प्रमोद कुमार अग्रवाल
राजस्थान और मध्य प्रदेश से हो रहे अवैध खनन के वाहनों पर रोक लगाने के लिए आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने विशेष प्लान तैयार किया है। इसके तहत ड्रोन से खनन के वाहनों के गुजरने वाले क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है। इन रास्तों पर एआई कैमरों से निगरानी की जाएगी। ओवरलोड और बिना इंटर स्टेट ट्रांजिट परमिट के वाहन मिलने पर सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि अवैध खनन को रोकने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है। खनन क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से सर्वे कराया जाएगा और इसकी रिपोर्ट 15 दिन में ली जाएगी। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खनन के वाहनों के निकलने पर संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनन वाले संभावित रूट पर एआई कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे वाहनों के नंबर से ओवरलोड और खनन के वाहनों की पहचान करके चालान की कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही इनकी फीड चौकी और थाने में भी रखी जाएगी। इसके अलावा कंट्रोल रूम में भी वीडियो फुटेज देखे जा सकेंगे।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि अवैध खनन के वाहन गुजरते मिलने पर चौकी प्रभारी और थानाध्यक्ष जिम्मेदार होंगे। चेकिंग टीम के पास बॉडी वार्न कैमरा होना आवश्यक है। इसे ऑन रखना होगा। जिससे किसी तरह की अवैध वसूली और अभद्रता की शिकायत पर कार्रवाई की जा सके। एसीपी और डीसीपी पुलिस कार्रवाई की निगरानी करेंगे। जनपद में कहीं भी गिट्टी, मोरंग और मिट्टी का पट्टा नहीं दिया गया है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि खनन रोकने के लिए बनाईं टीमें राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमा पर चेकिंग करेंगी। यहां पर बैरियर लगाए जाएंगे। चालक के पास इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट परमिट के साथ ही इंटर स्टेट ट्रांजिट परमिट की जांच भी की जाएगी। परमिट के न मिलने पर वाहन को सीज कर दिया जाएगा। किसी भी तरह का ओवरलोड ट्रक, डंपर और ट्रैक्टर ट्रॉली सुबह 9 से रात 9 बजे तक देहात के पिनाहट, मनसुखपुरा, शमशाबाद, इरादत नगर, सैंया, मलपुरा, कागारौल, बसई जगनेर, अछनेरा, फतेहपुर सीकरी, खैरागढ़ में नहीं दौड़ेंगे।।रात में ही इन वाहनों को चलने की अनुमति होगी। (न्यूजलाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें