प्रमोद कुमार अग्रवाल
पुलिस कमिश्नरेट आगरा की एसीपी डॉक्टर सुकन्या शर्मा का कहना है कि अगर किसी तरह की साइबर ठगी हो जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है। जिस तरह दुर्घटना में घायलों को बचाने के लिए एक घंटे का गोल्डन आवर होता है, उसी तरह साइबर अपराध की घटना में भी गोल्डन आवर होता है। जितनी जल्दी साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करेंगे उतनी जल्दी पुलिस खातों को ब्लॉक कर रुपए वापस दिलाने में प्रयास करेगी।
एसीपी ने बताया कि अगर कोई अनजान व्यक्ति कॉल करके लोगों से रुपयों की मांग करता है, नौकरी लगवाने और रुपए कमाने का लालच देता है, पुलिस और सीबीआई अधिकारी बनकर धमकाता है तो समझ जाएं की ठगी होने वाली है। ऐसे लोगों के झांसे में भूल कर भी न आएं। उनकी कॉल तत्काल काट दे और इसकी शिकायत पुलिस से करें। अनजान व्यक्ति को ओटीपी न बताएं।
एसीपी ने बताया कि अगर अपने घर के आसपास कोई भी अपराध की घटना हो तो चुप ना रहें , बल्कि
घर बैठे ही 112 नंबर पर कॉल करें। महिलाओं के प्रति अपराध होने पर 1090 पर कॉल करें। लखनऊ में बैठे पुलिसकर्मी शिकायत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी काम ऐसा ना करें जिससे पुलिस के चक्कर में फंस जाएं। किसी के झगड़े में न जाएं। अगर मदद चाहिए तो पुलिस को कॉल करें। अगर कोई लड़की मुसीबत में है तो उसकी सहायता करें। दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने पर पुलिस परेशान नहीं करती है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो )
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें