गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026

रात 8 बजे तक होगी रजिस्ट्री, रविवार को भी खुलेगा उप निबंधक कार्यालय

                           प्रमोद कुमार अग्रवाल 

    जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों की रजिस्ट्री के लिए अब सदर तहसील आगरा स्थित पांच उप निबंधक कार्यालयों में से एक में प्रतिदिन दोपहर एक बजे से रात 8 बजे तक कार्य हुआ करेगा। वहीं रविवार को भी एक उप निबंधक कार्यालय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुलेगा। यह व्यवस्था 20 फरवरी से लागू होगी।

      सहायक महानिरीक्षक निबंधन योगेश कुमार ने बताया कि आगरा सहित प्रदेश के प्रमुख जिलों के रजिस्ट्री कार्यालयों में रात 8 बजे तक रजिस्ट्री की सुविधा शुरू होने जा रही है। रविवार को अवकाश के दिन भी रोस्टर के अनुसार रजिस्ट्री कार्यालय खोले जाएंगे। शासन के आदेशानुसार जिन तहसीलों में पांच उप निबंधक कार्यालय हैं, वहां एक कार्यालय विशेष रूप से दोपहर एक बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा।

       सहायक महानिरीक्षक निबंधन ने बताया कि रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट दोपहर एक बजे से शाम 7 बजे तक लिए जा सकेंगे। यह व्यवस्था उन नौकरी पेशा लोगों और सरकारी प्रतिनिधियों के लिए की गई है जिन्हें कार्यालय समय के कारण रजिस्ट्री कराने में कठिनाई आती थी। इस व्यवस्था से सरकारी राजस्व में वृद्धि होने के साथ ही लोगों को रजिस्ट्री कराने में बड़ी राहत मिलेगी। अन्य सभी कार्यालय पहले ही की तरह सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुलेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

इलाहाबाद हाईकोर्ट के महत्वपूर्ण आदेश

 Please click, watch, subscribe and share our YouTube Channel 'Newsline Nation ': Pramod Kumar Agrawal