आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत बृहस्पतिवार 19 नवंबर से होगी। इस दिन ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग सहित सभी स्मारकों में पर्यटकों को निशुल्क प्रवेश मिलेगा। विरासत को सहेजने के संदेश के साथ भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने सभी स्मारकों में मुफ्त प्रवेश का आदेश जारी किया है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की अधीक्षण पुरातत्वविद डॉक्टर स्मिता कुमार ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवंबर तक मनाया जाएगा। बृहस्पतिवार 19 नवंबर को देश भर के सभी केंद्रीय संरक्षित स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों पर किसी भी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगरा में भी सभी स्मारकों में भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना टिकट प्रवेश कर पाएंगे। ताजमहल में मुख्य मकबरे पर जाने के लिए पर्यटकों को 200 रुपए का निर्धारित टिकट लेना अनिवार्य होगा। इसके बिना मुख्य मकबरे में प्रवेश नहीं मिलेगा।
अधीक्षण पुरातत्वविद ने बताया कि स्मारकों में विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्कूलों के बच्चों के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी जिनमें उन्हें धरोहर सहेजने के बारे में जानकारी दी जाएगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें