प्रमोद कुमार अग्रवाल
आगरा के डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर स्थित कन्हैया लाल माणिक लाल मुंशी हिंदी तथा भाषा विज्ञान विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में अत्याधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो और हाईटेक लैंग्वेज लैब स्थापित की जाएंगी।
विद्यापीठ के निदेशक प्रोफेसर प्रदीप श्रीधर ने बताया कि पॉडकास्ट स्टूडियो पत्रकारिता के विद्यार्थियों को ऑडियो जर्नलिज्म, डिजिटल मीडिया, साक्षात्कार कला, स्क्रिप्ट लेखन और प्रस्तुतीकरण का व्यावहारिक प्रशिक्षण देगा। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय में आने वाले शिक्षाविदों, साहित्यकारों और विशिष्ट अतिथियों के संवाद रिकॉर्ड किए जाएंगे, जिससे शैक्षणिक डिजिटल कंटेंट का संग्रह तैयार होगा।
निदेशक ने बताया कि हाईटेक लैंग्वेज लैब के जरिए भाषा शिक्षण को अधिक वैज्ञानिक और रोजगार युक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा। यह विद्यार्थियों की उच्चारण शुद्धता, संवाद कौशल और भाषायी आत्मविश्वास को मजबूत करने में सहायक होगी। साथ ही भाषा विज्ञान, अनुवाद और संप्रेषण से जुड़े शोध कार्यों को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि शिक्षक और शोध के साथ नवाचार को बढ़ावा देना विद्यापीठ की प्राथमिकता है, ताकि भाषा और पत्रकारिता की शिक्षा समय की जरूरत से जुड़ी रहे।(न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें