शनिवार, 11 जुलाई 2026

नगर निगम हर दुकान व इमारत की संरचना की करेगा जांच,

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। सुभाष बाजार स्थित नाले पर बनी नगर निगम की दुकान गिर जाने के बाद नगर निगम ने अपनी हर दुकान और इमारत की संरचना जांच करने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त ने इस संबंध में संपत्ति अधिकारी को नगर निगम की सभी पुरानी दुकानों और व्यावसायिक परिसंपत्तियों का तत्काल सर्वे कर जांच करने के निर्देश जारी किए हैं।

   वहीं दूसरी ओर नगर आयुक्त ने कमला नगर के कर्मयोगी एनक्लेव में सीवर और वाटर लाइन लीकेज से सड़क धंसने पर निरीक्षण के दौरान कहा है कि सीवर और वाटर लाइन लीकेज से सड़क धसने पर इंजीनियरों को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा।

   नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि उन्होंने सहायक नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी श्रद्धा पांडेय से कहा है कि नगर निगम सीमा में हर संपत्ति की जांच कराई जाए। नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार हॉस्पिटल रोड, महावीर मार्केट, दिल्ली गेट, बल्केश्वर, फ्रीगंज, छीपीटोला, मोतीगंज आदि बाजारों में निगम की दुकान और व्यावसायिक संपत्तियों का कुछ वर्ष पहले आवंटन किया गया था। 

   उन्होंने बताया कि मरम्मत न होने और समय के साथ कमजोर होने के कारण ऐसी संपत्तियों से हादसे हो सकते हैं। इसलिए सभी संपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी संरचनात्मक मजबूती का परीक्षण कराया जाएगा। जहां कहीं भी भवनों में कमजोरी या खतरे के संकेत मिलते हैं, वहां नियमानुसार मरम्मत, बैरिकेडिंग, उपयोग पर रोक अथवा अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 

   नगर आयुक्त ने बताया कि उनके द्वारा अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को पूरी कार्यवाही की प्रतिदिन समीक्षा करने और प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को संबंधित जोनों के अवर अभियंताओं को सर्वे और निरीक्षण के लिए कहा गया है।

   नगर आयुक्त ने कमला नगर के कर्मयोगी एनक्लेव में सीवर एवं वाटर लाइन लीकेज से धंसी सड़क के निरीक्षण के समय कहा कि सड़क धंसने जैसी घटना के बाद सभी मामलों में कार्रवाई की जाएगी। जल कल विभाग से एक सप्ताह में सर्वे करा कर रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि सीवर और वाटर लाइन लीकेज के कारण अगर सड़क धंसने या क्षति होने की जानकारी मिलती है तो उसके लिए इंजीनियर जिम्मेदार माने जाएंगे। ऐसे हर मामले में संबंधित अधिकारियों के साथ ही कार्यदायी संस्था भी जिम्मेदार होगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट के महत्वपूर्ण आदेश

 कृपया हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब, लाइक और शेयर कीजिए: प्रमोद कुमार अग्रवाल