प्रमोद कुमार अग्रवाल
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाओं में जिले के सचल दलों के अलावा उत्तर प्रदेश शासन के प्रतिनिधि भी नजर रखेंगे। आगरा मंडल में राज्य स्तर के अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा डॉ मुकेश अग्रवाल ने बताया कि आगरा मंडल में राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक के रूप में राज्य परियोजना कार्यालय सर्व शिक्षा अभियान, लखनऊ के अपर परियोजना निदेशक राजेंद्र प्रसाद को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा जिला स्तर पर डायट फिरोजाबाद के प्राचार्य वरुण कुमार सिंह पर्यवेक्षक होंगे।
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने बताया कि फिरोजाबाद में डाइट मैनपुरी के प्राचार्य मनमोहन शर्मा, मैनपुरी में डायट कन्नौज के प्राचार्य अमित कुमार, मथुरा में सहायक निदेशक समग्र शिक्षा लखनऊ के मनोज कुमार को जिला स्तरीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पर्यवेक्षक परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, वॉइस रिकॉर्डर और अवांछित व्यक्तियों के प्रवेश पर विशेष नजर रखेंगे।
डॉक्टर मुकेश अग्रवाल ने बताया कि आगरा में यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के शांतिपूर्ण संचालन के लिए चार सचल दल बनाए गए हैं। इनमें पहले सचल दल का नेतृत्व वे स्वयं करेंगे। दूसरे सचल दल का नेतृत्व मंडलीय वित्त एवं लेखा अधिकारी राजेश कुमार, तीसरे सचल दल का नेतृत्व मंडलीय उप शिक्षा निदेशक मनोज गिरी, चौथे सचल दल का नेतृत्व डायट के प्राचार्य अनिरुद्ध यादव और पांचवे सचल दल का नेतृत्व जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्र शेखर करेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें