आगरा शहर की सड़कों पर ई-रिक्शा की भरमार होने के कारण जाम लगने और सड़क दुर्घटनाएं होने को नियंत्रित करने के लिए पुलिस एवं परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा संचालन के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) बनाने का निर्णय लिया है। मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस और परिवहन विभाग से प्रस्ताव मांगा है।
मंडलायुक्त ने बताया कि शहर की लाइफ लाइन महात्मा गांधी रोड पर जाम की समस्या से निजात के लिए तीन पहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया था। लेकिन, प्रतिबंध का असर ज्यादा नहीं दिखाई दिया। इसलिए अब ऑटो और ई-रिक्शा के नाबालिग चालक प्रतिबंधित किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस और परिवहन विभाग को ई-रिक्शा व ऑटो रिक्शा के लिए रुट निर्धारित करने तथा इनके व्यवस्थित संचालन के लिए प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडलायुक्त ने बताया कि हिट एंड रन के मामलों में दुर्घटना के शिकार गैर जिलों व राज्यों के पीड़ितों की आर्थिक सहायता के लिए भी बीमा कंपनियों से प्रारूप मांगे गए हैं। परिवहन विभाग इस संबंध में बीमा कंपनियों से समन्वय करेगा। हिट एंड रन दुर्घटना के मामलों में मिलने वाले मुआवजे के बारे में लोगों को जागरूक करने के निर्देश पुलिस और परिवहन विभाग को दिए गए हैं।--प्रमोद कुमार अग्रवाल (न्यूज़लाइन ब्यूरो)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें