मंगलवार, 10 मार्च 2026

आरटीई के तहत प्रवेश न लेने पर स्कूलों की मान्यता होगी रद्द

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार (आरटीई) 2009 के तहत चयनित बच्चों का प्रवेश नहीं लेने वाले स्कूलों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है।

     जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस टास्कफोर्स में खंड शिक्षा अधिकारी बिचपुरी रंजन गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी बरौली अहीर महेश कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी बाह अमरनाथ शामिल है। टास्क फोर्स का मुख्य कार्य उन स्कूलों की पहचान करना है जो चयनित बच्चों को प्रवेश देने में किसी प्रकार की आनाकानी कर रहे हैं।

     बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यदि किसी अभिभावक को आरटीई के तहत चयनित बच्चे को स्कूल में प्रवेश की समस्या आती है तो वह सीधे आरटीई सेल से संपर्क कर सकते हैं। आरटीई सेल और टास्कफोर्स मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि हर चयनित बच्चे को शत-प्रतिशत प्रवेश मिले।

      खंड शिक्षा अधिकारी रंजन गुप्ता ने बताया कि यदि कोई स्कूल या उसका प्रबंधन चयनित बच्चों को निशुल्क प्रवेश देने में लापरवाही बरतता है तो पहले उसे समझाया जाएगा और यदि इसके बाद भी स्कूल प्रबंधन बच्चों का प्रवेश नहीं देता है तो उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी जाएगी। साथ ही स्कूल की मान्यता रद्द करने की संस्तुति की रिपोर्ट भेजी जाएगी। (न्यूजलाइन ब्यूरो)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण आदेश

 कृपया हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब, शेयर और लाइक अवश्य करें। --- प्रमोद कुमार अग्रवाल