प्रमोद कुमार अग्रवाल
माध्यमिक विद्यालयों के मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए प्रधानमंत्री विद्या लक्ष्मी योजना के तहत बिना गारंटी के एजुकेशन लोन मिल सकेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक आगरा चंद्रशेखर ने बताया कि योजना के बारे में जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा (माध्यमिक) द्वारा समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्त विहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों, संस्कृत बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध स्कूलों को पत्र जारी कर दिशा निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत आठ लाख रुपए तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले छात्रों को 10 लाख रुपए तक के एजुकेशन लोन पर 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान की सुविधा मिल रही है। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार की अन्य योजना के अंतर्गत तकनीकी या व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में पढ़ रहे छात्रों को ईएमआई में राहत अवधि में पूर्ण ब्याज सब्सिडी का भी लाभ मिल रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि एजुकेशन लोन के लिए क्रेडिट गारंटी फंड स्कीम के तहत 7.5 लाख रुपए तक के लोन पर 75 प्रतिशत तक सरकारी गारंटी उपलब्ध है, जिसमें किसी प्रकार की गिरवी रखना या फिर थर्ड पार्टी गारंटी आवश्यक नहीं है। लोन लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें