शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025

आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग चला रहा है विशेष अभियान

                         प्रमोद कुमार अग्रवाल 

आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड से वंचित लाभार्थियों के लिए क्यूआर कोड भी जारी किया गया है। इसके लाभार्थियों को पंजीकृत 101 अस्पतालों में 5 लाख रुपए तक के निशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी।

     आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक 8,95,270 लोगों के आयुष्मान कार्ड बन गए हैं। इसमें 70 साल से अधिक उम्र के 42,000 लाभार्थी हैं । इस योजना में कैंसर, किडनी, लिवर समेत सभी तरह की बीमारियों का 5 लाख रुपए तक का इलाज निशुल्क कराया जा सकता है।

    मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत जनपद के 101 अस्पताल पंजीकृत हैं, जिसमें 78 निजी और 30 सरकारी अस्पताल शामिल हैं। इन पंजीकृत अस्पतालों के अलावा क्यूआर कोड से भी कार्ड बनाया जा सकता है। इसके साथ ही 18 सीएचसी, 45 पीएचसी, एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, लेडी लायल, मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, 60 शहरी स्वास्थ्य केंद्र और 93 आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर भी आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।

     आयुष्मान योजना के नोडल प्रभारी डॉक्टर नंदन सिंह ने बताया कि इस योजना में 1.60 लाख लोगों को निशुल्क इलाज मिल चुका है, इसमें लोगों ने कैंसर, किडनी, लिवर, हृदय रोग, हड्डी रोग समेत अन्य बीमारियों का इलाज कराया है। योजना के लाभार्थी आशा, पंचायत समिति और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संपर्क करके भी आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इसके अलावा किसी भी परेशानी पर टोल फ्री नंबर 1800 1800 4444 पर जानकारी कर सकते हैं। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

इलाहाबाद हाईकोर्ट के महत्वपूर्ण आदेश

  कृपया हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब और शेयर करें: प्रमोद कुमार अग्रवाल