प्रमोद कुमार अग्रवाल
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में एडवांस नवजात सघन चिकित्सा कक्ष (एनआईसीयू) तैयार हो गया है। इसमें शिशुओं को जन्मजात विकारों की सर्जरी के बाद विशेषज्ञों की निगरानी में रखा जाएगा, जिससे उनकी जान बचाई जा सके।
कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि शिशुओं की सर्जरी के बाद विभाग के पास अपना एनआईसीयू नहीं था। इनको बाल रोग विभाग में भर्ती करना पड़ता था। इससे अन्य परेशानी वाले शिशुओं का इलाज भी प्रभावित होता था। अब सर्जरी विभाग में 10 बेड का एडवांस एनआईसीयू तैयार किया गया है। इसमें वार्मर समेत अन्य जीवन रक्षक उपकरण लग गए हैं। वेंटीलेटर लगना बाकी है।
प्राचार्य ने बताया कि कुछ ही महीनो बाद 10 बेड और बढ़ा दिए जाएंगे। चिकित्सकों की नियुक्ति हो गई है। तकनीशियन और नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति भी की जा रही है। फरवरी के अंत तक एडवांस एनआईसीयू यूनिट तैयार हो जाएगी। इससे आसपास के जिलों के मरीजों के लिए बड़ी सुविधा होगी।
एडवांस एनआईसीयू के नोडल प्रभारी डॉक्टर राजेश गुप्ता ने बताया कि एसएन में शिशुओं के पेट, हृदय, किडनी, लिवर और जनन अंगों के जन्मजात विकारों की सर्जरी करने के बाद एनआईसीयू में भर्ती किया जाएगा। यहां विशेषज्ञों की निगरानी में 24 घंटे इलाज मिलेगा। (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें