उत्तर प्रदेश की निजी पैथोलॉजी लैबों और चिकित्सकों की मिलीभगत से जांच रिपोर्ट में हेरा फेरी की शिकायतों पर शासन ने सख्त रुख अपनाया है।
प्रदेश के स्वास्थ्य महानिदेशक ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र भेज कर मरीजों के शोषण पर रोक लगाने के लिए प्रदेश भर में विशेष जांच अभियान चलाए जाने, दोषी लैबों का पंजीयन निलंबित करने और संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य महानिदेशक ने जांच रिपोर्ट में हेरा फेरी करने वाली लैबों को चिह्नित कर जांच के लिए संबंधित जिले के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित करने को कहा है। इसमें राजकीय अस्पताल या मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट और क्लीनिकल इस्टैब्लिशमेंट पंजीकरण के नोडल अधिकारी शामिल होंगे।
महानिदेशक के अनुसार समिति सैंपल और रिपोर्ट रजिस्टर, मशीनों का मूल डाटा व प्रिंटआउट, बिलिंग अभिलेख और कलेक्शन एजेंटों को किए गए भुगतान के रिकॉर्ड सुरक्षित करेगी। लैब का पंजीकरण, योग्य पैथोलॉजिस्ट की उपस्थिति, रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने वाले की योग्यता और संबंधित चिकित्सकों की पहचान भी की जाएगी।
पंजीकृत संचालन, पैथोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति या रिपोर्ट में हेरा फेरी के साक्ष्य मिलने पर लैब का पंजीयन निलंबित कर लैब सील की जाएगी और संचालक के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें