शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2026

तीन दिवसीय मंडलीय पुष्प प्रदर्शनी का मंडलायुक्त ने किया शुभारंभ

                             प्रमोद कुमार अग्रवाल 

Agra के फतेहाबाद रोड स्थित ताज महोत्सव आयोजन स्थल पर शुक्रवार 20 से 22 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय मंडलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप द्वारा किया गया। इस अवसर पर उद्यान स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

   मंडलायुक्त ने कहा कि फल-फूल प्रदर्शनी आगरा में मंडल स्तर पर आयोजित की जाती है। इस वर्ष ताज महोत्सव के साथ प्रदर्शनी का आयोजन देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वातावरण को मनोहारी बनाने में फूलों एवं पेड़-पौधों का बहुत बड़ा योगदान है।

   74वीं मंडलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में अनेक स्टालों में आकर्षक पुष्पों के साथ विभिन्न प्रकार की शाकभाजी एवं फल भी प्रदर्शित किये गये है। पशुपालन विभाग द्वारा अपने विभाग से संबंधित जानकारी का स्टाल लगाकर प्रदर्शनी को लुभावना स्वरूप प्रदान किया गया है। प्रदर्शनी में 2,575 उत्कृष्ट नमूनों के साथ लगभग 45 प्रकार की विभिन्न प्रजातियों के मौसमी फूलों का प्रदर्शन किया गया है।

    रंगोली एवं वृज थीम पर पुष्पों से सुसज्जित आकर्षक मॉडल भी प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण बने हुए है। गेंदा, गुलाब, डहेलिया एवं अन्य विभिन्न प्रजातियों का संकलन भी अद्वितीय है। शाकभाजी पंडाल में ब्रोकली, बेवीकॉन, मशरूम, कद्दू, गोभी, बैंगन, टमाटर, मटर तथा फलों में बेर, पपीता, अमरूद, संतरा, चाइना औरेंज भी सबको लुभा रहा है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण उद्यान शाखा आगरा द्वारा बोन्साई, प्रजाति के औषधीय पौधे प्रदर्शित किए गए हैं।

  राजकीय उद्यान अधीक्षक रजनीश पाण्डेय एवं उप निदेशक उद्यान मुकेश कुमार, उप निदेशक उद्यान ने बताया कि प्रदर्शनी में मंडल के 1140 प्रतियोगियों ने भाग लिया है। प्रदर्शनी का सर्वोत्तम पुष्प गमला समूह पुरस्कार सिनरेरिया में राजकीय उद्यान टैंक नंबर 4, सर्वोत्तम पुष्प डहेलिया तथा सर्वोत्तम प्रदर्श फोलियेज गमला समूह का पुरस्कार राजकीय उद्यान जंगीखान, आगरा को प्राप्त हुआ है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Important Orders of Allahabad High Court