बुधवार, 11 फ़रवरी 2026

ताज महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

                           प्रमोद कुमार अग्रवाल 

आगरा के जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने बुधवार 11 फरवरी को 18 से 27 फरवरी तक लगने वाले ताज महोत्सव 2026 के आयोजन के दृष्टिगत टाटा ग्राउंड, फतेहाबाद रोड पर लगे विभिन्न स्टालों व तैयारियों का भौतिक निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं और जन सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।

     हर वर्ष की तरह आयोजित होने वाले 10 दिवसीय ताज महोत्सव की शुरुआत 18 फरवरी से हो जाएगी, जो कि 27 फरवरी तक चलेगा। ताज महोत्सव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने महोत्सव स्थल टाटा ग्राउंड में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। 

   जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार का ताज महोत्सव भव्य व बेमिसाल होने वाला है। सूफी और बॉलीवुड नाइट के साथ ही कॉमेडी नाइट सहित कई बॉलीवुड सिंगर महोत्सव में शामिल होंगे और प्रस्तुति देंगे। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग ताज महोत्सव में आकर इसका आनंद उठाएं।

    निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ताज महोत्सव-2026 के प्रस्तावित नवीन स्थल पर लगभग 04 एकड़ क्षेत्र में समुचित पार्किंग स्थल, फतेहाबाद रोड व ताजनगरी रोड के दोनों साइड एंट्री व एक्जिट की व्यवस्था है। प्रस्तावित मुख्य मंच, कलाकारों हेतु ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, झूले, फ्लावर शो व ओडीओपी प्रदर्शनी स्थान, शौचालय आदि की व्यवस्था की जा रही है। विगत वर्ष में 300 स्टॉल के सापेक्ष इस बार ताज महोत्सव में 500 स्टॉल स्थापित की जाएंगी।  

    निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ताज महोत्सव में इस बार आगरा मंडल के बेहतरीन उत्पादों, ओडीओपी उत्पादों और यूपी हेंडीक्राफ्ट, कार्पेट, पॉटरी आदि की स्टालें लगवाईं जाएं। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर स्टालों का आवंटन किया जाए। लाईटिंग, साज सज्जा, प्रचार प्रसार, कलाकारों के चयन इत्यादि आयोजन से संबंधित सभी निविदाएं समय पर जारी कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।

     जिलाधिकारी ने सभी कार्यक्रमों के तिथिवार आयोजन की सूची तैयारी करने, आयोजन स्थल पर समुचित सुरक्षा और यातायात व्यवस्था हेतु प्लान बनाए जाने, मैदान में कार्पेट की समुचित बिछावन करने, सभी गणमान्यजनों को समय से आमंत्रित करने तथा विभिन्न विभागों-समाज कल्याण विभाग, खादी ग्रामोद्योग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, बाल विकास विभाग इत्यादि विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।(न्यूज़लाइन ब्यूरो)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

अब राशन कार्ड बनवाने के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन

                            प्रमोद कुमार अग्रवाल   राशन कार्ड बनवाने के लिए अब लोगों को आपूर्ति विभाग कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं ...