बुधवार, 6 मई 2026

डिजिटल जनगणना की तैयारी पूरी, सात मई से शुरू होगी स्व गणना

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। पहली बार होने जा रही डिजिटल जनगणना की तैयारी पूरी हो गई है। बृहस्पतिवार सात मई से स्व गणना शुरू हो जाएगी जो 21 मई तक चलेगी। घर बैठे लोग मोबाइल से अपना ब्यौरा दर्ज कर सकेंगे। उनसे कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनके जवाबों का सत्यापन प्रगणकों द्वारा घर घर जाकर किया जाएगा। गलत या अधूरी जानकारी देने और जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

     जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि जनगणना के पहले चरण के अंतर्गत सात से 21 मई तक स्व गणना के लिए पोर्टल खुल जाएगा। पोर्टल पर जाकर नागरिक अपने मोबाइल या लेपटॉप से 15 दिनों के भीतर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। 

   जिलाधिकारी ने बताया कि स्व गणना के बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक मकानों के सूचीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। इस दौरान 10 हजार गणना कर्मचारी जिले में घर घर जाकर ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। जिन लोगों द्वारा ऑनलाइन जानकारी नहीं भरी होगी, उनका डाटा डिजिटल डिवाइस के माध्यम से दर्ज करेंगे।

    जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 में कुल 33 प्रश्नों से संबंधित जानकारी मांगी जाएगी। इनमें मकान संख्या, मकान निर्माण में लगी सामग्री, मकान का उपयोग, परिवार में सदस्यों की कुल संख्या, परिवार के मुखिया का नाम और जाति आदि जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।

   जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी से गायब रहने अथवा कार्य में लापरवाही बरतने वाले प्रगणकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वे पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता को इस अभियान में सहभागिता निभाने के लिए जागरूक करें। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

पर्सन इंचार्ज के तौर पर एक ही अस्पताल को मिलेगा लाइसेंस

आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब पर्सन इंचार्ज के तौर पर एक ही अस्पताल को लाइसेंस दिए जाने का निर्णय लिया गया है। एक स...