आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल) एक किलो वॉट के विद्युत उपभोक्ताओं का रिचार्ज खत्म होने पर अब बिजली नहीं कटेगी। स्मार्ट मीटर को रिचार्ज करने के लिए अब उन्हें 3 दिन के बजाय 30 दिन का समय मिलेगा। इस नई व्यवस्था से जिले के करीब दो लाख बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी ने बताया कि आगरा जोन में करीब 4:30 लाख उपभोक्ता है। जिनमें से 1.70 लाख उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। बाकी 2.70 लाख उपभोक्ताओं के पुराने मीटर स्मार्ट मीटर से बदले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1.70 लाख उपभोक्ताओं में करीब 22 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने बिल जमा नहीं किया है। उनके घर जाकर विद्युत विभाग बिल जमा करने के लिए संपर्क कर रहा है। ऐसे उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूक करने के लिए भी शिविर लगाए जाएंगे।
मुख्य अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर के बाद मैन्युअल बिलिंग बंद हो गई है। उपभोक्ताओं को अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर करना होगा। क्योंकि रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ही बिल और रिचार्ज संबंधी जानकारियां मिलेंगी। इसके अलावा निगम की वेबसाइट के माध्यम से भी उपभोक्ता ऑनलाइन बिल जमा कर सकेंगे।
मुख्य अभियंता के अनुसार स्मार्ट मीटर में बिजली दो प्रतिशत सस्ती मिलेगी। एक किलो वॉट तक के उपभोक्ताओं को रिचार्ज करने के लिए अब 30 दिन का समय मिलेगा। रिचार्ज नहीं होने पर भी उनकी बिजली तत्काल नहीं कटेगी। वहीं दो किलोवाट से अधिक क्षमता वाले कनेक्शन के लिए कोई राहत नहीं दी गई है। ऐसे उपभोक्ताओं को बिजली कटने से बचने के लिए अपने स्मार्ट मीटर को पहले ही रिचार्ज करना होगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें