आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। जिले में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रविवार 12 जुलाई को पौध रोपण महायज्ञ होगा। जिसमें सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 11 घंटे में कुल 61 लाख 88 हजार पौधे रोपे जाएंगे।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गत दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में पौध रोपण अभियान की तैयारियों से जुड़ी समीक्षा बैठक में बताया कि इस वर्ष पौध रोपण का कुल लक्ष्य 61.88 लाख है। जिसमें से 19 लाख 68 हजार पौधे वन विभाग की ओर से और 42 लाख 20 हजार पहले अन्य विभागों की ओर से रोपे जाएंगे। इससे पूर्व 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले में 7 लाख 94 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस महायज्ञ को सफल बनाने के लिए एक स्कूल एक गांव की थीम तय की गई है। मिशन हरियाली के तहत ग्राम्य विकास और शिक्षा विभाग के समन्वय से सभी सरकारी और निजी स्कूलों को गांवों से जोड़कर सामूहिक पौध रोपण कराया जाएगा। इस अभियान में एनसीसी, एनजीओ, महिला समूह, सेवानिवृत्त कर्मचारी और आम जनता की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सभी अधिकारी क्षेत्र में जाकर गड्ढे की खुदाई और स्थल का भौतिक सत्यापन कर लें। साथ ही पौधों के बेहतर विकास और संरक्षण के लिए गोबर की खाद के अनिवार्य उपयोग पर जोर दें। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिया है कि वह पौध शालाओं से सभी विभागों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराए। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें