आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बेहतर पढ़ाने वाले, शोध और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की पहल पर विश्वविद्यालय द्वारा बेस्ट टीचर अवार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयनित शिक्षकों को इस वर्ष होने वाले दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति प्रोफेसर आशु रानी ने बताया कि इस बार कुल चार बेस्ट टीचर अवार्ड दिए जाएंगे। तीन पुरस्कार विश्वविद्यालय से संबद्ध सहायता प्राप्त एवं राजकीय महाविद्यालय के शिक्षकों के लिए और एक पुरस्कार विभागों एवं संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों के लिए रखा गया है। आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
कुलपति ने बताया कि आवेदन करने वाले शिक्षकों को आइक्यूएसी से सत्यापित आवेदन के साथ 10 जुलाई तक ईमेल के माध्यम से नामांकन करना होगा। इसके बाद प्रमाणित हार्ड कॉपी सभी दस्तावेज के साथ विश्वविद्यालय के आइक्यूएसी कार्यालय में 15 जुलाई तक जमा करनी होगी।
कुलपति ने बताया कि पुरस्कार के लिए शिक्षकों के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति, शोध कार्य, पुस्तकों का प्रकाशन, परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियां, संस्थागत योगदान और प्राप्त पुरस्कार सहित अन्य उपलब्धियों को शामिल किया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें