आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। विदेश और देश के अन्य राज्यों में निवास कर रहे नागरिकों के लिए अब उनके पैतृक गांव की प्रगति में योगदान देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मातृभूमि योजना शुरू की गई है। इसके लिए सरकार ने पोर्टल शुरू कर दिया है।
योजना के तहत यदि कोई प्रवासी भारतीय अपने गांव में स्कूल, हॉस्पिटल, पुस्तकालय, खेल के मैदान, डिजिटल क्लासरूम, सोलर लाइट या सामुदायिक भवन जैसे विकास कार्य कराना चाहता है तो उसे परियोजना की कुल लागत का 60 प्रतिशत हिस्सा दान के रूप में देना होगा। शेष 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार स्वयं वहन करेगी। निर्माण कार्य पूरा होने पर उस भवन या विकास कार्य पर दानदाता या उनके पूर्वजों के नाम का शिलापट्ट लगाया जाएगा। इसके साथ ही दानदाताओं को आयकर अधिनियम के तहत कर छूट का लाभ भी मिलेगा।
आगरा के अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार ने बताया कि आगरा मंडल से जुड़े सभी जिलों आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद एवं मैनपुरी के जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और डीपीआरओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे हिंदी व अंग्रेजी भाषा के ब्रोशर के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, जिससे कि अधिक से अधिक लोग योजना से जुड़ सकें।
आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई मातृभूमि योजना से लोगों को जोड़ने के लिए अधिक से अधिक प्रचार करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी और डीपीआरओ को दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इच्छुक दानदाताओं की सुविधा के लिए सरकार द्वारा एक पोर्टल शुरू किया है, जिसके जरिए विदेश में बैठकर भी आसानी से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदन में दानदाता को अपनी जानकारी देने के साथ यह भी बताना होगा कि वह किस विकास कार्य के लिए योगदान करना चाहते हैं। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें