प्रमोद कुमार अग्रवाल
नगर निगम आगरा द्वारा शहरवासियों की सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की पहल करते हुए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया गया है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक कभी भी और कहीं से भी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन कर सकता है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि पोर्टल के जरिए शहरवासियों को समयबद्ध तरीके से पारदर्शिता के साथ जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र मिलने लगेंगे। इसके लिए निगम ने www.annbdregistration.com लॉन्च किया है। पोर्टल पर जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन करने के बाद आवेदक को एप्लिकेशन नंबर मिलेगा, जिससे वह अपने आवेदन की प्रगति भी जान सकेगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि अगर ऑनलाइन आवेदन में कोई कमी पाई जाती है तो, नगर निगम के संबंधित विभाग द्वारा ऑनलाइन ही कमी को दुरुस्त कर दिया जाएगा। निगम द्वारा आवेदन स्वीकृत होने के बाद प्रमाणपत्र ऑनलाइन ही जारी किया जाएगा।
पोर्टल पर पंजीकरण के लिए मोबाइल ओटीपी से लॉगइन करके मांगी गई जानकारी दर्ज करनी होगी। जरूरत पड़ने पर आवेदक को जन्म या मृत्यु से संबंधित हॉस्पिटल की पर्ची, आधार कार्ड और गवाहों के दस्तावेज लगाने होंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें