आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा होली पर पूरे जनपद में कड़ा पहरा रखे जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से शहर को छह जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। जोन की जिम्मेदारी एसीपी को और सेक्टर की जिम्मेदारी थाना प्रभारियों को सौंपी गई है।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि होली पर शहर के संवेदनशील स्थानों पर पैरा मिलिट्री फोर्स और पीएसी तैनात की जाएगी। हुड़दंग करने वालों पर पुलिस सख्ती से पेश आएगी और उन्हें सीधे हवालात का रास्ता दिखाया जाएगा। होली पर पुलिसकर्मी दोपहिया वाहनों से क्षेत्र में गश्त करेंगे। विगत वर्षों में आई शिकायतों को ध्यान में रखते हुए विवाद की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित किया गया है।
डीसीपी सिटी ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में शांति कमेटी की बैठक आयोजित कर धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से वार्ता की गई है। किसी भी विवादित स्थान पर होलिका दहन की अनुमति नहीं दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर पैरा मिलिट्री फोर्स के अलावा करीब दो हजार पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। कोई भी व्यक्ति हुड़दंग करता मिला तो उसे हवालात में भेज दिया जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें