शुक्रवार, 16 फ़रवरी 2024

आगरा कमिश्नरेट में बीट ऑफिसर संभालेंगे व्यवस्थाएं

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। आगरा कमिश्नरेट की पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड ने बीट सिस्टम में बदलाव किया है। जोन में 1683 बीट बनाकर सिपाहियों को बीट ऑफिसर के रूप में व्यवस्थाएं संभालने के लिए जिम्मेदारी दी गई हैं। सिटी जोन में 615 और ग्रामीण क्षेत्र में 1068 बीट बनाई गई हैं। 
   पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सिपाही अब बीट पुलिस अफसर कहलाएंगे। बीट क्षेत्र की जिम्मेदारी उनके पास रहेगी। बीट प्रणाली लागू होने के बाद थाने में तैनात प्रत्येक सिपाही के पास काम होगा। उन्हें अपनी बीट बुक तैयार करनी होगी। सप्ताह में एसीपी उसका अवलोकन करेंगे। बीट क्षेत्र में कुछ होने पर बीट ऑफिसर से पूछा जाएगा। उसके बाद चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी का नंबर आएगा। 
     पुलिस कमिश्नर के अनुसार सिपाही बने बीट ऑफिसरों को बीपीओ पासपोर्ट, किराएदार, शस्त्र लाइसेंस, चरित्र प्रमाणपत्र का सत्यापन करने, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पाबंद करने की कार्रवाई करने, थाना क्षेत्र में आने वाले प्रार्थनापत्रों की जांच करने और न्यायालय से प्राप्त होने वाले नोटिस व समन की तामील कराने की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। 
    पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुलिस बीट ऑफिसर क्षेत्र में सभी अवैध धंधों पर अंकुश लगाएंगे, छिटपुट झगड़ों में कार्रवाई करेंगे, क्षेत्र में सभ्रांत व्यक्तियों के संपर्क में रहेंगे, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों, जनप्रतिनिधि पुलिस पेंशनर्स, ग्राम प्रधान, ग्राम चौकीदार, लेखपाल, पुलिस मित्र आदि के साथ व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उनसे जुड़ेंगे और सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे। क्षेत्र में नियमित रूप से गश्त पर जाएंगे और जुलूस, गोष्ठी, आदि के संबंध में जानकारी रखेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट इलाहाबाद के महत्वपूर्ण आदेश

 Please click, subscribe and share our YouTube Channel 'Newsline Nation' : Pramod Kumar Agrawal