैनेजर विक्रम तोमर ने बताया कि आईरेड एप के माध्यम से पुलिसकर्मी सड़क दुर्घटनाओं का पूरा विवरण जैसे स्थान, समय, वाहन संख्या, कारण, फोटो और वीडियो अपलोड कर सकेंगे। इससे एक आईडी बनेगी, जिससे दुर्घटनास्थल का निरीक्षण भी किया जा सकेगा। आईरेड एप पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर सुधार के उपाय किए जा सकेंगे। इसमें लोक निर्माण विभाग और हॉस्पिटल संचालक भी जानकारी साझा कर सकेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

माहवारी बंद होने से महिलाओं की सेहत पर पड़ रहा है खराब असर

                    प्रमोद कुमार अग्रवाल

 माहवारी बंद होने से महिलाओं की सेहत पर खराब असर पड़ रहा है। मेडिकल की भाषा में इसे मीनोपॉज कहा जाता है। इसके कारण महिलाओं में हार्मोन की कमी होने से  चिड़चिड़ापन, भूलने और पसीना आने की समस्याएं हो रही हैं। लंबे समय तक ऐसी स्थिति बने रहने से मानसिक स्वास्थ्य भी प्रभावित होने लगता है।

   आगरा मीनोपॉज सोसाइटी की चेयरमैन डॉक्टर संजना महेश ने बताया कि 35 से 50 साल की उम्र में महिलाओं में माहवारी बंद होने से ये दिक्कतें पनपने लगती हैं। माहवारी बंद होने से एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन बंद होने लगते हैं। इससे महिलाओं के व्यवहार में तेजी से परिवर्तन होने लगता है। इसमें चिड़चिड़ापन, जल्दी गुस्सा आना, घबराहट, बेचैनी, अधिक पसीना आना, घबराहट में नींद टूट जाने जैसी परेशानी होने लगती हैं। 

   डॉक्टर सविता त्यागी ने बताया कि बहुत सी महिलाएं मीनोपॉज के बारे में अपरिचित होने के कारण ऐसे लक्षणों को माहवारी संबंधी परेशानी मानकर नजर अंदाज करती हैं और इलाज नहीं करातीं। इससे बीमारी बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में लापरवाही किए बगैर स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करके इलाज कराना चाहिए। 

    डॉक्टर आरती गुप्ता ने बताया कि मीनोपॉज का पता चलने पर महिलाओं को प्रतिदिन तेज गति से दस हजार कदम चलने के साथ ही योग व ध्यान करना चाहिए। भोजन में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा ज्यादा कर देनी चाहिए। सोयाबीन, छोले, राजमा, दाल, फल और सलाद अधिक लेने चाहिए। अगर माहवारी में कोई दिक्कत नजर आए तो उसे नजर अंदाज न करके महिला चिकित्सक को दिखा लेना चाहिए। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 31 अगस्त तक करें आवेदन

                प्रमोद कुमार अग्रवाल

 दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। इसमें प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा नवीं और दसवीं) के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। 

    आगरा के जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विजय लक्ष्मी मौर्य ने बताया कि पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति (ग्यारहवीं कक्षा से स्नातकोत्तर डिग्री या डिप्लोमा) के लिए 31 अक्टूबर तक आवेदन किया जा सकता है। दिव्यांग विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाने के लिए स्कूल व कॉलेज के माध्यम से वेबसाइट www.scholarships.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

104 ग्राम पंचायत सचिवालय में खुलेंगी डिजिटल लाइब्रेरी

                 प्रमोद कुमार अग्रवाल

आगरा जिले की 104 ग्राम पंचायत सचिवालयों में डिजिटल लाइब्रेरी खोली जाएंगी। प्रत्येक लाइब्रेरी पर करीब चार लाख रुपये का खर्च आएगा। 

    मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जो डिजिटल लाइब्रेरी खोली जाएंगी, उनसे बच्चों और किशोरों का शैक्षिक विकास होगा। लाइब्रेरी में कंप्यूटर के अलावा कैमरा स्मार्ट टेलीविजन, बच्चों के लिए किताबों की अलमारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसका लाभ संबंधित ग्राम पंचायत में रहने वाले बच्चों और किशोरों को मिलेगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

महात्मा गांधी पेंशन योजना में श्रमिकों को मिलेंगे एक हजार रुपये

                  प्रमोद कुमार अग्रवाल 

उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत साठ वर्ष से अधिक आयु वाले श्रमिकों को महात्मा गांधी पेंशन योजना के तहत एक हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। 

    आगरा के उप श्रमायुक्त सियाराम ने बताया कि जो निर्माण श्रमिक साठ वर्ष से अधिक आयु के हैं और पिछले दस वर्षों से लगातार उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य रहे हैं तथा उनका नियमित अंशदान जमा हुआ हो, वह पेंशन प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पात्र श्रमिक आवेदकों को एक हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

बुधवार, 9 जुलाई 2025

साइबर स्पेस में पीड़ित नहीं, रक्षक बनें

              प्रमोद कुमार अग्रवाल

  सोशल मीडिया पर अनजान दोस्तों से सावधान रहने की जरूरत है वरना साइबर अपराधी शिकार बना सकते हैं। साइबर स्पेस में पीड़ित नहीं बनना है बल्कि रक्षक बनना है। 

    यह कहना है आगरा के एसीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद का। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित पुलिस की पाठशाला में बतौर मुख्य वक्ता उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर हमारी हर गतिविधियों पर साइबर अपराधी नजर रखते हैं। कोई फोटो, रील या वीडियो पोस्ट करने पर साइबर अपराधी हमारे परिचितों, परिजनों व दोस्तों का नंबर पता करके व्हाट्सएप कॉल करते हैं। 

   एसीपी ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों को विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए। उनके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ होने पर तत्काल महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए। शिकायत करने पर उनकी पहचान उजागर नहीं की जाएगी। नाबालिग बच्चियों के साथ कोई घटना होने पर पुलिस द्वारा पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की जाती है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में किडनी और हृदय रोगियों के लिए बढ़ीं सुविधाएं

                 प्रमोद कुमार अग्रवाल

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के कैथ लैब में किडनी और हृदय रोगियों के लिए एंजियोग्राफी और बिना स्टेंट के एंजियोप्लास्टी की सुविधाएं भी शुरू हो गई हैं। प्राइवेट हॉस्पिटलों की तुलना में यहां आधे से भी कम खर्चा होगा। वहीं आयुष्मान और असाध्य रोग योजना के लाभार्थियों का इलाज मुफ्त में होगा। 

     कैथ लैब के प्रभारी डॉक्टर बसंत गुप्ता ने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में कैथ लैब के शुरू होने के बाद पांच से छह हजार रुपये में एंजियोग्राफी और साठ से सत्तर हजार रुपये में एंजियोप्लास्टी की सुविधा मिल रही है। अब यहां किडनी की एंजियोग्राफी और बिना स्टेंट के एंजियोप्लास्टी की सुविधा भी दी जा रही है। 

    कैथ लैब के डॉक्टर सौरभ नागर ने बताया कि कैथ लैब शुरू होने से आगरा के अलावा फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, इटावा, कासगंज और राजस्थान राज्य के धौलपुर समेत कई अन्य जिलों के मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर के एक सौ से ज्यादा मरीजों द्वारा पंजीकरण कराया गया है। इसमें इमरजेंसी स्थिति वाले मरीजों के इलाज में प्राथमिकता दी जाती है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए 29 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन

               प्रमोद कुमार अग्रवाल 

  नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को पूर्ण रूप से ऑनलाइन रखा गया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर अंतिम तिथि से पहले अपना पंजीकरण करा सकते हैं। 

   जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए पंजीकरण कराने के लिए बच्चे का मूल निवास प्रमाण पत्र उसी जिले का होना आवश्यक है जहां के लिए वह आवेदन कर रहा है। इसके अलावा बच्चे ने कक्षा 3, 4 और 5 की पढ़ाई सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय से की हो। एक विद्यार्थी को केवल एक ही बार जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में शामिल होने की अनुमति होगी। कुल सीटों की 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए आरक्षित हैं। 
   जवाहर नवोदय विद्यालय में पात्र छात्रों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा। परीक्षा का आयोजन 13 दिसंबर 2025 को सुबह 11:30 बजे से किया जाएगा। प्रवेश हेतु बच्चे का पंजीकरण कराने के लिए आधिकारिक वेबसाइट navoday.gov.in या cbseitms.rcil.gov.in पर जाकर मांगी गई जानकारी, फोटो, हस्ताक्षर, आवास प्रमाण पत्र और अपनी व्यक्तिगत जानकारी आदि सबमिट करनी होगी। सबमिट करने के बाद पेज का प्रिंट लेना आवश्यक है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

वान्या का अमेजिंग डांस

 कृपया हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब, लाइक और शेयर कीजिए: प्रमोद कुमार अग्रवाल