प्रमोद कुमार अग्रवाल
आगरा जिले की नौ विधानसभा क्षेत्रों में 35.99 लाख मतदाताओं का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू हो गया है। बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं से एक फॉर्म भरवाएंगे। ऐसे में साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बना सकते हैं। ठगी से बचने के लिए भूल कर भी ओटीपी, पासवर्ड और बैंक विवरण की जानकारी किसी को ना दें।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने बताया कि बूथ लेवल ऑफिसर सिर्फ मैन्युअल फॉर्म भरवाएंगे। घरो पर जाकर मतदाताओं से किसी तरह की कोई ऑनलाइन औपचारिकता नहीं कराई जाएगी और न ही मतदाता को कोई कॉल की जाएगी। इसके अलावा किसी तरह का कोई ओटीपी या पासवर्ड भी नहीं मांगा जाएगा। फॉर्म में आधार नंबर भरने का कॉलम होगा, लेकिन यह भी स्वैच्छिक है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में रिश्तेदार का नाम भी जांचा जाएगा। फॉर्म में रिश्तेदार से संबंध और मतदाता पहचान पत्र का एपिक नंबर भरना होगा। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म 6 घोषणा पत्र भरना होगा। वहीं सूची से नाम हटाने के लिए फार्म सात भरना होगा। नाम में सुधार या स्थानांतरण के लिए मतदाता को फार्म आठ स्वयं भरना होगा। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर यह तीनों फॉर्म ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं। अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें