शुक्रवार, 14 नवंबर 2025

आगरा के एसएन हॉस्पिटल में विकसित हो रहीं मिनी एम्स की सुविधाएं, सीने के जटिल रोगों की होगी सर्जरी

                प्रमोद कुमार अग्रवाल

 इंटीग्रेटेड योजना के तहत आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में मिनी एम्स की सुविधाएं विकसित हो रही हैं। इसमें 130 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट बन रही है। यह 15 महीने में तैयार हो जाएगी। इसमें फेफड़ों के कैंसर, निमोनिया, अस्थमा, टीवी समेत सीने से संबंधित सभी गंभीर बीमारियों का इलाज होगा। फेफड़ों की सर्जरी के साथ ट्रांसप्लांट की सुविधा भी होगी। मल्टी ड्रग रेसिस्टेंट टीबी के मरीजों का आइसोलेशन कक्षों में इलाज होगा।

   प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि इंटीग्रेटेड योजना में कॉलेज में मिनी एम्स की सुविधाएं विकसित होने के बाद आगरा एवं आसपास के मरीजों को मिनी एम्स की सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। अगले साल दिसंबर तक इसका निर्माण पूरा हो जाएगा। विशेषज्ञों की नियुक्ति करने के बाद मरीजों के लिए सेवाएं शुरू कर दी जाएगी। अभी सर्जरी विभाग में संचालित वक्ष एवं क्षय रोग विभाग भी इसी में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

   प्राचार्य ने बताया कि लेडी लॉयल परिसर में 130 बेड की 10 मंजिला इमारत का निर्माण हो रहा है। इसमें एमडीआर टीबी के मरीजों के लिए 25 कमरे बनवाए जा रहे हैं। यह आइसोलेट होंगे, इससे अन्य कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं होगा। निमोनिया, अस्थमा, सांस रोगियों समेत सीने की अन्य बीमारियों के मरीजों के लिए 25 बेड का वार्ड बन रहा है। 

   टीबी के मरीजों के लिए 50 बेड के वार्ड होंगे। इसमें चार ऑपरेशन थिएटर होंगे, जिसमें फेफड़ों में कैंसर समेत अन्य की सर्जरी हो सकेगी। भविष्य में फेफड़े के ट्रांसप्लांट की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इसमें 30 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट होगी, जिसमें सीने के गंभीर रोगियों का उपचार होगा। इसमें वेंटीलेटर समेत अन्य जीवन रक्षक उपकरणों की सुविधा होगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

मूक बधिर दिव्यांगों से अब सांकेतिक भाषा में बात करेंगे ताजनगरी के पुलिसकर्मी

                  प्रमोद कुमार अग्रवाल

 ताजमहल और उसके आसपास के क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मी अब मूक बधिर पर्यटकों से सांकेतिक भाषा में बात करके उनकी हर संभव मदद करेंगे। ताजगंज सर्किल पर तैनात 175 पुलिसकर्मियों को इसके लिए एक सोसायटी के सहयोग से प्रशिक्षित किया गया है। इसके तहत सुरक्षा और पर्यटन थाने के सभी पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। चार बैच में सभी को सांकेतिक भाषा का बुनियादी ज्ञान दिया गया है। 

  आगरा के एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि ताजमहल देखने के लिए हर श्रेणी के पर्यटक पहुंचते हैं। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर बेसिक इंडियन साइन लैंग्वेज नाम से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें 40-40 पुलिसकर्मियों के चार बैच बनाकर ताजगंज, ताज सुरक्षा, पर्यटन और एकता थाने के 175 पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा का बुनियादी प्रशिक्षण दिया गया है। ताजगंज सर्कल में स्थित होटल और अन्य जगहों पर आने वाले मूक बधिर दिव्यांगों से यह पुलिसकर्मी सांकेतिक भाषा में बात करके उन्हें अपनेपन के साथ सुरक्षा का एहसास दिलाएंगे। 

   एसीपी ने बताया कि इसके अलावा मूक बधिर दिव्यांग पर्यटकों को किसी गलत व्यक्ति के हाथ में फंसकर ठगी का शिकार होने से बचाने में भी ये पुलिसकर्मी मदद करेंगे। सांकेतिक भाषा के प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को दैनिक संवाद, सार्वजनिक सहायता और आपातकालीन परिस्थितियों से संबंधित सांकेतिक भाषा के आवश्यक संकेत एवं व्यावहारिक प्रयोग सिखाए गए हैं। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

साइबर अपराधियों का शिकार बनने पर तुरंत करें शिकायत

                   प्रमोद कुमार अग्रवाल

 साइबर क्राइम करने वाले ठग नए-नए तरीके अपना कर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर भोलेभाले लोगों को अपने जाल में फंसा कर लाखों रुपए खातों में जमा करा लिए जात हैं। ऐसे में साइबर अपराधियों का शिकार होने पर पर पीड़ित को बगैर देने किए तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा साइबर थाने में अपनी शिकायत दर्ज करनी चाहिए। 

     आगरा के अपर पुलिस उपायुक्त नगर आदित्य सिंह ने बताया कि इन दोनों लोगों को साइबर अपराधियों द्वारा तरह-तरह से अपना शिकार बनाकर उनकी मेहनत व खून पसीने की कमाई को खाते से निकाला जा रहा है। ऐसी स्थिति में पीड़ित को तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। पुलिस को जितनी जल्दी धोखाधड़ी की शिकायत मिलती है, उतनी जल्दी ही रुपया वापस मिलने की उम्मीद होती है। इसके लिए खातों को फ्रीज कराया जाता है। देश से बाहर जाने वाली रकम की जानकारी अन्य माध्यमों से पता की जाती है। 

    अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि क्रिप्टो करेंसी में बदली गई रकम का वापस मिलना आसान नहीं होता है। इसलिए लोगों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि अनजान नंबर से आने वाली किसी भी कॉल पर भरोसा ना करें। अगर फोन करके कोई व्यक्ति डिजिटल अरेस्ट की बात कर रहा है तो समझ जाएं कि ठगी का शिकार होने वाले हैं। 

    पुलिस द्वारा साइबर ठगी के मामलों को देखते हुए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। साइबर अपराध होने पर पीड़ित 1930 नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत घर बैठे दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा अपने नजदीकी थाने अथवा साइबर थाने में भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।(न्यूज़लाइन ब्यूरो)

बिना अनुमति नई कक्षा या सेक्शन चलाने वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई

                  प्रमोद कुमार अग्रवाल

आगरा जनपद में बिना अनुमति नई कक्षाएं या सेक्शन चलने वाले निजी स्कूल अब जांच के दायरे में है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा निजी स्कूलों की गड़बड़ी और मनमानी पर उनसे अनुमति पत्र मांगा गया है।

   जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गौड़ ने बताया कि शासनादेश के अनुसार किसी भी स्कूल को बिना अनुमति नई कक्षा या सेक्शन खोलने, बंद करने या स्थानांतरित करने की अनुमति नहीं है। शहर में कई ऐसे निजी स्कूल हैं जहां मनमानी की जा रही है। कई निजी स्कूल बिना अनुमति के नई कक्षाएं चला रहे हैं।

   उन्होंने बताया कि ऐसे स्कूलों की सूची तैयार कर ली गई है। स्कूल के सभी प्रधानाचार्य को निर्देश दिया गया है कि वे उच्च अधिकारियों से अनुमति पत्र लेकर कार्यालय में जमा करें। इसके अलावा उन्हें यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर समय पर अनुमति नहीं दी गई या आगे भी बिना अनुमति के कक्षाएं चलती पाई गई तो स्कूलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रधानाचार्य की होगी। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

सर्दी के मौसम में निमोनिया से बचाव के लिए बच्चों को कराएं स्तनपान

                प्रमोद कुमार अग्रवाल

 सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही छोटे बच्चों में निमोनिया जैसी जटिल बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए मां का दूध प्राकृतिक सुरक्षा कवच है, जो बच्चों को निमोनिया के अलावा विभिन्न संक्रमणों से भी बचाता है।

    एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा के बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राम क्षितिज शर्मा ने बताया कि स्तनपान बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। स्तनपान से बच्चों में निमोनिया जैसी बीमारियों की संभावना भी काफी हद तक कम हो जाती है। सर्दी के मौसम में बच्चों में खांसी, जुकाम, बुखार और सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षणों के साथ निमोनिया के मामले भी बढ़ जाते हैं।

  डॉक्टर शर्मा ने बताया कि निमोनिया के लक्षणों में तेजी से सांस चलना या सांस लेने में कठिनाई होना, लगातार खांसी, तेज बुखार, छाती में दर्द या पसलियों का तेज चलना, त्वचा का नीला पड़ना देखे जा सकते हैं। बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए निर्धारित समय अंतराल पर टीका लगवाएं, तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें, उपचार में लापरवाही ना बरतें और बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए उन्हें गर्म कपड़े पहनाएं। इसके अलावा बच्चों को ठंडे खाद्य पदार्थ न दें। समय पर निमोनिया की पहचान और सही इलाज से इस बीमारी को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।(न्यूज़लाइन ब्यूरो)


बुधवार, 12 नवंबर 2025

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता खराब होने पर दर्ज होगी एफआईआर

                प्रमोद कुमार अग्रवाल

आगरा शहर में नगर निगम के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की रेंडम जांच की जाएगी। जांच के दौरान गुणवत्ता खराब मिलने पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज होगी। 

    नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि निगम की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश देते हुए कहा गया है कि सभी अधिकारी लगातार जांच करते रहेंगे। निर्माण कार्यों में किसी भी तरह के लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया है कि सीएम ग्रिड से संबंधित कार्यों की ड्राइंग जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए, जिससे कि कार्य समय पर प्रारंभ हो सके। 

   नगर आयुक्त ने अधिकारियों को शहर की सड़कों की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए हैं कि सड़कों पर बने मैनहोल और गड्ढों की तत्काल मरम्मत करा कर उन्हें रिपोर्ट सौंपी जाए। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान उत्पन्न होने वाले निर्माण मलबे का समय पर उठान सुनिश्चित कराया जाए। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

जीआईसी ग्राउंड पर बनेगा आधुनिक मिनी स्टेडियम

                  प्रमोद कुमार अग्रवाल

आगरा शहर के मध्य में स्थित जीआईसी ग्राउंड पर जल्द ही आधुनिक मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। जीआईसी मैदान में मिनी स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। इसके लिए सरकार ने 5 करोड रुपए की राशि को मंजूरी दी है। मिनी स्टेडियम सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि इसमें मल्टी स्पोर्ट्स काम्पलेक्स भी विकसित किया जाएगा। 

    उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि मिनी स्टेडियम के निर्माण से युवा प्रतिभा में और निखार आएगा। अभी तक उन्हें अभ्यास के लिए सदर बाजार स्थित एकलव्य स्टेडियम में जाना पड़ता था। जिससे समय अधिक लगता था। अब शहर के बीच ही मिनी स्टेडियम के बनने के बाद उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध हो जाएंगी। स्टेडियम में क्रिकेट के लिए बेहतरीन पिच, फुटबॉल और एथलेटिक्स के लिए मैदान एवं ट्रैक बनाया जाएगा। यह स्टेडियम बड़ा और सुविधाजनक होगा। इसमें छोटे-बड़े सभी खेल आयोजित हो सकेंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

एसएन मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई विट्रियो-रेटिनल सर्जरी

             प्रमोद कुमार अग्रवाल

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग में विट्रियो-रेटिनल सर्जरी की सुविधा एक दशक बाद दोबारा शुरू हो गई है। इससे गंभीर नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या दूसरे शहरों में नहीं जाना होगा। 

   नेत्ररोग विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर स्निग्धा सेन ने बताया कि रेटिना संबंधी जटिल बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इसके लिए प्राइवेट अस्पतालों में जाने से आर्थिक बोझ के साथ समय भी नष्ट करना पड़ता था। अब विभाग में अत्याधुनिक विट्रेक्टॉमी मशीन, लेजर उपकरण और आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित विट्रियो-रेटिनल सर्जरी यूनिट स्थापित की गई है। प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने इस उपलब्धि को नेत्र चिकित्सा क्षेत्र में मील का पत्थर बताया है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

एफआईआर दर्ज नहीं करने पर होगी कार्रवाई : पुलिस आयुक्त

              प्रमोद कुमार अग्रवाल

 थाने में आने वाले पीड़ितों की सुनवाई नहीं करने और फिर एफआईआर दर्ज नहीं करने पर संबंधित लापरवाह पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के निर्देश आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने किए हैं।

   पुलिस आयुक्त ने कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत सुनी जाए और अनावश्यक रूप से परेशान ना किया जाए। गैंगस्टर एक्ट के वांछित ऑन की गिरफ्तारी करें। धारा 141(1) में संपत्ति का जब्तीकरण करें तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत चिन्हित अपराधियों की संपत्ति जब्त करें। आईजीआरएस के प्रार्थना पत्रों की जांच में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाने में बैठकर सत्यापन नहीं किया जाए बल्कि जांच अधिकारी मौके पर जाएं।

   पुलिस आयुक्त ने कहा कि शिकायत का निराकरण करने में लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एंटी रोमियो टीम को सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों और कॉलेज के आसपास नियमित रूप से सक्रिय रखने, फास्ट ट्रैक कोर्ट में महिला संबंधी मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने एवं मेट्रो निर्माण के कार्य को देखते हुए संकेतक व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश भी पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को दिए हैं। (न्यूजलाइन ब्यूरो)

अवैध खनन को रोकने के लिए ड्रोन से हो रहा है खनन प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे

                प्रमोद कुमार अग्रवाल

राजस्थान और मध्य प्रदेश से हो रहे अवैध खनन के वाहनों पर रोक लगाने के लिए आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने विशेष प्लान तैयार किया है। इसके तहत ड्रोन से खनन के वाहनों के गुजरने वाले क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है। इन रास्तों पर एआई कैमरों से निगरानी की जाएगी। ओवरलोड और बिना इंटर स्टेट ट्रांजिट परमिट के वाहन मिलने पर सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस आयुक्त ने बताया कि अवैध खनन को रोकने के लिए टास्क फोर्स  का गठन किया गया है। खनन क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से सर्वे कराया जाएगा और इसकी रिपोर्ट 15 दिन में ली जाएगी। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खनन के वाहनों के निकलने पर संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनन वाले संभावित रूट पर एआई कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे वाहनों के नंबर से ओवरलोड और खनन के वाहनों की पहचान करके चालान की कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही इनकी फीड चौकी और थाने में भी रखी जाएगी। इसके अलावा कंट्रोल रूम में भी वीडियो फुटेज देखे जा सकेंगे। 

    पुलिस आयुक्त ने बताया कि अवैध खनन के वाहन गुजरते मिलने पर चौकी प्रभारी और थानाध्यक्ष जिम्मेदार होंगे। चेकिंग टीम के पास बॉडी वार्न कैमरा होना आवश्यक है। इसे ऑन रखना होगा। जिससे किसी तरह की अवैध वसूली और अभद्रता की शिकायत पर कार्रवाई की जा सके। एसीपी और डीसीपी पुलिस कार्रवाई की निगरानी करेंगे। जनपद में कहीं भी गिट्टी, मोरंग और मिट्टी का पट्टा नहीं दिया गया है। 

  पुलिस आयुक्त ने बताया कि खनन रोकने के लिए बनाईं टीमें राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमा पर चेकिंग करेंगी। यहां पर बैरियर लगाए जाएंगे। चालक के पास इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट परमिट के साथ ही इंटर स्टेट ट्रांजिट परमिट की जांच भी की जाएगी। परमिट के न मिलने पर वाहन को सीज कर दिया जाएगा। किसी भी तरह का ओवरलोड ट्रक, डंपर और ट्रैक्टर ट्रॉली सुबह 9 से रात 9 बजे तक देहात के पिनाहट, मनसुखपुरा, शमशाबाद, इरादत नगर, सैंया, मलपुरा, कागारौल, बसई जगनेर, अछनेरा, फतेहपुर सीकरी, खैरागढ़ में नहीं दौड़ेंगे।।रात में ही इन वाहनों को चलने की अनुमति होगी। (न्यूजलाइन ब्यूरो)

गुरुवार, 6 नवंबर 2025

खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय मंच देने के लिए ग्रेटर आगरा में 50 एकड़ में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम

               प्रमोद कुमार अग्रवाल

ताज नगरी में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय मंच प्रदान करने के लिए 50 एकड़ में प्रस्तावित ग्रेटर आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण होगा। जहां क्रिकेट से लेकर फुटबॉल तक के मैच आयोजित होंगे। वहीं घरेलू प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा योजना का प्रस्ताव बनाया गया है। 

   आगरा विकास प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि खेल प्रतिभाओं के लिए आगरा में लंबे समय से एक अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम की कमी महसूस की जा रही थी। विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे द्वारा इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया गया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश शासन ने खेल निदेशालय को आगरा में स्टेडियम के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे।
 
   मंडलायुक्त ने बताया कि उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप स्टेडियम के लिए ग्रेटर आगरा की डीपीआर, डिजाइन और अध्ययन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली को दिए थे। ग्रेटर आगरा में सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 10 टाउनशिप बसाई जाएंगी। जिनमें चौड़ी सड़कें, पार्क, अस्पताल और स्कूल होंगे। 

   आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि इनर रिंग रोड पर बसने वाले ग्रेटर आगरा का लेआउट भी स्वीकृत हो चुका है। आगरा विकास प्राधिकरण इनर रिंग रोड स्थित रायपुर और रहनकलां गांव में 459 हेक्टेयर जमीन पर ग्रेटर आगरा विकसित करेगा। ग्रेटर आगरा में 10 आवासीय टाउनशिप होंगी जिनमें 4,353 भूखंड और ग्रुप हाउसिंग अपार्टमेंट होंगे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

अब 69 श्रेणी के कारोबार के लिए अनिवार्य होगा व्यापार लाइसेंस पंजीकरण

              प्रमोद कुमार अग्रवाल

 स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए आगरा के बिजली विभाग द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं के हित में एक योजना शुरू की गई है। इसमें उपभोक्ता मीटर लगवाने के लिए एक बार में 6016 रुपये दे सकते हैं। वहीं एक बार में भुगतान करने में असुविधा होने पर किस्तों में भी धनराशि अदा कर सकते हैं।

   दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड आगरा के मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी ने बताया कि योजना को उपभोक्ताओं के हित में दो भागों में विभाजित किया गया है। एक योजना झोपड़ी और पटरी दुकानदारों के लिए है। ऐसे दुकानदारों को 60 महीने तक 150 रुपए प्रतिमाह देकर विद्युत कनेक्शन लेने की सुविधा दी गई है। 
   मुख्य अभियंता ने बताया कि इसके साथ ही कनेक्शन लेते समय वे1000 रुपये की प्रारंभिक राशि का भुगतान कर 125 रुपए 60 महीने में जमा कर सकते हैं। वहीं दूसरी योजना के अंतर्गत सिंगल फेज मीटर लगवाने वाले अन्य उपभोक्ताओं को 12 सामान किस्तों में पूरी धनराशि जमा करने की सुविधा दी जाएगी। उनकी इन किस्तों पर साढ़े बारह प्रतिशत का बकाया शुल्क भी लगेगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

आगरा में 100 वर्ष पुराने वृक्षों का होगा संरक्षण

             प्रमोद कुमार अग्रवाल 

देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एक सौ साल पुराने वृक्षों को बचाने की एक अनोखी मुहिम शुरू की गई है। आगरा के वन विभाग द्वारा बरगद, इमली और पीपल जैसे 100 साल से भी ज्यादा पुराने वृक्षों की सुरक्षा किए जाने और परिषदीय स्कूलों के बच्चों को इनके बारे में जानकारी देने की योजना तैयार की गई है।

     जिला वन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि आगरा में 100 वर्ष पुराने ऐसे वृक्ष मौजूद है, जिनके नीचे क्रांतिकारियों ने बैठकर गुप्त बैठकें कीं, संदेशों का आदान-प्रदान किया और आंदोलन की योजनाएं बनाईं। अब ऐसे वृक्षों की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी वन विभाग द्वारा उठाई जा रही है। शहर में सात ऐसे विरासत वृक्षों को चिन्हित किया गया है जो 100 वर्ष पूरे कर चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा चार वृक्ष शाहजहां पार्क में हैं। इसके अलावा आगरा क्लब, रामबाग पार्क और ताजमहल परिसर में एक-एक वृक्ष मौजूद हैं। ये सभी वृक्ष प्रकृति की धरोहर होने के साथ ही देश की आजादी के इतिहास के गवाह हैं। 
   जिला वन अधिकारी ने बताया कि ऐसे ऐतिहासिक वृक्षों के संरक्षण के लिए वृक्षों के नजदीक विवरण के साथ बोर्ड लगाए जाएंगे। जिससे लोगों को पढ़कर ही उन वृक्षों के संबंध में जानकारी मिल सके। इसके अलावा परिषदीय स्कूलों में जाकर और बच्चों को इन वृक्षों के पास ले जाकर वृक्षों के ऐतिहासिक महत्व की कहानी बताई जाएगी। शिक्षक उन्हें समझाएंगे कि कैसे इन वृक्षों की छांव में क्रांतिकारी एकजुट होते थे। इससे बच्चों में नए वृक्ष लगाने की प्रेरणा मिलेगी। शहर में 100 वर्ष पुराने वृक्षों की जानकारी देने के लिए जिला वन अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण के दौरान साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील

              प्रमोद कुमार अग्रवाल

आगरा जिले की नौ विधानसभा क्षेत्रों में 35.99 लाख मतदाताओं का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू हो गया है। बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं से एक फॉर्म भरवाएंगे। ऐसे में साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बना सकते हैं। ठगी से बचने के लिए भूल कर भी ओटीपी, पासवर्ड और बैंक विवरण की जानकारी किसी को ना दें। 

   जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने बताया कि बूथ लेवल ऑफिसर सिर्फ मैन्युअल फॉर्म भरवाएंगे। घरो पर जाकर मतदाताओं से किसी तरह की कोई ऑनलाइन औपचारिकता नहीं कराई जाएगी और न ही मतदाता को कोई कॉल की जाएगी। इसके अलावा किसी तरह का कोई ओटीपी या पासवर्ड  भी नहीं मांगा जाएगा। फॉर्म में आधार नंबर भरने का कॉलम होगा, लेकिन यह भी स्वैच्छिक है। 
   जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में रिश्तेदार का नाम भी जांचा जाएगा। फॉर्म में रिश्तेदार से संबंध और मतदाता पहचान पत्र का एपिक नंबर भरना होगा। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म 6 घोषणा पत्र भरना होगा। वहीं सूची से नाम हटाने के लिए फार्म सात भरना होगा। नाम में सुधार या स्थानांतरण के लिए मतदाता को फार्म आठ स्वयं भरना होगा। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर यह तीनों फॉर्म ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं। अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

यातायात माह के लिए पुलिस आयुक्त ने दिए निर्देश

                प्रमोद कुमार अग्रवाल 

पुलिस कमिश्नरेट आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने गत दिवस ताजनगरी में यातायात माह का शुभारंभ करते हुए वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। 

   पुलिस आयुक्त ने चालकों से कहा है कि दो पहिया वाहन चालक हेलमेट लगाकर चलें। चार पहिया वाहन चालक वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। अगर कोई व्यक्ति अपने वाहन से आम लोगों का रास्ता रोकता है तो पुलिस से शिकायत करें। 
   पुलिस आयुक्त ने कहा कि आगरा पुलिस सोशल मीडिया पर पूरी तरह से एक्टिव है। पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर हैं। रास्ता रोकने वाले वाहन का फोटो खींचकर सोशल मीडिया एकाउंट पोस्ट करने  पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। 
    
     पुलिस आयुक्त ने कहा कि आगरा पुलिस सोशल मीडिया पर यातायात का हर अपडेट देती है। लोग अपनी शिकायत और समस्याएं सोशल मीडिया पर पोस्ट करके समाधान करा सकते हैं। (न्यूज़लाइन ब्यूरो) 

जनपद न्यायालय आगरा में 22 फरवरी को लगेगा वृहद विधिक साक्षरता सेवा शिविर

                        प्रमोद कुमार अग्रवाल   राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ क...