आगरा (प्रमोद कुमार अग्रवाल)। उत्तर प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान के अध्यापक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से प्रशिक्षित स्नातक यानि ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर बनने की योग्यता में संशोधन किया गया है। अब जीवविज्ञान और विज्ञान विषय में 45 प्रतिशत अंक लाने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन करने के लिए पात्र माना गया है। इससे पहले 50 प्रतिशत से कम अंक लाने वाले अभ्यर्थियों को अपात्र माना गया था।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नए आदेश जारी किए हैं।इसके अनुसार अब ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर के रिक्त पदों पर आवेदन करने के लिए विज्ञान में मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 45 प्रतिशत अंकों के साथ भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित विषय के साथ स्नातक या स्नातकोत्तर उपाधि तथा बीएड होना अनिवार्य कर दिया गया है। संशोधन के बाद ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर जीवविज्ञान में रसायन विज्ञान को भी शामिल कर लिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार पूर्व में केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते थे,जिन्होंने जंतु विज्ञान या वनस्पति विज्ञान से स्नातक किया हो। इसी प्रकार ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर विज्ञान की योग्यता में भी बदलाव किया गया है। अब गणित से स्नातक पास अभ्यर्थियों को भी विज्ञान के लिए आवेदन करने के लिए पात्र माना जाएगा। ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर जीवविज्ञान के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 45 प्रतिशत अंकों के साथ जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और रसायन विज्ञान के साथ स्नातक एवं राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएड होना अनिवार्य है। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें