गुरुवार, 1 जनवरी 2026

मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहे लोग कर रहे हैं टेली मानस पर फोन कॉल्स

                 प्रमोद कुमार अग्रवाल

 आगरा, लखनऊ, वाराणसी और बरेली के लोग मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहे हैं। आक्रामकता, आत्म क्षति, अनिद्रा, नकारात्मक विचार और फोबिया सहित अन्य मानसिक विकारों से पीड़ित लोग नेशनल टेलीमेंटल हेल्थ प्रोग्राम के तहत संचालित टेली मानस पर फोन कॉल्स करके समाधान ढूंढ रहे हैं।
    बरेली के वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉक्टर आशीष कुमार के अनुसार गोरखपुर, बरेली, वाराणसी और आगरा में टेली मानस सेंटर कार्यरत हैं। यहां उत्तर प्रदेश भर से कॉल पहुंचती हैं। टेली मानस सेवा निशुल्क मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रदान करती है। सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि यह सेवा 24 घंटे सातों दिन सक्रिय रहती है। विशेषज्ञ और प्रशिक्षित काउंसलर टोल फ्री नंबर 14416 और 18008 914416 पर लोगों को मानसिक तनाव से निजात के लिए निशुल्क परामर्श देते हैं।
    नेशनल टेलीमेंटल हेल्थ प्रोग्राम के तहत संचालित टेली मानस काउंसलिंग ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में एक अप्रैल से 10 दिसंबर तक प्रदेश के 75 जिलों से 2, 07,486 कॉल्स आईं। इनमें सबसे अधिक कॉल 8,863 आगरा से रहीं। वहीं लखनऊ से 5,488, वाराणसी से 4,662, बरेली से 4,226 कॉल काउंसलिंग के लिए आईं। इसके अलावा फिरोजाबाद से 2,901, मुरादाबाद से 2,817, झांसी से 2,783 प्रयागराज से 2,773, बुलंदशहर से 2,726 और रामपुर से 2,406 कॉल्स आईं।
   ‌ रिपोर्ट के अनुसार मानसिक तनाव से निजात के लिए 55 प्रतिशत कॉल पुरुषों ने कीं, जबकि महिलाओं की संख्या 43 प्रतिशत रही। दो प्रतिशत लोगों ने कॉल कीं, लेकिन कोई भी पीड़ा साझा नहीं की। काउंसलिंग के लिए 76.9 प्रतिशत कॉल 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों ने कीं। इनमें बेरोजगारी, घरेलू विवाद, कार्य स्थल पर मानसिक तनाव के मामले रहे। इसके अलावा अवसाद और उदासी के 24.5 प्रतिशत, अति मानसिक तनाव के 18.98 प्रतिशत और अनिद्रा व बेचैनी के 12.47 प्रतिशत मामले रहे। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Important Orders of Supreme Court

  कृपया हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब, लाइक और शेयर कीजिए : प्रमोद कुमार अग्रवाल