बुधवार, 5 फ़रवरी 2025

एसएन मेडिकल कॉलेज में हृदय रोगियों को रियायती दर पर सुविधा

 आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में हृदय रोगियों के लिए कैथ लैब का शुभारंभ हो गया है। बीपीएल कार्ड धारक, असाध्य योजना और आयुष्मान कार्ड धारकों को एंजियोप्लास्टी की सुविधा निशुल्क मिलेगी। वहीं अन्य मरीजों को बेहद रियायती दर पर हृदय रोग की सर्जरी और इलाज की सुविधा मिलेगी। 

    एसएन के प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि 200 करोड़ रुपये की लागत से बने सुपर स्पेशियलिटी सेंटर की पांचवीं मंजिल पर कैथ लैब बनी है। इसमें 12 करोड़ रुपये की मशीन लगाई गई है। कैथ लैब में हृदय रोगियों की एंजियोग्राफी मात्र पांच से छह हजार रुपये में होगी। इसके अलावा एक स्टेंट डलवाने पर 80 से 85 हजार रुपये में एंजियोप्लास्टी होगी। इसमें अस्पताल का शुल्क भी शामिल है। प्राइवेट अस्पतालों में एंजियोग्राफी 12 हजार रुपये से अधिक में और एंजियोप्लास्टी 1.50 लाख रुपये से अधिक में होती है। 
    प्राचार्य ने बताया कि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों की एंजियोप्लास्टी निशुल्क होगी, एंजियोग्राफी इस योजना में शामिल नहीं है। असाध्य योजना और बीपीएल कार्ड धारकों के लिए भी एंजियोप्लास्टी की सुविधा निशुल्क है। हृदय रोग विभाग के डॉक्टर बसंत गुप्ता ने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब शुरू होने से पेसमेकर, बाईपास सर्जरी समेत अन्य की सुविधाएं शुरू हो गई हैं। सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में रोजाना हृदय रोग के मरीजों के लिए ओपीडी चल रही है। 
    डॉक्टर गुप्ता ने बताया कि एंजियोप्लास्टी के बाद इसका फॉलोअप भी मंहगा होता है। एसएन मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए 250 रुपये प्रति दिन का चार्ज है। इसके अलावा 50 रुपये का पर्चा बनता है जो 15 दिन तक मान्य होगा। इस तरह से सर्जरी के बाद दवाएं और अस्पताल में भर्ती के खर्च में भी मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी। भविष्य में हृदय ट्रांसप्लांट की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी है। --प्रमोद कुमार अग्रवाल (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

असहाय लोगों की रजिस्ट्री घर पर ही कराएंगे सब रजिस्ट्रार

                            प्रमोद कुमार अग्रवाल   बुजुर्ग, दिव्यांग और शारीरिक रूप से अक्षम लोगों को अब रजिस्ट्री कराने के लिए सब रजिस्ट्रा...