आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा रविवार एक नवंबर को आयोजित होने वाली वृहद विधिक साक्षरता सेवा शिविर के आयोजन को लेकर दीवानी न्यायालय परिसर आगरा में बैठक की गई। अध्यक्षता प्राधिकरण सचिव पंकज कुमार द्वारा की गई।
सचिव द्वारा बैठक में उपस्थित अधिकारीगण को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन शिविर का आयोजन कर पात्र व्यक्तियों का रजिस्ट्रेशन कराएं और योजना का त्वरित लाभ भी प्रदान किया जाना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त शिविर के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगो को योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करें।
बैठक अपर जिलाधिकारी, नगर, जिला विकास अधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त, डिप्टी सीएमओ तथा अन्य विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव द्वारा जिला कारागार आगरा में अधिकार प्राप्त समिति की बैठक का आयोजन भी किया। जिसमें समिति के सदस्य मनोज, अपर पुलिस आयुक्त हरि ओम शर्मा, जिला कारागार अधीक्षक, अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर) उपस्थित रहे।
बैठक में 5 ऐसे निरुद्ध बंदियों को चिन्हित किया गया जिनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति ठीक नहीं है और उनकी जमानत हो चुकी है। कुछ ऐसे भी बंदी पाए गए जिनकी सजा पूर्ण हो गई है, किंतु सजा की धनराशि अदा करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे 5 बंदियों को चिह्नित किया गया। ऐसे बंदियों को मुक्त कराए जाने को लेकर विचार विमर्श किया गया।
सर्व सम्मति से समिति ने एक बंदी को मुक्त कराए जाने का निर्णय लिया। साथ ही अन्य चार बंदियों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति की आख्या के लिये डीपीओ आगरा को निर्देशित किया। जिससे इन बंदियों को मुक्त कराए जाने को लेकर त्वरित निर्णय लिया जा सके। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें