आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालयों का ऑनलाइन डाटा भरवाया जा रहा है। इस बार विगत वर्षों के मुकाबले परीक्षा केंद्र कम करके एक परीक्षा केंद्र पर 2000 तक परीक्षार्थी बैठाने की तैयारी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष एक परीक्षा केंद्र पर अधिकतम 1200 परीक्षार्थी बैठाने का नियम था। अब 2000 परीक्षार्थी बैठाने की मंजूरी दी गई है। इससे परीक्षा केंद्रों की संख्या कम होना तय है। वर्ष 2024 में 171 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस साल इससे कम परीक्षा केंद्र होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि वित्तविहीन विद्यालयों में परीक्षाओं के दौरान नकल कराने के मामले ज्यादा आते हैं। इसलिए शासन राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाने का प्रयास करता है। शासन से परीक्षार्थियों की संख्या के बारे में आदेश आया है। इससे परीक्षा केंद्र कम होंगे। विवादित विद्यालयो को परीक्षा केंद्र बनाने की सूची से बाहर रखा जाएगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें